भाजपा का सेवा ही संगठन अभियान प्रारंभ चलेगा 15 जुलाई तक

76

–हिमांशु दुबे–

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी ने सेवा ही संगठन के संकल्प को लेकर आज से विभिन्न अभियान प्रारंभ किए। पार्टी राष्ट्रहित और समाज की सेवा को मूल धर्म मानकर निरंतर जनता के बीच है। कोरोना महामारी के आपदाकाल में भाजपा के एक-एक कार्यकर्ता का हर जरूरतमंद के साथ खड़े होकर सहायता पहुंचाने का कार्य अनवरत चल रहा है। स्वतंत्र देव सिंह एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल द्वारा 10 जून से 15 जुलाई तक विभिन्न सेवा कार्यों के माध्यम से जन सामान्य तक पहुंचने तथा जन जागरण करने की योजना तय की गई, जिसका क्रियान्वयन आज से प्रारंभ हुआ।

सभी 98 संगठनात्मक जिलों में अभियान को लेकर बैठके संपन्न हो चुकी है। पार्टी ने वैक्सीनेशन के लिए जागरूकता, पोस्ट कोविड सेंटर का संचालन, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को गोद लेकर विकसित करने का कार्य तथा प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी जन सामान्य तक पहुंचाकर उन्हें योजनाओं से लाभान्वित करने का ध्येय लेकर अभियान प्रारंभ किया है।

स्वतंत्र देव सिंह एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं का आहवान किया कि ‘सेवा ही संगठन’ के मूलमंत्र के साथ पार्टी कार्यकर्ता कोरोना टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए कार्य करे। उन्होंने कहा कि हमारे लिए गर्व व प्रशंसा का क्षण है कि देश के वैज्ञानिकों ने स्वदेशी टीका विकसित करके देश के निवासियों के जीवन रक्षा का मार्ग प्रशस्त किया है। इस वैक्सीनेशन अभियान की सफलता कोरोना के संपूर्ण उन्मूलन की आवश्यक कड़ी है।

भाजपा कार्यकर्ता जनता को टीकाकरण के प्रति जागरूक करने, उसकी प्रक्रिया से जोड़ने के लिए पूरी क्षमता के साथ अभियान चलाकर टीकाकरण के लिए लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का कार्य करेंगे।  इसके साथ ही जिलों में पोस्ट कोविड सेंटर के संचालन में चिकित्सकों को वार्ताकार बनाकर कोविड संक्रमण से नेगेटिव होने के बाद हुए दुष्प्रभावों के लिए चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने का कार्य प्रत्येक जिले में किया जाए।

इसके साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को गोद लेने तथा प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं पहुंचाने का भी काम करना है ताकि सरकार की योजनाएं जरूरतमंदों की जरूरत को पूरा करते हुए उनके चेहरे पर मुस्कान लाने का काम कर सकें। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में राज्य की भाजपा सरकार ने कोविड के खिलाफ अभियान में व्यापक सफलता प्राप्त करते हुए दूसरों के लिए आदर्श स्थापित किये है।

आपदा के दौर में जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की अगवाई में उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार जनता के संकट के समाधान में जुटी है वहीं भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा ही संगठन को मूलमंत्र मानकर अपनी पूरी क्षमता के साथ जन-जन की सेवा में लगा है।  यही विशेषता भाजपा के कार्यकर्ता को विशिष्ट बनाती है।
पार्टी के प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी सेवा ही संगठन अभियान के तहत वैक्सीनेशन के लिए जन जागरण करेगी।

पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि बूथ स्तर तक पहुंच कर सरकार द्वारा चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान के लिए लोगों को जागरूक करेंगे। इसके साथ ही युवा मोर्चा एवं आईटी सेल के कार्यकर्ता लोगों को टीकाकरण रजिस्ट्रेशन में सहायता भी उपलब्ध कराएंगे। टीकाकरण अभियान के प्रदेश प्रमुख प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला तथा प्रदेश मंत्री संजय राय रहेंगे।
श्री शुक्ल ने बताया कि अभियान के तहत जिलों में पोस्ट कोविड सेंटर का संचालन किया जाएगा।

पोस्ट कोविड सेंटर के माध्यम से कोरोना संक्रमण से नेगेटिव हुए लोगों में कमजोरी, शुगर, शरीर में दर्द या अन्य किसी भी प्रकार के दुष्प्रभावों के लिए चिकित्सीय परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। इस अभियान के प्रदेश प्रभारी प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता व प्रदेश मंत्री रामचंद्र कनौजिया रहेंगे।
इसके साथ ही पार्टी ने सांसदों, विधायकों, आयोगों-निगमों- बोर्डों के अध्यक्षों द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को गोद लेकर सक्षम स्वास्थ्य केंद्र बनाने का बड़ा अभियान भी हाथ में दिया है। इस अभियान से एनजीओ तथा अन्य सामाजिक संगठनों को भी जोड़कर अभियान को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। इस अभियान के प्रभारी प्रदेश महामंत्री प्रियंका रावत व प्रदेश मंत्री त्रयंबक नाथ त्रिपाठी को बनाया गया है। 

गोविंद नारायण शुक्ला ने बताया कि सेवा ही संगठन के तहत पार्टी के सांसद, विधायक, आयोगों-निगम-वार्डों के अध्यक्ष व सदस्य, पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजना की जानकारी लेकर जनता के दरबार में पहुंचेंगे तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों को मिले इसके लिए उनकी सहायता भी करेंगे। इस अभियान के प्रदेश प्रभारी प्रदेश महामंत्री अमरपाल मौर्य तथा प्रदेश मंत्री सुभाष यदुवंश बनाए गए हैं।