एम0एस0एम0ई0 सेक्टर की प्रगति से स्वरोजगार को मिला बढ़ावा

156
मुख्यमंत्री ने भाजपा, उ0प्र0 की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के समापन सत्र को सम्बोधित किया।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में कोरोना की पहली लहर को सफलतापूर्वक नियंत्रित करने के साथ ही कोरोना की दूसरी लहर में
कोविड नियंत्रण एवं प्रबन्धन के कार्य सफलतापूर्वक आगे बढ़ाए गये।
लोगों का जीवन एवं जीविका बचाने हेतु भाजपा के कार्यकर्ताओं ने सेवा ही संगठन है कार्यक्रम के माध्यम से खुद का बचाव करते हुए कोरोना
महामारी के दौरान लोगों की हर सम्भव मदद की।
त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2021 में भाजपा को मिली भारी सफलता के लिए कार्यसमिति को बधाई।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव सिद्ध करते हैं कि उ0प्र0 में भाजपा पंचायत से लेकर पार्लियामेन्ट तक एक मजबूत संगठनात्मक पहचान का प्रदर्शन करती है।
वर्ष 2022 के विधान सभा चुनाव के दृष्टिगत हमें विरोधी पार्टियों के कुत्सित प्रयासों से सजग रहना होगा।
भा0ज0पा0 के कार्यकर्ता जनता की सेवा के लिए इस दौरान सदैव उपलब्ध रहा।
राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर भाजपा के प्रत्येक नेता एवं कार्यकर्ता के लिए सदैव दल से बड़ा देश रहा।
लव जिहाद के खिलाफ हमारी सरकार ने विगत वर्ष सख्त कानून बनाया।
एम0एस0एम0ई0 सेक्टर की प्रगति से स्वरोजगार को बढ़ावा मिला।
प्रदेश में दशकों से लम्बित सिंचाई योजनाएं विगत 04 वर्षों में पूरी की गई।
सरकार द्वारा शुद्ध जल से अच्छे स्वास्थ्य का लक्ष्य सिद्ध किया जा रहा।
केन्द्र एवं प्रदेश की जनोपयोगी विकास योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने में भा0ज0पा0 के नेता एवं कार्यकर्ता सक्रिय रूप से कार्य करें।
अपने संकल्प पत्र के माध्यम से जनता से जो वादे किए थे, उनके एक-एक बिन्दु को हमने साकार किया।
भारतीय जनता पार्टी की सरकार एवं संगठन ने टीम भावना के साथ समस्त जनोपयोगी कार्यों को आगे बढ़ाने का कार्य किया।

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज यहां भारतीय जनता पार्टी, उ0प्र0 की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के समापन सत्र को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में कोरोना की पहली लहर को सफलतापूर्वक नियंत्रित करने के साथ ही कोरोना की दूसरी लहर मंे कोविड नियंत्रण एवं प्रबन्धन के कार्य सफलतापूर्वक आगे बढ़ाए गये।इस दौरान जीवन एवं जीविका को बचाने के भेदभाव रहित अभिनव कार्यक्रम संचालित किए गए। टेªस, टेस्ट, ट्रीट की रणनीति से कोरोना नियंत्रण के लिए आगे बढ़ा गया। कोरोना की शुरुआत में उत्तर प्रदेश में कोरोना टेस्ट करने की कोई सुविधा नहीं थी। आज उत्तर प्रदेश में प्रतिदिन 04 लाख से अधिक कोरोना टेस्ट किए जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश देश में 06 करोड़ से अधिक टेस्ट करने वाला देश का पहला राज्य है।जनप्रतिनिधि, शासन, प्रशासन, कोरोना वॉरियर्स सभी ने मिलकर सफलतापूर्वक कोरोना नियंत्रण के कार्य सम्पादित किए हैं। विशेषकर ग्राम पंचायतों एवं नगरीय क्षेत्रों में लगभग 72000 निगरानी समितियां कोरोना नियंत्रण में अभूतपूर्व कार्य कर रही हैं।

कोरोना कालखण्ड के दौरान प्रधानमंत्री गरीब कल्याण पैकेज के माध्यम से प्रधानमंत्री जी ने हर तबके का ख्याल रखा है। लोगों को राशन उपलब्ध कराने, 06 माह तक निःशुल्क रसोई गैस के सिलेण्डर प्रदान करने, प्रधानमंत्री जनधन योजना, निराश्रित महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगों के लिए पेंशन प्रदान करने जैसे इत्यादि जनहित के कार्य किए गए। आत्मनिर्भर भारत के तहत वोकल फॉर लोकल की अवधारणा पर ‘एक जनपद एक उत्पाद’ योजना द्वारा क्षेत्रीय उत्पादों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उत्तर प्रदेश में प्रवासी कामगारों/श्रमिकों को प्रदेश में ही रोजगार प्रदान करने के कार्य किए गए, जिस कारण कोरोना की द्वितीय लहर में हमें पलायन की समस्या से नहीं जूझना पड़ा। इस दौरान प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में सरकार एवं संगठन ने मिलकर लोगों के कल्याण के लिए कार्य किए। देश में सबसे बड़ी आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश ने कोविड प्रबन्धन का अपना एक मानक तय करने में सफलता अर्जित की है। हमें कोरोना महामारी के प्रति लगातार सजगता बरतनी होगी। लोगों का जीवन एवं जीविका बचाने हेतु भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सेवा ही संगठन है कार्यक्रम के माध्यम से खुद का बचाव करते हुए कोरोना महामारी के दौरान लोगों की हर सम्भव मदद की। इन्हीं सब सम्मिलित प्रयासों से कोरोना की द्वितीय लहर को सफलतापूर्वक नियंत्रित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2021 में भारतीय जनता पार्टी को मिली भारी सफलता के लिए कार्यसमिति को बधाई देते हुए कहा कि यह दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव था। 08 लाख 70 हजार से अधिक प्रतिनिधि चुने गये। सदी की सबसे बड़ी महामारी कोरोना के दौरान यह चुनाव शांतिपूर्ण सम्पन्न हुए। इन चुनावों में लगभग 7.50 लाख ग्राम पंचायत सदस्य, 58 हजार से अधिक ग्राम प्रधान, लगभग 77 हजार क्षेत्र पंचायत सदस्य तथा 3050 जिला पंचायत सदस्य चुने गये हैं। साथ ही, 825 ब्लॉक प्रमुख एवं 75 जिला पंचायत अध्यक्ष बने हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव सिद्ध करते हैं कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी पंचायत से लेकर पार्लियामेन्ट तक एक मजबूत संगठनात्मक पहचान का प्रदर्शन करती है। 08 लाख 70 हजार से अधिक नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को हमें अपने संगठन से लगातार जोड़े रहना होगा। ग्राम पंचायतों को विकास की धुरी बनाने के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के सपने को हमें साकार करते हुए आगे बढ़ना होगा। इन पंचायतों का विकास ही हमारी आगे की सफलता का सूत्र होगा। वर्ष 2022 के विधान सभा चुनाव के दृष्टिगत हमें विरोधी पार्टियों के कुत्सित प्रयासों से सजग रहना होगा। हमें लोगों से निरन्तर संवाद बनाते हुए पात्र व्यक्तियों तक प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का लाभ पहुंचाने में अपनी सम्भव मदद करनी होगी। कोरोना से बचाव हेतु वैक्सीन एक प्रभावी उपाय है। हम सभी को वैक्सीनेशन कार्यक्रम से जुड़कर लोगों को इससे जुड़ने के लिए प्रेरित करना चाहिए।

प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में देश में 02 स्वदेशी एवं प्रभावी वैक्सीन लोगों के लिए निःशुल्क उपलब्ध हैं। संगठन के कार्यकर्ताओं को वैक्सीन के बूथ से सक्रिय रूप से जुड़ना होगा। यह विपक्ष के दुष्प्रचारों एवं उसकी भूमिका का जवाब होगा। संकट के समय विपक्ष जनता के बीच नहीं था। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता जनता की सेवा के लिए इस दौरान सदैव उपलब्ध रहा।मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्येक नेता एवं कार्यकर्ता के लिए सदैव दल से बड़ा देश रहा है। मतांत्रण की आड़ में हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों एवं महत्वपूर्ण सुरक्षा केन्द्रों को निशाना बनाने की कुत्सित चेष्टा की गई है। मूकबधिर बच्चों को वाहक बनाकर उन्हें जिहादी उन्माद से भरकर अपनी ही व्यवस्था के खिलाफ भड़काकर सुरक्षा में सेंध की कोशिश की गई। उत्तर प्रदेश की सुरक्षा एजेंसियों ने जिस तरीके से देश के खिलाफ षडयंत्र रचने वाले आतंकी संगठनों को अपनी गिरफ्त में लिया, तब एक जिम्मेदार नेता द्वारा बयानबाजी की जा रही है कि हमें प्रदेश की शासन व्यवस्था एवं सुरक्षा एजेंसियों पर भरोसा नहीं है। यह विपक्ष की कुत्सित भावना को प्रदर्शित करता है।

सपा शासनकाल में प्रदेश के विभिन्न इलाकों में जो आतंकी घटनाएं घटी थीं, इनसे जुड़े आतंकवादियों के मुकदमों को वापस लेना, आगरा में पाकिस्तान के समर्थन में नारेबाजी करना उनकी कुत्सित मंशा को प्रकट करता है। यह चीजें यह प्रदर्शित करती हैं कि लोग वोट बैंक के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा को भी ताक में रखने से गुरेज नहीं कर रहे हैं। यह लोग राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों को संकीर्ण मानसिकता से देखते हैं। इनके प्रति हम सभी को सदैव सचेत रहना होगा। लव जिहाद के खिलाफ हमारी सरकार ने विगत वर्ष एक सख्त कानून बनाया है। हमें पूरी मजबूती के साथ अपने पक्ष को  इन कुत्सित विचारधाराओं के खिलाफ विभिन्न मंचों पर रखना होगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि याद कीजिए कि वर्ष 2014 से पूर्व देश की क्या हालत थी। गरीब सरकार के एजेण्डे में नहीं होता था। किसान लगातार आत्महत्या कर रहे थे। गांव विकास का एजेण्डा नहीं था। नौजवान, महिला सरकार के एजेण्डे का हिस्सा नहीं थे। ये केवल वोट बैंक के लिए सीमित हो जाते थे। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के कार्यकाल से गरीब, किसान, महिला, नौजवान के कल्याण एवं गांव के विकास के लिए विभिन्न योजनाएं बनीं, जिसका परिणाम पूरे देश के सामने है।
डी0बी0टी0 के माध्यम से आज एक क्लिक से लाभार्थी के खाते में पैसा भेजा जा रहा है। स्वच्छ भारत मिशन के अन्तर्गत सबको शौचालय, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सबको आवास, 01 करोड़ 38 लाख गरीब लोगों को निःशुल्क विद्युत कनेक्शन एवं एक समान विद्युत आपूर्ति प्रदान की जा रही है। आज प्रदेश में इण्टर स्टेट कनेक्टिविटी को 04 लेन के साथ जोड़ने की कवायद चल रही है। प्रदेश में एक्सप्रेस-वे के किनारे औद्योगिक क्लस्टर विकसित किए जा रहे हैं। आज कानून व्यवस्था की स्थिति मजबूत हुई है। जिसके परिणाम स्वरूप प्रदेश में निवेश की झड़ी लगी है। 03 लाख से अधिक का निजी निवेश प्रदेश में किया गया है, जिसके माध्यम से 1.5 करोड़ नौजवानों को रोजगार की प्राप्ति हुई है।

आज एम0एस0एम0ई0 सेक्टर की प्रगति से स्वरोजगार को बढ़ावा मिला है। प्रदेश में पारदर्शी तरीके से बिना भेदभाव के सरकारी नौकरियां प्रदान की जा रही हैं। आज यह बदलाव लोग महसूस कर रहे हैं। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना व अन्य योजनाओं के माध्यम से कृषकों की आय में वृद्धि के निरन्तर प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश के गन्ना किसानों को 01 लाख 40 हजार करोड़ रुपये तथा वर्तमान सीजन का 74 प्रतिशत भुगतान किया जा चुका है।प्रदेश में दशकों से लम्बित सिंचाई योजनाएं विगत 04 वर्षों में पूरी की गई हैं, जिनका लाभ विशेषकर बुन्देलखण्ड क्षेत्र के कृषक आज प्राप्त कर रहे हैं। प्रदेश में 22 लाख हेक्टेयर अतिरिक्त सिंचन क्षमता सृजित करने जा रहे हैं। बुन्देलखण्ड एवं विन्ध्य क्षेत्र में हर घर नल योजना के माध्यम से आज शुद्ध पेयजल की उपलब्धता के प्रयास किए गए हैं। सरकार द्वारा शुद्ध जल से अच्छे स्वास्थ्य का लक्ष्य सिद्ध किया जा रहा है। ग्राम स्वराज्य को प्रोत्साहित करने हेतु विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के माध्यम से श्रमिक भाइयों के कल्याण के कार्य किए जा रहे हैं।

सरकार ने नकलविहीन परीक्षा, नये विश्वविद्यालयों की स्थापना, अभ्युदय योजना इत्यादि द्वारा शिक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। सरकार द्वारा विगत 04 वर्षों में प्रदेश में 30 नये मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जा रही है, जिससे प्रदेश की स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा व्यवस्था सुदृढ़ होगी। काशी विश्वनाथ धाम, ब्रज तीर्थ विकास परिषद के माध्यम से मथुरा, वृन्दावन, गोवर्धन क्षेत्र का विकास, माँ विन्ध्यवासिनी, चित्रकूट तथा श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या क्षेत्र का विकास कर कला, संस्कृति, अध्यात्म एवं आधुनिक विकास का समन्वित प्रयास सरकार द्वारा किया जा रहा है।

उत्तर प्रदेश की ब्राण्डिंग का असर प्रत्येक क्षेत्र पर पड़ा है। यहां के पर्यटन पर, प्रति व्यक्ति आय पर पड़ा है। ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस में 2014 में प्रदेश 14वें स्थान पर था। अब यह दूसरे स्थान पर आ गया है। आने वाले समय में यह प्रदेश ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में प्रथम स्थान पर होगा। निवेश के आकर्षक गंतव्य के रूप में पहुंचाने के साथ ही यहां की प्रति व्यक्ति आय को भी बढ़ाना है।आजादी के बाद विपक्षी दलों ने क्या किया, यह सवाल इन लोगों से पूछा जाना चाहिए। विगत चार वर्षों में सरकार के सक्रिय प्रयासों से प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय में निरन्तर बढ़ोत्तरी हुई है। नागरिक गरिमा एवं सुरक्षा के प्रयास फलीभूत हो रहे हैं। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना द्वारा बालिकाओं के उत्तम लालन-पालन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य एवं उनके विवाह में मदद सरकार द्वारा की जा रही है।

 प्रदेश के विकास हेतु भ्रष्टाचार, अवरोधक घटकों एवं माफिया राज का नाश किया जा रहा है। लगभग 1200 करोड़ रुपये की सम्पत्ति अब तक जब्त की जा चुकी है। देश की विभिन्न विकास योजनाओं में उत्तर प्रदेश आज सर्वोच्च स्थान पर है। केन्द्र एवं प्रदेश की जनोपयोगी विकास योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने में भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता सक्रिय रूप से कार्य करें। हमें बूथ स्तर पर जन संवाद करते हुए लोगों के सुख-दुःख का भागीदार बनना होगा तभी हम जनसेवा के लक्ष्य को प्राप्त कर पाएंगे।

हमें मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यक्रम को सजगता से क्रियान्वित करना होगा। बेहतर बूथ प्रबन्धन के लिए कार्य करना होगा। हमने अपने संकल्प पत्र के माध्यम से जनता से जो वादे किए थे, उनके एक-एक बिन्दु को हमने साकार किया है। गरीब कल्याण, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना, शिक्षा, रोजगार, कृषक कल्याण, महिला सशक्तीकरण, कानून व्यवस्था एवं आस्था, मूल्यों एवं आदर्शों को आगे बढ़ाने का कार्यक्रम जैसे विभिन्न जन हितैषी कार्यों को विगत 04 वर्षों में सरकार ने सफलतापूर्वक सम्पादित किए हैं। भारतीय जनता पार्टी की सरकार एवं संगठन ने टीम भावना के साथ समस्त जनोपयोगी कार्यों को आगे बढ़ाने का कार्य किया है।