कांग्रेस मुख्यालय में हर्षोल्लास से मनाया गया गणतंत्र दिवस

115

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में हर्षोल्लास एवं परम्परागत तरीके से मनाया गया गणतंत्र दिवस। उत्तर प्रदेश कंाग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री अजय कुमार लल्लू ने ध्वज फहराकर दी राष्ट्रीय ध्वज को दी सलामी।

लखनऊ – उ0प्र0 कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में आज 72वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर परम्परागत तरीके से गणतंत्र दिवस मनाया गया। सर्वप्रथम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू द्वारा ध्वज फहराकर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गयी। इस मौके पर ध्वजरक्षक के रूप में मौजूद सेवादल के मुख्य संगठक डा0 प्रमोद कुमार पाण्डेय ने सेवादल के परम्परागत पोशाक में कंाग्रेस अध्यक्ष श्री अजय कुमार लल्लू, कांग्रेस विधान परिषद दल की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’, राष्ट्रीय सचिव सचिन नाईक एवं बाजीराव खाड़े, विधायक नरैश सैनी, सोहैल अंसारी एवं मसूद अख्तर, एवं पूर्व सांसद जितेन्द्र सिंह आदि वरिष्ठ नेताओं को कदमताल करते हुए ध्वज स्थल तक लाकर गणतंत्र दिवस की बधाई दी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने राष्ट्रध्वज फहराकर उपस्थित सैंकड़ों की संख्या में कांग्रेसजनों को सम्बोधित करते हुए प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि की कामना की। उन्होने अपने संबोधन में कहा कि आज का दिन बहुत ही गर्व का दिन है। असंख्य ज्ञात-अज्ञात अमर शहीदों की कुर्बानियों और बलिदान के बाद यह देश आजाद हुआ था और उसके बाद इस देश में आज के ही दिन हमारा संविधान लागू हुआ था।उन्होने कहा कि आज पूरा देश हर्षोल्लास के साथ गणतंत्र दिवस मना रहा है लेकिन देश का अन्नदाता किसान दुःखी हैै लगभग 60 दिनों में 125 से ज्यादा किसानों ने शहादत दी है। उनकी मांग है कि तीनों काले कृषि कानून रद्द किये जाएं। लेकिन निरंकुश और तानाशाह सरकार अनसुनी कर रही है। हमारे नेता आदरणीय श्री राहुल गाधी जी ने सबसे पहले इस मुद्दे को सदन और मीडिया में उठाया और पंजाब व हरियाणा में ट्रैक्टर यात्रा करके इन काले कृषि कानून के खिलाफ आवाज उठायी। कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पूरे देश में इस काले कानून का विरोध किया।

उ0प्र0 में 2 हजार से ज्यादा कार्यकर्ता जेल गये और 7 हजार से ज्यादा कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमें लादे गये। आज न सिर्फ किसान आन्दोलनरत है बल्कि युवा, छात्र, महिलाएं समाज का हर वर्ग परेशान है। पिछले 45 सालों में बेरोजगारी अपने चरम पर है। महिला अपराधों में उ0प्र0 टाप पर है। सभी भर्तियां भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी हैं। संविधान ने हमें सरकार की गलत नीतियों का विरोध करने का अधिकार दिया है लेकिन आज भाजपा की सरकार दमन के बल पर हर विरोध को कुचलने का काम कर रही है।

उन्होने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में किसानों की आवाज को दबने नहीं देगी और किसी भी दमन का सामना करने के लिए तैयार है परिणाम चाहे जो भी हो। अंत में उन्होने सभी प्रदेशवासियों और कांग्रेसजनों को गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए कहा कि आज हम सबको शपथ लेनी चाहिए कि हम अपने संविधान, अपने देश और लेाकतंत्र को मजबूत करने के लिए जो भी कुर्बानी देनी होगी उसके लिए तैयार हैं।

इस मौके पर पिछले दिनों प्रदेश की योगी सरकार की दमनात्मक कार्यवाही में जेल गये लखनऊ के 48 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को फूल-माला पहनाकर और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया।