जय श्रीराम, जय घोष के साथ निकली मनकामेश्वर से प्रभात फेरी

218

रौशन हुए पांच हजार राम नामी दीपक
लखनऊ, मनकामेश्वर वार्ड का नजारा बुधवार को अयोध्यामय दिखा। अयोध्या में भव्य राम मंदिर के लिए आयोजित हो रहे भूमि पूजन समारोह के उपलक्ष्य में डालीगंज स्थित प्रतिष्ठित मनकामेश्वर मठ-मंदिर से दिव्या राम प्रभात फेरी निकाली गई। मठ-मंदिर की महंत देव्यागिरी की अगुआई में प्रभात फेरी मर्यादा पुरुषोत्तम राम, लक्ष्मण के साथ निकाली गई। इस प्रभात फेरी में जय श्रीराम का जयघोष करते बच्चों से लेकर महिलाओं तक का उत्साह देखते ही बना। इसके साथ ही पांच हजार राम नामी दीपक भी मंदिर परिसर में पूजन अर्चन के बाद प्रज्वलित किये गए। दीपमालाओं की सहायता से उकेरी गई राम की आलौकिक छवि ने इस प्रकाश अनुष्ठान को भव्यता प्रदान की।



जगह-जगह हुआ अयोध्यापति राम का स्वागत


मनकामेश्वर मठ मंदिर में मंगलवार से ही तैयारियां शुरू हो गई थीं। वहां परिसर में राम की छवि वाली सतरंगी रंगोली तैयार की गई थी। उसके साथ मंगल कलश और जयश्रीराम लिख कर संध्या काल में दीपक रौशन किये गए। इस क्रम में महंत देव्यागिरी ने श्रीराम सतरंगी दीप रंगोली का पूजन अक्षत, रोली पुष्प अर्पित कर किया। इस क्रम में बुधवार को सुबह से ही भक्त प्रभात फेरी के लिए पारंपरिक वेशभूषा में मंदिर पहुंचने लगे।

मंदिर में आरती पूजन के बाद प्रभात फेरी ने मनकामेश्वर मठ मंदिर की महंत देव्यागिरी की अगुआई में मनकामेश्वर वार्ड में परिक्रमा की। हवा में लहराते ध्वज पताकाओं ने भक्तों के उल्लास को प्रकट किया। यही नहीं जहां-जहां से प्रभात फेरी गुजरी वहां-वहां भक्तों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। पधारो अयोध्या रूपी हृदय में प्रभु राम की भावना से भक्तों ने जगह-जगह अपने आराध्य राम की आरती उतारी और उनका आशीर्वाद हासिल किया। दूसरी ओर युवा सेल्फी विद प्रभु राम लेने में भी पीछे न रहे। सुबह छह बजे से शुरू हुए इस आयोजन में रीतू गिरी, गौरा गिरी, कल्याणी गिरी, उपमा पाण्डेय, मानसी, सपना, मुकेश अमन, पूजा मिश्रा, अंकुर पाण्डेय के संयोजन में सेवादारों ने घाट पर पहुंच कर भी पूजन अर्चन किया। प्रशासनिक निर्देशों का पालन करते हुए भक्तों प्रभात फेरी को भव्य रूप नहीं दिया गया। था।


श्रीराम आकृति वाले दीपमालाओं ने रौशन की राम की आलौकिक छवि


पांच सौ साल के लम्बे इंतजार के बाद श्रीराम की जन्म भूमि अयोध्या पर विश्व नायक राम के भव्य मंदिर के लिए अयोध्या में भूमि पूजन समारोह का उत्साह स्थानीय लोगों के चेहरों पर बुधवार को साफ झलक रहा था। मनकामेश्वर मठ परिसर में बने मर्यादा पुरुषोत्तम राम, लक्ष्मण, माता सीता और हनुमान मंदिर के पूजन के बाद भक्तों ने राम नाम लिखे दीपकों को रौशन किया। झिलमिलाते हजारों दीपकों से पूरा परिसर ही स्वर्णिम आभा से सराबोर हो गया। इस बहु प्रतीक्षित पल में अयोध्या राम मंदिर निर्माण आन्दोलन में शहीद हुए राम भक्तों को नमन भी किया गया। सबसे खास बात रही हजारों दीपकों से साकार की गई राम की आलौकिक छवि। इस अवसर पर मंदिर परिसर की ओर से प्रसाद का भी वितरण किया गया। महंत दिव्यागिरी ने इस अवसर पर लोगों को प्रभु की भक्ति में रमने का संदेश भी दिया।