नये युवा मतदाताओं और महिलाओं को विशेषतः संगठन से जोड़ा जाए- प्रियंका गांधी

118

 आगामी सात माह का सघर्ष यूपी कांग्रेस के शानदार भविष्य के लिए महत्वपूर्ण व निर्णायक।
 यूपी कांग्रेस अपने दमखम और मजबूत संगठन के साथ ब्लाक और न्याय स्तर पर आंदोलन को तैयार।  
 नये युवा मतदाताओं और महिलाओं को विशेषतः संगठन से जोड़ा जाए।

विकास श्रीवास्तव 

लखनऊ । कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने तीन दिवसीय दौरे के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों, पूर्व सांसद, विधायकों, फ्रंटल संगठन के पदाधिकारियों से मुलाकात में यह बात स्पष्ट कर दिया है कि उत्तर प्रदेश में आगामी चुनाव को लेकर सभी महत्वपूर्ण फैसलों में सांगठनिक महत्व हर हाल मे अनिवार्य होगा। इसके साथ ही श्रीमती गांधी ने हर मीटिंग में स्पष्ट किया कि आगामी सात महीनें यूपी कांग्रेस के शानदार भविष्य के लिए अत्यन्त महत्वपूर्ण और निर्णायक होने वाले हैं। अब कांग्रेसजनों को खुद के राजनैतिक स्वाभिमान और सम्मान के लिए कमर कसते हुए जन आंदोलन की पहचान के साथ संगठन खड़ा करते हुए सरकार की जन विरोधी नीतियों का मुखर विरोध करना होगा।

श्रीमती गांधी ने कहा कि पार्टी अपने दमखम और मजबूत संगठन के साथ बेतहाशा मंहगाई, प्रदेश में बेकाबू हो रही बेरोजगारी, खेत मजदूरों, मझोले किसानों की दुर्दशा और प्रदेश में बढ़ रही महिला हिंसा, अपराध और सरकारी भ्रष्टाचार को प्रमुखता से मुद्दा बनाकर व्यापक रणनीति के साथ प्रदेश के समस्त ब्लाकों और न्याय पंचायतों पर लड़ाई लड़ने जा रही है, जिसका सारा खाका तैयार है।

 

प्रियंका ने  कहा कि पिछले डेढ़ साल में कांग्रेस से बड़ी संख्या में लोग जुड़े हैं। संगठन मजबूत हुआ है। जो संगठन हमने बनाया है, उसकी भाग्यरेखा आपके हाथों में है। अगर एकजुट होकर जी-जान से अगले सात महीने हमने काम किया तो विधानसभा चुनाव में अच्छे नतीजे मिलेंगे। 2019 के बाद जहां भी संघर्ष हुए या आम जन परेशानी में पड़े, कांग्रेस कार्यकर्ता सबसे पहले पीड़ितों के पक्ष में खड़ा हुआ। कांग्रेस के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने कोरोना में जरूरतमंदों तक सबसे पहले व सबसे ज्यादा मदद पहुंचाई।

उन्होंने कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि प्रदेश में कांग्रेस अपनी मजबूत विचारधारा के सिपाहियों के दम पर आगामी विधानसभा चुनाव में बहुत ही शानदार प्रदर्शन करने जा रही है। श्रीमती गांधी ने कहा कि असली लड़ाई बूथ पर है, इसलिए प्रदेश की आगामी विधान सभा चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं को सबसे पहले अपने क्षेत्र में बूथ स्तर पर मजबूत संगठन तैयार करना होगा। इसके साथ ही क्षेत्रीय मुद्दों के अलावा प्रदेश नेतृत्व द्वारा दिये जा रहे कार्यक्रमों और आंदोलन को लेकर बूथ स्तर पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं की मजबूत सेना तैयार करनी होगी।

प्रियंका ने आह्वान किया कि पार्टी कार्यकर्ता जनता के मुद्दों, संघर्ष व भावनाओं से जुड़ें। नए लोगों को संगठन से जोड़ें, पर पुराने और वरिष्ठ लोगों को साथ लेकर चलें, तभी संगठन मजबूत होगा। यूपी में पार्टी संगठन में आप सब नई ऊर्जा लाए हैं। आपके कारण ही कांग्रेस चर्चा में आई है।

श्रीमती गांधी ने कांग्रेस पार्टी के पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों और पूर्व जिलाध्यक्षों को सम्बोधित करते हुए आवश्यक निर्देश दिए कि संगठन निर्माण की व्यापक चर्चा में उनके अनुभव को शामिल करने साथ ही मौजूदा युवा कार्यकर्ताओं, नेताओं के जोश को भी आधार बनाकर संगठन के निर्माण और संघर्ष की प्रक्रिया को अब और गति प्रदान करने की जरूरत है। इसके साथ ही विशेषतः नये युवा मतदाताओं और महिलाओं को विशेषतः संगठन से जोड़ने की मुहिम तेज करनी होगी। उन्होंने कहा कि जन मुद्दों पर अब अक्रामक रणनीति अपनाने का उचित समय आ गया है।