मुख्यमंत्री ने 74वें स्वतंत्रता दिवस के पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं

112


यह राष्ट्रीय पर्व हमें अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता।राज्य सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास एवं सबका विश्वास’ तथा आत्मनिर्भर भारत बनाने की अवधारणा को अंगीकृत करते हुए उ0प्र0 को स्वच्छ, स्वस्थ, समर्थ तथा सर्वाेत्तम प्रदेश बनाने के लिए कटिबद्ध।मुख्यमंत्री ने कोविड-19 से बचाव हेतु भारत सरकार एवं प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करते हुए स्वाधीनता दिवस समारोह-2020 को परम्परागत सादगी एवं हर्षाेल्लास से मनाने की अपील की।


लखनऊ, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 74वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। यहां जारी एक बधाई संदेश में मुख्यमंत्री जी ने कहा है कि यह राष्ट्रीय पर्व हमें अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें आत्मचिन्तन करने तथा महान देशभक्तों के सपनों एवं लक्ष्यों को प्राप्त करने की प्रतिबद्धता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने देश की आजादी के लिए बलिदान होने वालों को नमन करते हुए कहा कि ऐसे वीर सपूतों को सदैव याद रखा जाएगा।
     मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास एवं सबका विश्वास’ तथा आत्मनिर्भर भारत बनाने की अवधारणा को अंगीकृत करते हुए उत्तर प्रदेश को स्वच्छ, स्वस्थ, समर्थ तथा सर्वाेत्तम प्रदेश बनाने के लिए कटिबद्ध है। राज्य सरकार समाज के सभी वर्गाें विशेष रूप से किसानों, गरीबों, वंचितों, शोषितों एवं उपेक्षित वर्ग के साथ-साथ प्रदेश की जनता की खुशहाली के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है। केन्द्र सरकार एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के सभी जरूरतमन्दों को मिल रहा है।
     मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में पूरा विश्व वैश्विक महामारी कोविड-19 से जूझ रहा है। प्रदेश सरकार कोविड-19 के संक्रमण से निपटने के साथ-साथ रचनात्मक कार्यक्रमों तथा विकास गतिविधियों को तेजी से संचालित कर रही है। कोविड-19 से बचाव हेतु भारत सरकार एवं प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करते हुए स्वाधीनता दिवस समारोह-2020 को परम्परागत सादगी एवं हर्षाेल्लास से मनाने की अपील की है।

प्रदेश की जनता के नाम मुख्यमंत्री के संदेश का प्रसारण कल 15 अगस्त को दूरदर्शन व आकाशवाणी पर,दूरदर्शन पर प्रसारण प्रातः 09ः00 बजे व आकाशवाणी पर सांयकाल 07ः30 बजे

     स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी का प्रदेश की जनता के नाम संदेश 15 अगस्त, 2020 को दूरदर्शन व आकाशवाणी पर प्रसारित होगा।
     दूरदर्शन उत्तर प्रदेश से मुख्यमंत्री जी का संदेश 15 अगस्त, 2020 को प्रातः 09ः00 बजे प्रसारित किया जाएगा। इसे प्रदेश के सभी दूरदर्शन केन्द्र रिले करेंगे।
आकाशवाणी लखनऊ पर मुख्यमंत्री जी का संदेश सांयकाल 07ः30 बजे प्रसारित किया जाएगा। यह संदेश प्राइमरी चैनल तथा ए0आई0आर0 एफ0एम0 रेनबो पर सुना जा सकेगा। इसे प्रदेश स्थित आकाशवाणी के सभी केन्द्र रिले करेंगे।