विश्वविद्यालय की स्थापना शीघ्रातिशीघ्र की जाए: मुख्यमंत्री

89

मुख्यमंत्री के समक्ष उ0प्र0 पुलिस एवं फाॅरेंसिक साइंस विश्वविद्यालय के सम्बन्ध में प्रस्तुतीकरण।प्रदेश में कानून का राज स्थापित करते हुए अपराध पर नियंत्रण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल।न्यायालयों में दायर विभिन्न प्रकार के वादों के निस्तारण में फाॅरेंसिक रिपोर्ट की महत्वपूर्ण भूमिका।मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारम्भ कर संचालित करने के निर्देश दिए।


लखनऊ,  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष आज उनके सरकारी आवास पर उ0प्र0 पुलिस एवं फाॅरेंसिक साइंस विश्वविद्यालय के सम्बन्ध में प्रस्तुतीकरण किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने कहा कि इस विश्वविद्यालय की स्थापना शीघ्रातिशीघ्र की जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित करते हुए अपराध पर नियंत्रण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

     मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि न्यायालयों में दायर विभिन्न प्रकार के वादों के निस्तारण में फाॅरेंसिक रिपोर्ट की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। प्रदेश में विधि विज्ञान के क्षेत्र में दक्ष लोगों की उपलब्धता तथा फाॅरेंसिक साइंस में उच्चस्तरीय शोध के उद्देश्य से राज्य सरकार उ0प्र0 पुलिस एवं फाॅरेंसिक साइंस विश्वविद्यालय की स्थापना कर रही है।

   प्रस्तुतीकरण के दौरान मुख्यमंत्री जी को उ0प्र0 पुलिस एवं फाॅरेंसिक साइंस विश्वविद्यालय के गठन, इसके लिए भूमि के आवंटन, बजट के आगणन, विश्वविद्यालय के संचालनार्थ पदों के सृजन, विश्वविद्यालय में प्रस्तावित विभागों, कुल प्रस्तावित पदों, उ0प्र0 पुलिस एवं फाॅरेंसिक साइंस विश्वविद्यालय एवं डाॅ0 ए0पी0जे0 अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय के बीच एम0ओ0यू0 इत्यादि के विषय में विस्तार से जानकारी दी गई।

   मुख्यमंत्री जी ने जनपद लखनऊ की सरोजनीनगर तहसील में पुलिस प्रशिक्षण संस्थान के नाम दर्ज 57.549 हे0 भूमि में से इस विश्वविद्यालय के लिए 50 एकड़ भूमि की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारम्भ कर संचालित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी, पुलिस महानिदेशक हितेश सी0 अवस्थी, अपर मुख्य सचिव वित्त संजीव मित्तल, अपर मुख्य सचिव व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास श्रीमती एस0 राधा चैहान, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री एस0पी0 गोयल, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एवं सूचना संजय प्रसाद सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।