[responsivevoice_button voice=”Hindi Female” buttontext=”इस समाचार को सुने”]

जनपद के विकास से सम्बन्धित लगभग 488 करोड़ रु0 की 88 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास।‘एक जनपद, एक उत्पाद योजना’ में जनपद आगरा के मार्बल व लेदर आइटम ने अपना एक स्थान बनाया।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक/चाभी तथा विद्यार्थियों को टैबलेट/स्मार्टफोन प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के स्टॉल पर दिव्यांगजन को ट्राईसाइकिल प्रदान की। आगरा एक स्मार्ट और औद्योगिक सिटी के रूप में विकसित हो रहा। डबल इंजन की सरकार न केवल विकास के लिए बल्कि आमजन की सुविधा के लिए पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रही। जनपद आगरा में बुलेट की स्पीड से बढ़ने वाली विकास की रफ्तार में किसी भी प्रकार के बैरियर नहीं आने देने के संकल्प के साथ कार्य करना है। आगरा के म्यूजियम को छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम पर समर्पित किया गया। आगरा में मेट्रो रेल का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर चल रहा, अगले एक वर्ष में आगरावासियों को मेट्रो रेल की सुविधा मिलने जा रही। राज्य सरकार ने तय किया कि आई0टी0 व इलेक्ट्रॉनिक्स से जुड़े जितने भी उद्योग लगेंगे, उसमें जनपद आगरा व उसके आसपास के क्षेत्र को प्राथमिकता मिलेगी।

आगरा/लखनऊ। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 05 लाभार्थियों को आवास की प्रतीकात्मक चाभी, पी0एम0 स्वनिधि योजना एवं एक जनपद एक उत्पाद योजना के 05-05 लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक तथा स्वामी विवेकानन्द युवा सशक्तीकरण योजना के 05 लाभार्थियों को टैबलेट/स्मार्टफोन प्रदान किए। योगी आदित्यनाथ ने आज जनपद आगरा में आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन के अवसर पर जनपद के विकास से सम्बन्धित लगभग 488 करोड़ रुपये की लागत की कुल 88 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें लगभग 268 करोड़ रुपये की 17 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा लगभग 220 करोड़ रुपये की 71 परियोजनाओं का शिलान्यास सम्मिलित है। मुख्यमंत्री ने प्रांगण में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया। उनके द्वारा स्मार्ट सिटी परियोजना, माइक्रो स्किल डेवलेपमेण्ट सेण्टर, नगर निगम आगरा, जिला उद्योग एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना, जिला सूचना कार्यालय, उद्यान एवं प्रसंस्करण विभाग तथा दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के स्टॉलों का अवलोकन किया गया। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के स्टॉल पर मुख्यमंत्री जी ने 03 दिव्यांगजन को ट्राईसाइकिल प्रदान की।


मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार न केवल विकास के लिए बल्कि आमजन की सुविधा के लिए पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रही है। जनपद आगरा में बुलेट की स्पीड से बढ़ने वाली विकास की रफ्तार में किसी भी प्रकार के बैरियर नहीं आने देने के संकल्प के साथ कार्य करना है। जनपद आगरा प्रधानमंत्री आवास योजना में देश में प्रथम स्थान पर है। पी0एम0 स्वनिधि योजना के तहत अब स्ट्रीट वेण्डर्स को ऋण की सुविधा प्रदान की जा रही है। गरीबों को निःशुल्क विद्युत कनेक्शन, रसोई गैस कनेक्शन, शौचालय आदि की सुविधा दी जा रही है। कोई सोचता भी नहीं था कि गरीबों को यह सुविधाएं मिलेंगी। आगरा को शुद्ध गंगाजल मिलेगा, मेट्रो रेल की सुविधा मिलेगी। विपत्ति के समय भी सरकार लोगों के साथ खड़ी रही। कोविड काल खण्ड में निःशुल्क टेस्ट, उपचार, वैक्सीन प्रदान करने के साथ ही हर गरीब को माह में 02 बार राशन की सुविधा प्रदान की गयी। यह सरकार की संवेदनशीलता को प्रमाणित करता है।


आगरा अपनी पौराणिक पहचान को फिर से स्थापित कर रहा है। वर्ष 2014 से पूर्व देश में अराजकता की स्थिति थी। आज देश में विश्वास का माहौल पैदा हुआ है। भारत एक बार फिर से दुनिया में जिस तरह से आगे बढ़ रहा है, आजादी का अमृत महोत्सव उसका उदाहरण है। आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष पर इससे बड़ा सौभाग्य क्या हो सकता है कि जिस ब्रिटेन ने 200 वर्षाें तक भारत पर शासन किया था, उसी ब्रिटेन को पछाड़कर आज भारत दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है। दुनिया के 20 बड़े देश, जिनका दुनिया के 80 प्रतिशत संसाधनांे पर अधिकार है। अगले एक वर्ष तक उनका नेतृत्व भारत करेगा। प्रत्येक भारतवासी को इस उपलब्धि पर गौरव की अनुभूति करनी चाहिए। वैश्विक मंच पर हो रहा भारत का उदय किसी से छिपा नहीं है।


विगत 05 वर्षाें में उत्तर प्रदेश की बदलती हुई तस्वीर आप सभी ने देखी है। आगरा आज स्मार्ट सिटी के रूप में नये प्रतिमान स्थापित कर रहा है। आगरा के म्यूजियम को छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम पर समर्पित किया गया है। आगरा में पब्लिक ट्रांसपोर्ट की अत्याधुनिक सुविधा मेट्रो रेल का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है, अगले एक वर्ष में आगरावासियों को मेट्रो रेल की सुविधा मिलने जा रही है। आगरावासियों को मिलने वाली मेट्रो रेल की सुविधा आगरा को एक नयी पहचान दिलाएगी। जनपद आगरा वर्ष 2017 से पहले सबसे गन्दे शहरों में गिना जाता था। प्रदूषण की समस्या के दृष्टिगत मा0 सर्वोच्च न्यायालय ने जनपद को टी0टी0जेड0 के दायरे में लाने की कार्यवाही को आगे बढ़ाया है। ऐसी परिस्थिति में राज्य सरकार द्वारा यह तय किया गया कि आई0टी0 व इलेक्ट्रॉनिक्स से जुड़े जितने भी उद्योग लगेंगे, उसमें जनपद आगरा व उसके आसपास के क्षेत्र को प्राथमिकता मिलेगी। इससे हजारों नौजवानों को नौकरी व रोजगार प्राप्त होगा। इसके माध्यम से आगरा को एक बार फिर से आगे बढ़ने व नयी सुविधाओं को आगे बढ़ाने की कार्यवाही के लिए भी एक मंच प्राप्त होगा।


देश के प्रमुख शहरों के लिए आगरा से वायु सेवा प्रारम्भ हो चुकी है। इसको और अच्छा बनाने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है। यमुना को प्रदूषण से मुक्त करके अविरल व निर्मल बनाने की कार्यवाही की जा रही है। हर घर नल की कल्पना आज साकार होते हुए दिखायी दे रही है। यह प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन तथा केन्द्र व राज्य सरकार के मिलकर विकास कार्य को डबल इंजन की स्पीड से आगे बढ़ाने से सम्भव हुआ है। आगरा ने एक स्वच्छ शहर, स्मार्ट सिटी, सुरक्षित सिटी के रूप में स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय की संस्थाएं जब विकास कार्याें में योगदान देने लगती हैं, सकारात्मक भाव से कार्य करने लगती हैं और प्रबुद्धजनों का सान्निध्य व समर्थन प्राप्त होता है, तो उसके वैसे ही परिणाम मिलते हैं, जैसे आज आगरा में दिखायी दे रहे हैं।


मुख्यमंत्री ने आगरावासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जनपद के नागरिक जो पात्रता की श्रेणी में आते हैं, जिन्हें आवास नहीं मिला है, प्रदेश सरकार उन्हें आवास उपलब्ध कराएगी। केन्द्र व राज्य सरकार, प्रदेश में ईज ऑफ डुइंग बिजनेस को और भी बेहतर करने के लिए मिलकर कार्य कर रही हैं। ‘एक जनपद, एक उत्पाद योजना’ में जनपद आगरा के मार्बल व लेदर आइटम ने अपना एक स्थान बनाया है। इस प्रक्रिया को और तेजी के साथ आगे बढ़ाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। इसलिए सभी विकास की इस प्रक्रिया के साथ जुड़ें। प्रदेश सरकार 10 से 12 फरवरी, 2023 को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ‘यू0पी0 ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट’ का आयोजन कर रही है। उन्होंने कहा कि देश के विकास के लिए उत्तर प्रदेश को देश की इकोनॉमी ग्रोथ इंजन बनना ही पड़ेगा। इसके लिए विगत 05 वर्ष में प्रदेश में सुरक्षा का बेहतर वातावरण पैदा किया गया है। माफिया, अपराधी, पेशेवर संगठित अपराधी जो पहले सत्ता के साथ मिलकर गरीबों, व्यापारियों, उद्यमियों को परेशान करते थे। आज उन माफियाओं व अपराधियों पर प्रदेश की पुलिस कड़ी कार्रवाई कर रही है।


आगरा के सभी उद्यमियों, व्यापारी व प्रबुद्धजनों से कहा कि वे अधिक से अधिक निवेश आगरा व उसके आसपास के क्षेत्र में करने के लिए लोगों को तैयार करें। राज्य सरकार विभिन्न व्यवसायों को शासन से मिलने वाले प्रोत्साहनों को भी ऑनलाइन पोर्टल से जोड़ने जा रही है। इस ऑनलाइन पोर्टल से जुड़ने वाले लोगों को इसका लाभ प्राप्त होता दिखायी देगा। आगरा एक स्मार्ट और औद्योगिक सिटी के रूप में विकसित हो रहा है। व्यापारी अपना व्यापार करना व आगे बढ़ाना चाहता है, उसको भी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। प्रदेश में सभी व्यापारियों और औद्योगिक व्यवसायियों, प्रबुद्धजनों तथा जनमानस के लिये योजनाओं को पोर्टल के माध्यम से लाभ दिया जा रहा है। प्रदेश सरकार ने शासन व लाभार्थियों के बीच से बिचौलियों को समाप्त कर दिया है। कार्यक्रम को केन्द्रीय कानून एवं न्याय राज्य मंत्री डॉ0 सत्यपाल सिंह बघेल, प्रदेश की महिला कल्याण मंत्री बेबीरानी मौर्य, उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय, आगरा के महापौर नवीन जैन, ऑल इण्डिया कोल्ड स्टोरेज फेडरेशन के अध्यक्ष राजेश गोयल, वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ0 शिवानी चतुर्वेदी ने भी सम्बोधित किया।इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य प्रबुद्धजन उपस्थित थे।

[/Responsivevoice]