अखिलेश यादव विधानमण्डल दल के नेता

111

[responsivevoice_button voice=”Hindi Female” buttontext=”इस समाचार को सुने”]  समाजवादी पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों की आज समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय पर बैठक हुई। अखिलेश यादव को समाजवादी पार्टी विधायक दल और समाजवादी पार्टी विधानमंडल दल का नेता चुना गया। समाजवादी पार्टी के विधायकों की बैठक के बाद आयोजित प्रेस ब्रीफिंग को सम्बोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को समाजवादी पार्टी के विधायक दल और विधानमंडल दल का सर्वसम्मति से नेता चुना गया है। उन्होंने कहा कि सभी विधायकों और नेताओं ने अखिलेश यादव को शुभकामनाएं दी हैं। समाजवादी पार्टी जनता की समस्याओं और जनता के पक्ष को विधानसभा में मजबूती से रखेगी।

  नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक में विधायक दल के नेता का प्रस्ताव समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री अवधेश प्रसाद ने रखा जिसका अनुमोदन वरिष्ठ समाजवादी नेता आलम बदी ने किया। विधानमंडल दल के नेता का प्रस्ताव पूर्व कैबिनेट मंत्री लालजी वर्मा ने किया, जिसका अनुमोदन पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी ने किया।विधायक दल की बैठक में मौजूद सभी नवनिर्वाचित विधानसभा सदस्यों और वर्तमान विधान परिषद सदस्यों ने अखिलेश यादव को नेता चुने जाने पर बधाई दी है और उनका स्वागत किया है। समाजवादी पार्टी विधानमंडल दल ने प्रदेश की जनता और मतदाताओं का भी आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया है,श्री पटेल ने कहा अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी भाजपा सरकार के झूठ के कार्यों और उसकी गलत नीतियों का खुलासा करते हुए जमकर विरोध करेगी।

अखिलेश यादव ने आज प्रदेश के मतदाताओं का समाजवादी पार्टी को भारी समर्थन देने के लिए आभार जताते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के परिणाम जनभावना के अनुरूप नहीं आये लेकिन उससे निराश न होकर हम विपक्ष में रहकर लोकतंत्र में अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे।अखिलेश यादव आज पार्टी मुख्यालय, लखनऊ में विधानमण्डल दल की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि चुनाव में समाजवादी पार्टी ने सभी का मुकाबला किया। आरएसएस और भाजपा ने सत्ता  का दुरुपयोग किया। आरएसएस भाजपा का राजनैतिक संगठन है। सपा के समर्थकों के नाम वोटर लिस्ट से काटे गए। प्रशासन निष्पक्ष नहीं रहा। पोस्टल बैलेट से जीत को हार में बदल दिया गया। लोकतंत्र के साथ छल किया गया। भाजपा गुण्डागर्दी करा रही है। राज्य की जनता परिवर्तन चाहती थी।

भाजपा की सरकार बनते ही महंगाई चरम पर पहुंच गई। किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई। रोजी-रोजगार है नहीं। नौजवान आत्महत्या कर रहा है। व्यापार चौपट है। बजट में केवल तीन माह के लिए गरीबों की सस्ता राशन देने का प्रावधान है। कानून व्यवस्था नदारत है। मुख्यमंत्री जी को बतौर मोहरा इस्तेमाल किया जा रहा है।अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी सदन से सड़क तक सरकार के अन्याय के खिलाफ संघर्ष करेगी। भाजपा-आरएसएस की लोकतंत्र में आस्था नहीं है। आरएसएस अधिनायकशाही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को जहां जनता के प्रति जवाबदेह होना होगा वहीं विधानसभा के प्रति भी सरकार को जवाब देना होगा। हमें विपक्ष के रूप में जनता की आकांक्षा को पूरा करना है। सदन में सरकार को घेरना है।समाजवादी पार्टी के विधायकों ने अखिलेश यादव के नेतृत्व की सराहना की। विधायकों ने उनके प्रति अपने अटूट विश्वास के प्रदर्शन के साथ कहा कि उनके नेतृत्व में वे समाजवादी पार्टी को मजबूती देने का काम करेंगे। विधायकों ने भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी अखिलेश यादव के साथ पूरी निष्ठा से सदन से सड़क तक अन्याय के विरूद्ध संघर्ष करेंगे। [/Responsivevoice]