कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दल ‘फैमिली ट्रस्ट‘- स्वतंत्र देव

78

हिमांशु दुबे

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के सामाजिक सम्पर्क अभियान के तहत मंगलवार को द्वितीय सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन का इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में संपन्न हुआ। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने उद्घाटन सत्र को सम्बोधित करते हुए महाराजा बिजली पासी, महाराजा लाखन पासी तथा वीरांगना ऊदा देवी के शौर्य को नमन किया। सम्मेलन को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डा. दिनेश शर्मा, केन्द्रीय मंत्री भानु प्रताप वर्मा, राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुसूचित मोर्चा लाल सिंह आर्य, प्रदेश सरकार के मंत्री सुरेश पासी ने भी सम्बोधित किया।  


भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए मंगलवार को कहा कि विपक्षी दल लोगों का सम्मान करने व उनका कल्याण करने नहीं आए हैं वे देश-प्रदेश और लोगों को लूटने के लिए आए हैं। वे वंशवाद चलाने आए है, वे परिवारवाद चलाने आए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दल ‘फैमिली ट्रस्ट‘ है, जहां बड़े पदों पर सिर्फ परिवार के लोग ही बैठतें है और वहां सामान्य कार्यकर्ता की कोई हैसियत नहीं हैं। उन्होने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक मात्र दल है जिसमें किसी भी जाति का गरीब, पिछ़ड़ा और वंचित व्यक्ति भी प्रदेश अध्यक्ष हो सकता है, प्रदेश का मुखिया हो सकता है।


प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि आजादी के बाद लगातार सत्ता में रही कांग्रेस ने गरीबों की बात तो की लेकिन गरीबी दूर नहीं की उन्होंने सपा, बसपा और कांग्रेस पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि यह दल सिर्फ भ्रष्टाचार और वंशवाद के पोषक हैं, इनके लिए सत्ता अपना और अपने परिवार के हितों को पूरा करने का साधन मात्र है।श्री सिंह ने कहा कि विपक्षी दलों ने हमेशा देश, प्रदेश, गरीब, शोषित और वंचितों का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मर्यादा पुरूषोत्तम प्रभु श्रीराम के अस्तित्व तक को नकार दिया और हिन्दू आंतकवाद जैसे शब्दों को गढने का काम किया। कांग्रेस ने करोड़ों हिन्दुओं की श्रद्धा के केंद्र शंकराचार्य को गिरफ्तार तक करवा दिया। 


प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एक चाय बेचने वाला, गरीब परिवार में जन्म लेने वाला देश का प्रधानमंत्री बनता है। कांग्रेसी खानदानियों ने पूरा देश लूटा है। आज एक ईमानदार, राष्ट्र भक्त, गरीबों का प्रधानसेवक देश का प्रधानमंत्री बना तो उसने अपने परिवार के लिए पक्का मकान नहीं दिया। परिवार का एक सदस्य सरकारी गाड़ी में नहीं बैठा। लेकिन देश के गरीबों को पक्का मकान देने का संकल्प लिया है। 2024 तक जिन गरीबों का मकान नहीं बना हैं, उन गरीबों के लिए पक्का मकान बनाने का काम मोदी जी कर रहे हैं।
पार्टी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सपा सरकार में बेटियों के साथ सरेआम दुर्व्यवहार की घटनाएं होती थी और दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ रिपोर्ट नहीं लिखी जाती थी। लेकिन आज योगी सरकार में किसी की हैसियत नहीं जो किसी बेटी को परेशान कर सके, जो परेशान करेगा सीधा जेल जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी तपस्वी के रूप में 24 घंटे अनुसूचित, गरीब, वंचित वर्ग के सामाजिक, आर्थिक व राजनैतिक उत्थान के लिए तथा उनके सम्मान के लिए कार्य कर रहे है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रही राज्य की भाजपा सरकार द्वारा किए जा रहे जन कल्याणकारी कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार में सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र पर कार्य हो रहा है। गांव, गरीब, किसान, शोषित, वंचित, पीड़ित सहित समाज के सभी वर्गों के हितों के लिए भाजपा सरकार काम कर रही है।


प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ने सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन में कहा कि पासी समाज का स्वर्णिम इतिहास रहा है। मुगलों और अंग्रेजों से लड़ाई में पासी समाज का बहुत बड़ा योगदान रहा है। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पासी राजाओं ने मुगल आक्रमणकारियों को नाकों चने चबवाये थे। अंग्रेजों की छाती पर भारत का तिरंगा फहराने में पासी समाज का भी अन्य स्वतंत्र सेनानियों के साथ बहुत बड़ा योगदान रहा। पासी समाज को भाजपा में पूरा सम्मान मिल रहा है।श्री मौर्य ने कहा कि कांग्रेस-सपा-बसपा अनुसूचित वर्ग के विरोधी हैं। भारतीय जनता पार्टी ही एक ऐसी पार्टी है जो सारे समाज को साथ लेकर चलती है और सबको समभाव से देखती है और सबका साथ-सबका विकास के मूल मंत्र के साथ काम करती है। उन्होंने कहा भारतीय जनता पार्टी आप सबकी पार्टी है। यह कोई परिवार की पार्टी नहीं है। आप सब भविष्य के नेता हैं, यहां पर सबका सम्मान और आदर होता है। उन्होंने कहा कुंभ में माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने जब सफाई व्यवस्था देखी तो उन्होंने भाव विह्वल होकर सफाई कर्मचारियों के चरण पखारे थे। उन्होंने कहा बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के पंचतीर्थाे का विकास मोदी जी के ही नेतृत्व में किया गया है। उन्होंने कहा बीजेपी को पहले कहा जाता था कि यह अगड़ो की पार्टी है, जबकि ऐसा नहीं है यह सर्व समाज की पार्टी है। मोदी जी ने कोरोना संकटकाल में रोज कमाने खाने वालों को के घर राशन से भर दिए और किसी को भूखा नहीं रहने दिया गया। सबको सम्मानजनक जीवन जीने का संकल्प भारतीय जनता पार्टी ने  लिया है।


श्री मौर्य ने कहा कि सारी योजनाओं का लाभ समाज के वंचित लोगों को देने का भरपूर प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के जमाने में राजीव गांधी ने कहा था कि जब दिल्ली से 01 रुपया जाता है तो 85 पैसे जनता में मिलते हैं। आज पूरा का पूरा पैसा गरीबों के खातों में जा रहा है और बिचौलियों और दलालों की दुकानें बंद हो गई हैं। अगर विचौलिये होते तो गरीबों के अधिकारों का हनन हो जाता। 2019 में सपा-बसपा और लोकदल मिलकर लड़े, फिर भी माननीय नरेंद्र मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए सारे समाज के लोगों ने मिलकर उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को 64 सीटें दिलाई। भारतीय जनता पार्टी सबका साथ-सबका विकास के मूल मंत्र के साथ काम करती है, बाकी पार्टियां कुछ का विकास-कुछ का साथ के साथ काम करती है। बीजेपी ने जिनके पास घर नहीं थे उनको घर दिए, शौचालय दिए, बिजली के कनेक्शन दिए, आयुष्मान योजना के कार्ड दिए, राशन कार्ड दिए, राशन दिया और यह सब पाने का अधिकार जनता का है। गरीबों का पैसा और उनका हक उनको सीधे मिले इसलिए प्रधानमंत्री ने सबसे पहले गरीबों के खाते खुलवाएं। किसान सम्मान निधि में भी पूरा पैसा किसानों के खाते में जा रहा है। विपक्ष झूठ बोलने की आटोमेटिक मशीन बन गया  है। सपा, बसपा, कांग्रेस की सरकार होती ,तो गरीब कल्याण योजना का सारा धन दलाल खा जाते। 2014 से भी पहले कल्याण सिंह को मुख्यमंत्री और अटल बिहारी वाजपेई जी को प्रधानमंत्री बनाने में आपने योगदान दिया था। उन्होंने कहा कि मतदान के समय सबसे ज्यादा अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग के लोग अपना मताधिकार के लिए का प्रयोग करने के लिए निकलते हैं। यह जागरूकता बनी रहनी चाहिये। कहा कि सरकार ने जब गरीबों के घर खोज- खोज करके उनको बिजली के कनेक्शन दिए गए., तो विरोधियों के पेट में दर्द होता है। उन्होंने कहा पासी समाज के पीछे बहुत बड़ी फौज खड़ी है। 


उपमुख्यमंत्री डा0 दिनेश शर्मा ने कहा कि समाज को जाति धर्म में बांटने वाली ताकते फिर सक्रिय हो रही है, ऐसी ताकतो से सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भाजपा जाति धर्म के आधार पर नहीं बल्कि सबको साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। इस प्रदेश को बडी मुश्किल से जातिवाद, क्षेत्रवाद व सम्प्रदायवाद से बचाया गया है। पिछली सरकारों के समय में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलन्द थे कि उनकी सवारियां निकलती थी। पुलिस के अधिकारी भी उनसे डरते थे तथा पुलिस के थाने सत्ताधारी दल के कार्यालय हो गए थे। वर्तमान सरकार में अपराधियों के हौसले आज पूरी तरह से पस्त हैं। उनकी करोडों रुपए की अवैध सम्पत्ति जब्त कर ली गई है और उस पर बुल्डोजर चलाने का काम भी हुआ है।


सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसी पार्टी है जो अपने महापुरुषों का सम्मान करती है। डा शर्मा ने स्मृतियां ताजा करते हुए कहा कि स्व कल्याण सिंह जी के मुख्यमंत्री रहते हमने उनसे महाराजा बिजली पासी किले का सौन्दर्यीकरण कराने तथा विद्यालय भी आरंभ कराने की मांग की थी। उन्होंने उसे स्वीकार किया तथा दोनों ही काम पूरे हुए। ऐसे महान लोगों को इतिहास में दर्ज कराने की कवायद भी की गई। उन्होंने कहा कि राजधानी लखनऊ को शहर के तौर पर बसाने का काम महाराजा लाखन पासी जी ने किया था। आज महाराजा लखना पासी हमारे बीच में नहीं है पर उनके द्वारा निर्मित मंदिर कुंड किले सरोवर तट आदि स्मृतियां उनकी याद दिलाते हैं। उनकी स्मृतियों व उनके योगदान को उचित स्थान दिलाने के लिए ही महापौर रहते गोमती तट पर लाखन उपवन का निर्माण कराया था। डा शर्मा ने कहा कि आज यह सम्मेलन ऐसे दिन हो रहा है जब भारत में 100 करोड लोगों के वैक्सीनेशन का आंकडा पार होने जा रहा है। इतनी बडी संख्या में वैक्सीनेशन अमेरिका जैसे बडे देशों के लिए शोध का विषय है। एक समय ऐसा भी था जब मलेरिया, चेचक, पोलियो, खसरा जैसी बीमारियों से सुरक्षा  के लिए विदेशी टीकों का इंतजार करना पडता था। इसके विपरीत जब कोविड जैसी महामारी आई तो अमेरिका जैसे सम्पन्न देश ने उसके सामने हार मान ली और वह अपने लोगों को सुरक्षित नहीं कर सका पर भारत ने प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में अपने लोगों को सुरक्षित करने में सफलता पाई। कोरोना प्रबंधन की दुनियाभर में सराहना हुई। ऐसा पहली बार हुआ कि देश के प्रधानमंत्री ने दुनिया के बडे देशों के सामने टीके के लिए हाथ नहीं फैलाया बल्कि अपने देश में ही टीके का निर्माण कराया। यह आज का आत्मनिर्भर भारत है, जिसने अपने देश के लोगों को सुरक्षित करने के लिए फ्री में वैक्सीनेशन कराया है। आज दुनिया में सबसे तेज वैक्सीनेशन कही पर हो रहा है तो वह भारत में हो रहा है। देश में सबसे अधिक वैक्सीन लगाने का कार्य उत्तर प्रदेश में हुआ है। उत्तर प्रदेश कोरोना प्रबंधन का उदाहरण बना है। आज सबसे अधिक कोरोना जांच से लेकर सबसे अधिक वेन्टीलेटरयुक्त बेड आदि सुविधा में भी यूपी सबसे आगे हैं।सम्मेलन में पूर्व सांसद व प्रदेश महामंत्री प्रियंका रावत, अनुसूचित मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र कनौजिया, भगवती प्रसाद रावत, रामपाल वर्मा, कृष्णा पासवान, बृजेश रावत, बैजनाथ रावत, सुरेश राही, उपेंद्र पासवान प्रमुख रूप से मौजूद रहे।