22 में 22 पर भी नहीं रहेगी बाइसिकल- स्वतंत्र देव सिंह

96

हिमांशु दुबे

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह द्वारा दिए गए अध्यक्षीय उद्बोधन ब्रह्मर्षि वशिष्ठ की पुत्री गोमती के तट पर बसे लक्ष्मणपुरी में आप सभी का स्वागत अभिनदंन और वंदन करता हूं। वर्तमान में लखनऊ उत्तर प्रदेश की राजधानी है। प्राचीन भारत में यह कौशल राज्य की सांस्कृतिक राजधानी के रूप में जानी जाती थी।


भगवान श्रीराम के अनुज शेषनाग के अवतार लक्ष्मण जी ने इस नगर को बसाया था। इस सुंदर शहर में कोरोना संक्रमणकाल के बाद यह कार्यसमिति बैठक हो रही है। लोकसभा चुनावों में उत्तर प्रदेश में मिली विराट विजय के बाद हम सबने एक विषय पर ध्यान केन्द्रित किया और वह था संगठन गढ़े चलो। सबके अथक परिश्रम और प्रयास से आज प्रदेश भाजपा का सशक्त और शक्तिशाली स्वरूप देश के सामने खड़ा है।


जनमानस के विश्वास के प्रबल संबल से उत्तर प्रदेश जैसे सबसे बड़े राज्य में भाजपा का विजयरथ वेगवती धारा की भांति निरंतर गतिशील है। संगठन में समाज के सभी वर्गो का प्रतिनिधित्व है। कार्यकर्ताओं के अनुभव और उत्साह में सामंजस्य है।


जनसंघ के बाद अपने नये रूप में भाजपा ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी द्वारा प्रतिपादित एकात्म मानववाद को अपने वैचारिक दर्शन के रूप में अपनाया। पार्टी ने अंत्योदय, सुशासन, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, विकास एवं सुरक्षा पर विशेष बल दिया। पार्टी पंचनिष्ठा के प्रमुख सिद्धान्तों को लेकर अपने समर्पित कार्यकर्ताओं के बल पर आगे बढ़ती जा रही है। इन्ही मूल्यों को लेकर लोकसभा में कभी 2 सदस्यों वाली पार्टी ने श्रद्धेय अटल जी के नेतृत्व में देश का नेतृत्व किया। उसके 10 वर्ष बाद वर्तमान में भारत के रक्षा मंत्री और पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय राजनाथ सिंह जी के कुशल नेतृत्व में दुनिया के लोकप्रिय नेता भारत के प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेन्द्र मोदी जी की अगुवाई में 2014 में केन्द्र में भारतीय जनता पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनी, सबका साथ-सबका विकास के सिद्धान्त पर सुशासन, विकास एवं राष्ट्रीय एकता एवं अखण्डता के लिए कृतसंकल्पित भाजपा को वर्तमान गृहमंत्री एवं पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जी के नेतृत्व में 2017 में उत्तर प्रदेश में ऐतिहासिक जीत मिली। इस दौरान भाजपा को विश्व का सबसे बड़ा राजनैतिक दल होने एंव सबसे अधिक सदस्यों वाला दल बनने का गौरव मिला।


2019 के लोकसभा चुनाव में भी देश ने पूर्ण बहुमत के साथ पुनः नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की बागडोर सौपी। इसमें उत्तर प्रदेश भी अपनी भूमिका का निवर्हन किया। बाबा साहेब द्वारा देश के लिए किये गए योगदान को कांग्रेस ने तो भुला ही दिया था, लेकिन माननीय मोदी जी ने उनके जीवन से जुड़े पांच महत्वपूर्ण स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित कर उनके प्रति श्रद्धा सुमन अर्पित किये। वहीं आजादी के बाद इस देश को एकता के सूत्र में पिरोने वाले लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल जी की विश्व की सबसे ऊँची प्रतिमा स्थापित करके उनके प्रति माननीय मोदी जी के नेतृत्व में राष्ट्र ने कृतज्ञता अर्पित की।


मोदी सरकार जिन वादों और संकल्पों के साथ सत्ता में आई थी उन सभी वादों को अपने मजबूत इरादों के साथ पूरा कर रही है। आम आदमी के जीवन में आमूलचूल परिवर्तन देखने को मिल रहा है। हमारा राष्ट्रवाद उस हिन्दू संस्कृति से प्रभावित है जिसके केंद्र में मानव कल्याण है। जो ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ को यानी पूरे विश्व को अपना परिवार मानती है। ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ के उस मंत्र को जमीन पर उतारती है जो “सबका साथ-सबका विकास” को चरितार्थ करता है।


कोरोना जैसी वैश्विक महामारी ने जब पूरी दुनिया को घेर लिया था और जब मानवता को हमारी जरूरत पड़ी तो हमने सबसे पहले स्वदेशी वैक्सीन बना कर अपने पड़ोसियों और अन्य जरूरतमंद राष्ट्रों को भेज दिया और इसको नाम दिया ‘वैक्सीन मैत्री’। दुनिया के हर कोने में ना केवल हमारी वैक्सीन गई, बल्कि उसके हर डब्बे पर लिखा गया ‘सर्वेसन्तु निरामया’ यानी सबके रोगमुक्त रहने की कामना का भाव जो हम हमेशा से रखते हैं।


भाजपा अपने मार्गदर्शक पं0 दीनदयाल उपाध्याय जी के दिखाये मार्ग पर चलकर संगठन को समाज के अनुरूप सर्वग्राही और सर्वस्पर्शी बना रही है। प्रदेश के सभी 98 संगठनात्मक जिलों, 1918 मण्डलों और 27 हजार 627 सेक्टरों तथा 1 लाख 55 हजार से अधिक बूथों पर भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ता पार्टी की ध्वजा को लहरा रहे हैं।


आज उत्तर प्रदेश भारत में उठी हर बहस का केन्द्र बिन्दु है। क्योंकि, बिना उत्तर प्रदेश के भारत को समझना नामुमकिन है। कभी कई सभ्यताओं की जननी रही प्रदेश की धरा वर्तमान में भी गंगा-यमुना-गोमती के साथ कल-कल करती आगे बढ़ रही है। प्रदेश आज अयोध्या और काशी की प्राचीनता, आध्यात्मिकता और धरोहरों पर गौरव की अनुभूति कर रहा है। आज काशी अपनी पुरातन काया सहेजते हुए नये कलेवर में है।


2017 में प्रयागराज में महाकुम्भ का भव्य आयोजन हुआ, जिसकी गूँज देश और दुनिया में सुनाई दी। काशी में देव दीपावली, अयोध्या में दीपोत्सव और रामनवमी, मथुरा में रंगोत्सव सरकार की प्राथमिकताओं में है। आज योग एवं संन्यास धर्म निभाते हुए जिस तरह शासन की मर्यादाओं का पालन करते हुए राजधर्म का निर्वहन सरकार के मुखिया आदरणीय योगी आदित्यनाथ जी कर रहे हैं वह बेमिसाल है।


विश्व के सभी विकसित देश जब कोरोना महामारी से बेबस एवं लाचार दिखे वहीं प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ने 130 करोड़ आबादी वाले देश को इस संकट से उबारते हुए आत्मनिर्भर भारत की ओर भी पथ प्रदर्शित किया। प्रधानमंत्री के साहसिक निर्णय से आत्मनिर्भर भारत अभियान और हर वर्ग को सामाजिक आर्थिक सुरक्षा देने की मुहिम शुरु हुई।


प्रधानमंत्री जी ने 1 लाख 70 हजार करोड़ रुपये की गरीब कल्याण योजना और 20 लाख करोड़ रुपये के आत्मनिर्भर भारत अभियान से न केवल अर्थव्यवस्था को नई गति दी बल्कि 80 करोड़ गरीब लोगों के सशक्तिकरण का कदम भी उठाया। इसमें मजदूरों, निराश्रित महिलाओं, वृद्ध जनों, दिव्यांगों के खातों में सहायता राशि पहुंचाने का कार्य किया गया ।


उत्तर प्रदेश में भी योगी जी के नेतृत्व में सरकार ने जिस शानदार तरीके से कोविड प्रबंधन कर लोगों के जीवन की रक्षा की उसकी राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सराहना हो रही है। कोरोना संक्रमण के समय जब देश के सभी राजनीतिक दल सुप्तावस्था में थे, तब हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा जी ने सेवा ही संगठन अभियान के तहत ‘फीड द नीडी’ कार्यक्रम से कार्यकर्ता का आहवान किया। जिसके बाद पार्टी के सभी छोटे बड़े कार्यकर्ताओं ने अपने प्राणों की परवाह किये बिना जरूरतमंदों की सेवा कर मानवता का परिचय दिया।


देश और दुनिया को भाजपा ने यह बताया कि राजनीति हमारे लिए केवल सत्ता का साधन नहीं अपितु सेवा का माध्यम है जिसका नाम “सेवा ही संगठन” है। आज प्रदेश में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए यदि कोई पार्टी संकल्पबद्ध होकर काम कर रही है तो वह भारतीय जनता पार्टी है। पार्टी ने उत्तर प्रदेश में शिक्षक और स्नातक चुनावों में अपना दमखम दिखाया है। भाजपा ने विपक्षी दलों की ढपोरशंखी एकता को छिन्न-भिन्न कर उपचुनावों को जीता है।


यह सारी उपलब्ध्यिां भाजपा के आप सभी कार्यकर्ताओं के परिश्रम की पराकाष्ठा का परिणाम है। एक समय था जब कुछ लोग हमारा इकोनोमी माॅडल पूंछते थे। उस समय हम गर्व से “एकात्म मानववाद और अंत्योदय” की बात करते थे। आज हमारी सरकारों के लिए यह सिद्धांत मूलमंत्र हैं।


प्रधानमंत्री जी ने अंत्योदय को अपनी योजनाओं का केंद्र बनाते हुए ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के सिद्धांत को कार्यसंस्कृति का आधार बनाया। गाँव, गरीब, किसान, दलित, पीड़ित, शोषित और वंचितों के लिए सरकार ने विगत छः वर्षों में इसे चरितार्थ कर दिखाया है। इसी पथ पर चलते हुये उत्तर प्रदेश सरकार ने हर कल्याणकारी योजना को जमीन पर उतारा।


आयुष्मान भारत और किसान सम्मान निधि योजना को अच्छे तरीके से सरकार ने आत्मसात किया है। आजादी के 70 साल बाद बिजली से वंचित हजारों गाँवों में बिजली पहुंचाई गई। स्वच्छ भारत अभियान के तहत बने इज्जत घर महिला सशक्तिकरण का अनुपम उदाहरण है।


प्रदेश में आज पांच अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट तथा आठ अन्तर्राज्यीय एयरपोर्ट व चार नये एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य हो रहा है। सपा-बसपा सरकारों द्वारा उपेक्षित प्रदेश के अति पिछड़े क्षेत्र बुन्देलखण्ड में आज डिफेंस काॅरिडोर तथा बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे का निर्माण तेजी से हो रहा है।


बुन्देलखण्ड में दशकों तक जल संकट रहा पहले वहां की महिलाएं पानी को लेकर एक गीत गाया करती थी। इक टक सूप-सवा टक मटकी, आग लगे रुखमा ददरी, भौरा तोरा पानी गजब कर जाए, गगरी न फूटे, खसम मर जाए। आज इस स्थिति से योगी जी ने इस क्षेत्र को उबारा और “हर घर नल” योजना के तहत बड़े परिवर्तन देखने को मिल रहे है। प्रदेश के हर गाँव के हर घर तक स्वच्छ जल पहुंचाने के लिए योगी सरकार ने लक्ष्य रखा है और इस दिशा में काम जारी है।


महिलाओं की जागृति सशक्तिकरण के लिए मिशन शक्ति अभियान, मुख्यमंत्री सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना चल रही है।प्रतियोगी विद्यार्थियों के लिए मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना, चार लाख युवाओं को सरकारी नौकरी, लगभग डेढ़ लाख प्राथमिक विद्यालयों का कायाकल्प, 30 नये मेडिकल कालेज का निर्माण हुआ है।

चार साल में गन्ना किसानों को 1 लाख 25 हजार करोड़ रूपये के भुगतान से प्रदेश के गन्ना किसानों को प्रगति पथ पर अग्रसर किया है। पिछले चार साल में एक भी चीनी मिल बंद नहीं हुई है। गन्ना और चीनी उत्पादन सहित ऐथेनाल उत्पादन में प्रदेश नंबर एक पर है।


योगी सरकार की पारदर्शी सुशासन की कार्य पद्वति का परिणाम यह है कि 2015-16 में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में उत्तर प्रदेश 14वें स्थान पर था, आज वह देश में दूसरे नंबर पर है।

चार साल में उत्तर प्रदेश देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला राज्य बना है।आज पूरे देश ही नहीं बल्कि पूरे विश्व के लोग उत्तर प्रदेश में संभावनाएं देख रहे है।

योगी सरकार के साहसिक फैसलों ने जहां कोरोना को मात दी है, वहीं विकास के पहिये को गति देने का काम किया है। रोजगार, व्यापार, शिक्षा, सुरक्षा, निवेश, उद्योग, गोसंरक्षण, महिला, युवा, गरीब, किसान और मजदूरों के लिए काम किया गया।


एशिया के सबसे बड़े एयरपोर्ट से लेकर दुनिया की सबसे बड़ी फिल्म सिटी बनाने के फैसलों सहित भाजपा सरकार ने कई बड़े निर्णय लिये, जिसने प्रदेश की दशा और दिशा बदल दी है।


नागरिकों की सुरक्षा के लिये सरकार ने अपराधियों पर नियंत्रण किया। सबके प्रति समत्व भाव रखते हुए योजनाओं को बिना भेदभाव के हर वर्ग तक पहुंचाया, जबकि सपा-बसपा सरकारों में जाति-मजहब के आधार पर काम होता था।

आज एक यूनीवर्सिटी के नाम पर जमीन हड़पने वाले जेल में हैं और एक परिवार के लोग साइकिल यात्रा निकाल रहे है उनको जमीनी हकीकत का अंदाजा नहीं है कि उनकी जमीन खिसक चुकी है।


मैं आज पूरे विश्वास से कह सकता हूँ कि हमारे निष्ठावान कार्यकर्ताओं के परिश्रम और मोदी और योगी की सरकार द्वारा जनहित में किये गए कार्यों और जनता के आशीर्वाद से 2022 के विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ जीतेंगे और उत्तर प्रदेश में 22 में बाइसिकल  22 पर भी नहीं रहेगी। जहाँ देश में एक ओर गरीबों के लिए उज्जवला, आयुष्मान, मुद्रा, किसान सम्मान निधि जैसी योजनाएं संचालित है वहीँ दूसरी ओर धारा 370 व 35-ए की समाप्ति, तीन तलाक, सी.ए.ए. जैसे कानूनों के कारण देश आत्मनिर्भरता और सुरक्षा की ओर बढ़ रहा है।चार वर्ष के कार्यकाल में भ्रष्टाचार का एक भी आरोप सरकार के ऊपर नहीं है। इस भय मुक्त और भ्रष्टाचार मुक्त वातावरण से उत्तर प्रदेश निवेशकों का सबसे प्रिय स्थान है।


आज हम पंचायत चुनाव की पूर्वसंध्या पर खड़े है। तब मीडिया और विश्लेषक इसको विधानसभा चुनाव का पूर्वाभ्यास कह रहे हैं। लेकिन वे भूल जाते हैं कि सभी चुनाव को भाजपा ने जीता है।
ऽ क्यों कि सरकार की प्राथमिकता गाँव, गरीब और किसान है। ऐसे में अगले साल 2022 के विधानसभा चुनाव में हम सबसे आगे रहेंगे और प्रदेश की जनता का विश्वास पुनः प्राप्त करके प्रचण्ड बहुमत के साथ विजय प्राप्त करेंगे।


राष्ट्रीय अध्यक्ष का मत है कि पार्टी के सभी कार्यक्रम एवं नीतियों का क्रियान्वयन बूथ ईकाई तक हो। केन्द्रीय नेतृत्व की भावना के अनुरूप अपने ध्येय निष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ हम अपनी विचारधारा को स्थापित करने में जुटे है।

प्रदेश में 81 पार्टी कार्यालयों का निर्माण हो रहा है जिनमें 51 कार्यालय पूरे हो गये है। हम सदैव अपने सिद्धांतों और अपनी विचारधारा पर अटल रहे और यही कारण है कि आज भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है। हमने मुश्किलों को चुनौतियों के तौर पर लिया और उस पर विजय पाई।


देश को आगे बढ़ाना और गरीबों को समाज की मुख्यधारा में शामिल करना हमारा एकमात्र लक्ष्य है। सत्ता हमारा लक्ष्य नहीं है, हमारे लिए सत्ता देश की तस्वीर और तकदीर बदलने का माध्यम है। इसी संकल्प और संगठन शक्ति के साथ आप सभी के सहयोग की कामना करते हुए हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ। चरैवती-चरैवती यहीं तो मंत्र है अपना नहीं रुकना नहीं थकना सतत चलना।