भाजपा ने मनाया निर्माण एवं सृजन के प्रतीक मोदी का जन्मदिवस

91

हिमांशु दुबे

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर शनिवार को प्रदेशभर के 98 सांगठनिक जिलों में सेवा पखवाड़ा की शुरुआत हुई। पखवाड़ा के तहत पहले दिन पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जीवन के संघर्ष, व्यक्तित्व, कृतित्व तथा प्रशासनिक कार्यकुशलता पर प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। वहीं युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान में नमो प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह जी ने गोरखपुर के नेताजी सुभाष चन्द्र बोस जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर का शुभारम्भ किया तथा आजमगढ़ के अम्बेडकर पार्क में मोदी व्यक्तित्व प्रदर्शनी का उद्घाटन तथा आजमगढ़ के सदर अस्पताल में रक्तदान शिविर सम्मिलित होकर उत्साहवर्धन किया।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मोती नगर उन्नाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के जीवन पर आधारित मोदी व्यक्तित्व प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने लखनऊ के डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी चिकित्सालय में रक्तदान शिविर का उद्घाटन तथा नगर निगम परिसर में नमो प्रदर्शनी में सहभागिता की। पूरे प्रदेश में सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आज से प्रारंभ हुए कार्यक्रमों में केंद्र व राज्य सरकार के मंत्रीगण,जनप्रतिनिधियों ,पार्टी पधाधिकारियो व कार्यकर्ताओं सम्मलित हुए।शनिवार से प्रारंभ हुआ सेवा पखवाड़ा महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर तक चलेगा।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर उनके दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी यूं ही हमारा नेतृत्व करते रहें। आजमगढ़ के नेहरू हॉल में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि भाजपा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितम्बर से महात्मा गांधी जी की जयंती 2 अक्टूबर तक सेवा के विभिन्न कार्यक्रम करेगी। भाजपा के कार्यकर्ता जनता के बीच में रहते हैं, चुनाव लड़ाने के साथ ही जनता की सेवा का कार्य पूरे मनोयोग से करते हैं। कोरोना काल में हमारे कार्यकर्ताओं ने अपनी जान की परवाह किए बगैर जनता की सेवा की।

उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने अपने संकल्प पत्र में जो वादा किया उसे पूरा किया। देश को परमाणु शक्ति सम्पन्न बनाना हमारे संकल्प पत्र में था। अनुच्छेद 370 हटाना हमारे संकल्प पत्र में था। पारदर्शी बिजली वितरण की व्यवस्था, पूरे देश को शुद्ध पेय जल उपलब्ध कराना, उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित करना, गुंडे माफियाओं, भ्रष्टाचारियों पर कार्यवाही करना , माताओं-बहनों की सुरक्षा का संकल्प, यह सब हमारे संकल्प पत्र में था हमारी सरकार ने यह सब वादे पूरे करने का कार्य किया। भाजपा आगामी नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत के सभी सीटों पर जीतने के संकल्प के साथ चुनाव लड़ेगी।

पार्टी कार्ययोजना के साथ एक-एक कार्यकर्ता को साथ लेकर सभी चुनाव जीतेगी। आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी उत्तर प्रदेश की 80 में से 80 सीटे जीतेगी। भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। अन्य दलों में पद का आरक्षण परिवार के लिए होता है, भाजपा ही एक मात्र दल है जहां आरक्षण कार्यकर्ताओं के लिए सुरक्षित है। आजमगढ़ के लिए कहा जाता था आजमगढ़ भाजपा के लिए बंजर भूमि है, लेकिन लोकसभा उपचुनाव में आजमगढ़ की जनता ने दिनेश लाल यादव निरहुआ को सांसद बनाकर शुरूवात कर दी है अब आजमगढ़ भाजपागढ़ के रूप में जाना जाएगा।

प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता ने बताया की शनिवार से प्रारंभ हुआ सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत पूरे प्रदेश में कार्यक्रम आयोजित किए गए। केन्द्र सरकार के मंत्री ज.वी.के सिंह ने गाजियाबाद महानगर, साध्वी निरंजन ज्योति ने फतेहपुर, भानु प्रताप वर्मा ने जालौन, पंकज चौधरी ने महराजगंज, प्रदेश सरकार के मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने लखनऊ जिला, स्वतंत्र देव सिंह ने अयोध्या महानगर, लक्ष्मीनारायण चौधरी ने मथुरा महानगर, धर्मपाल सिंह ने आंवला, अनिल राजभर ने वाराणसी जिला, नंदगोपाल गुप्ता नन्दी ने प्रयागराज महानगर, जितिन प्रसाद ने सीतापुर, राकेश सचान ने कानपुर देहात, नितिन अग्रवाल ने रायबरेली तथा प्रदेश सह प्रभारी सुनील ओझा ने वाराणसी महानगर में रक्तदान शिविर व नमो प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इसके साथ ही पार्टी के प्रदेश, क्षेत्र, जिला, मण्डल व बूथ के पदाधिकारी, प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, महापौर, नगरपालिका अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, आयोग निगम बोर्ड के अध्यक्ष व सदस्य व पार्टी कार्यकर्ता जन सरोकार के कार्याे से जुड़ते हुए सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित कार्यक्रमों में उत्साह पूर्वक सम्मिलित हुए।रविवार को सेवा पखवाड़ा के तहत प्रदेश के सभी सीएचसी केन्द्रों पर निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किए जायेंगे। जिनमें पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता रोगियों को परीक्षण शिविर तक पहुंचाने तथा सेवा करने का कार्य करेगें।