भाजपा ने संकल्प पत्र के लिए जनता का सुझाव माँगा

247

यूपी नंबर 1 ‘‘सुझाव आपका, संकल्प हमारा‘‘ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश भर से पार्टी के संकल्प पत्र के लिए जनता का सुझाव एकत्र करने के लिए आकांक्षा पेटी का शुभारंभ किया।

अभय प्रताप सिंह

लखनऊ।  भारतीय जनता पार्टी द्वारा इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में  बुधवार को आयोजित यूपी नंबर 1 ‘‘सुझाव आपका, संकल्प हमारा‘‘ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने प्रदेश भर से पार्टी के संकल्प पत्र के लिए जनता का सुझाव एकत्र करने के लिए आकांक्षा पेटी का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले आतंकवादियों के मुकदमे वापस होते थे उन्हें सुरक्षा दी जाती थी। आज यही माफिया मारे-मारे फिर रहे हैं कोई आतंकी प्रदेश में घुस नहीं सकता। पहले नौकरी निकलते ही महाभारत काल दिखने लगता था। एक ही परिवार के चाचा-भतीजा, काका-काकी, मामा-मामी सभी वसूली के लिए निकल पड़ते थे। नियुक्तियों में किस तरह जातिवाद-भाई भतीजा वाद होता था। वर्ष 2015 की सपा सरकार में डिप्टी कलेक्टर का रिजल्ट निकलता है तो आपने देखा होगा कि 86 में से 56 लोगों के नाम एक ही विशेष जाति के आ जाते हैं। अखिलेश यादव की सपा सरकार पर हमलावर होते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि फर्क साफ है केवल सरकार बदली है यह प्रदेश वही है। आज बिना भेदभाव के नियुक्तियां हो रही हैं। केन्द्र की लगभग 50 योजनाओं में प्रदेश नम्बर एक पर है। आगे आने वाले समय में आपके सहयोग से इसे देश की नम्बर एक अर्थव्यवस्था बनाना है। 


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी नम्बर एक अभियान में सुझाव आपका संकल्प हमारा कार्यक्रम में आकांक्षा पेटी लांच किया। 2022 के विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा प्रदेश के गांव व शहरी क्षेत्रों के तीस हजार स्थानों पर आंकाक्षा पेटी रखेगी। जिसमें जनता के आए सुझावों से संकल्प पत्र तैयार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के चुनाव में भाजपा ने विधानसभा चुनाव के संकल्प पत्र को जारी किया था। हमने घोषणा पत्र से हटकर संकल्प पत्र जारी किया था। संकल्प वही जिसका कोई विकल्प नहीं। घोषणाएं सभी करते हैं लेकिन अपने आप ही कालातीत हो जाती है। संकल्प वही है जिसे हम मंत्र मानते हुए अपने जीवन का हिस्सा मानते हुए उसे लागू करते हैं। संकल्प लोककल्याण का माध्यम है। संकल्प व्यक्ति के लिए नहीं राष्ट्र के कल्याण के लिए लिया जाता है। संपूर्ण लोक कल्याण के लिए जिसका एक पवित्र भाव ही संकल्प है। सरकार के बनने के बाद जो संकल्प हमने जारी किया था उसे जीवन का व्रत मान करके उसे पूरा किया। अब 2022 के लिए सुझाव आपका संकल्प हमारा के साथ हम फिर आए हैं। हमने 100 दिन में अपनी सरकार का रिपोर्ट कार्ड जारी किया था। फिर छह महीने, एक वर्ष और दूसरे वर्ष और तीसरे वर्ष और चौथे वर्ष और फिर साढ़े चार वर्ष में अपना रिपोर्ट जारी किया। 


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारी पांच वर्ष की सरकार में एक करोड़ 71 लाख नौजवानों को रोजगार मिला है। प्रदेश में बड़े निवेश के कारण ढेर सारे रोजगार के रास्ते खुल चुके हैं। जहां विकास का कोई काम नहीं होता था वही प्रदेश सबसे ज्यादा एक्सप्रेस वे बना रहा है। मेडिकल कालेज बना रहा है। वाटर जलमार्ग तैयार कर रहा है। एयरपोर्ट बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश वही है संसाधन वही हैं। केवल सरकार बदली है और लोगों की सोच बदल गई। हमने पुलिस, शिक्षक सभी तरह की नियुक्ति की लेकिन कोई विवाद नहीं हुआ। जब सोच ईमानदार होती है तो काम भी दमदार होता है। 


उन्होंने कहा कि फर्क साफ है। पहले की सरकारें किसानों पर गोली चलाती थीं। हमने पिछली सरकारों की गलत नीतियों के कारण कर्ज के बोझ से दबे किसानों के लिए फसल ऋण माफी की घोषणा की थी। फर्क साफ है पिछली सरकारों के समय में कैसे आस्था के प्रतीकों का अपमान होता था। गौ हत्याएं होती थी गोकशी होती थी, दंगे होते थे। हमारी सरकार आई गौ कत्लखाने बंद किए, गौ तस्करी रोकी। गोवंश का संरक्षण कर लगभग सात लाख गायों का संरक्षण किया। 


गन्ना किसानों का दस वर्ष पुराना दाम मिलों के पास बकाया था। हमने प्रदेश में न्यूनतम समर्थन मूल्य किसानों को मिल सके रिकार्ड मात्रा में क्रय केन्दरों की स्थापना किया। दस वर्ष पुराना गन्ना किसानों का एक लाख 84 हजार रुपये का भुगतान कर चुके है। बंद चीनी मिलों को चालू कराने का काम किया गया। कोरोना काल में जहां देश और दुनिया में मिले बंद थी यूपी में 121 मिलों को चलाने का काम किया। पिछली सरकारें चीनी मिलों को बेच रही थी हमने ऐसा नहीं होने दिया।उन्होंने अखिलेश की सपा सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि कानून व्यवस्था पर पिछली सरकारों का रिकार्ड किसी से छुपा नहीं है। पहले मां-बाप को चिंता थी कि बेटी को स्कूल कैसे भेजेंगे। किसानों को चिंता थी कि उनका पशुधन सुरक्षित कैसे रह पाएगा। वर्ष 2017 के बाद बेटी सुरक्षित हुई है। दंगों से मुक्ति मिली है। प्रदेश में धूमधड़ाके के साथ कांवड़ यात्रा निकल रही है। राममंदिर बन रहा है। हर पर्व और त्योहार सौहार्दपूर्ण तरीक से मनाया जा रहा है। कोरोना काल में भी किसी आस्था पर कोई रोक नहीं लगाई गई। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम तैयार होकर राष्ट्र को समर्पित हो गया।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री स्वतंत्र देव सिंह जी ने कहा कि विपक्ष को शिलान्यास और उद्घाटन से कष्ट नहीं है उसे कष्ट है तो समाज में खड़े अंतिम व्यक्ति को खुशहाली से पहले सभी उसके हिस्से को ही लूटते थे, आज मोदी और योगी सरकार उस अंतिम व्यक्ति के उत्कर्ष के लिए ही संकल्पित है। लेकिन विपक्षी लोग जिन्ना में उलझे हुए हैं, जबकि मोदी जी और योगी जी गरीब के विकास में डटे हुए हैं। समाज के वंचित, शोषित, पिछड़े, अतिपिछड़े, दलित अति दलित सभी समुदाय के लोगों के कल्याण के लिए सरकार काम कर रही है। लोगों ने यूपी में 2017 के पहले की सरकारों को देखा है, लूट, डकैती और हत्याएं सरकारी संरक्षण में होती थीं। सरकार संरक्षित भ्रष्टाचार, जातिवाद और सरकारी कामकाज में हस्तक्षेप एक उद्योग था। उत्तर प्रदेश को लूटकर इन्होंने इसे बीमार कर दिया। अंगूठे से लेकर सर तक भ्रष्टाचार में डूबे हुए राज्य को पहली बार एक इमानदार मुख्यमंत्री, जिसकी सोच भी ईमानदार और काम भी दमदार है, यही फर्क है जो कि उत्तर प्रदेश में दिखता है। फिर एक बार हम जनता के दरबार में जा रहे हैं। उन्होंने समाज के सभी वर्गों के प्रतिनिधियों और अन्य लोगों से आकांक्षा पेटी में सुझाव डालने की अपील की। 


भाजपा की संकल्प पत्र समिति के अध्यक्ष व वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि जन आकांक्षाओं को पार्टी अपने संकल्प पत्र का हिस्सा बनाने के लिए आकांक्षा पेटी प्रदेश के 30 हजार स्थानों पर रखी जायेगी। सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में अलग कार्यक्रम कर पार्टी के पदाधिकारी इसे लांच कर जनता के बीच ले जाएंगे। सभी महानगरों में समाज के सभी समाजिक और व्यवसायिक वर्गों के लोगों से सुझाव लिए जायेंगे। जिन्हें एकत्र कर पार्टी अपने संकल्प पत्र की रचना कर जनता के बीच जाएगी। हमारे काम को जनता ने देखा है, वह एक बार फिर हमें मौका देगी क्योंकि हमने जो कहा है उसे हमने पूरा किया है। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, संकल्प पत्र समिति के सदस्य सांसद राजेश वर्मा, कांता कर्दम, सीमा द्विवेदी, विजय पाल तोमर, राज्य मंत्री अतुल गर्ग, प्रदेश उपाध्यक्ष एके शर्मा, पुष्कर मिश्र के साथ प्रदेश महामंत्री अश्वनी त्यागी, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, प्रदेश मंत्री अर्चना मिश्रा, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अभय प्रताप सिंह व अन्य नेतागण व सामाजिक व्यवसायिक संगठनों के गणमान्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।