संचारी रोग नियंत्रण अभियान 01 से 31 अक्टूबर तथा दस्तक अभियान 07 से 21 अक्टूबर

154

अयोध्या। मण्डलायुक्त नवदीप रिणवा ने शासन द्वारा माह अक्टूबर 2022 में प्रस्तावित विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान तथा संचारी रोगों एवं दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण एवं कार्यवाही हेतु मण्डल के समस्त जिलाधिकारियों तथा अन्य सभी सम्बंधित अधिकारियों के साथ वर्चुअल माध्यम से बैठक की। उन्होंने कहा कि संचारी नियंत्रण अभियान के तृतीय चरण की गतिविधियां पुनः विस्तृत कार्ययोजना बनाकर माह अक्टूबर (संचारी रोग नियंत्रण अभियान दिनांक 01 से 31 अक्टूबर तथा दस्तक अभियान 07 से 21 अक्टूबर) में सम्पादित की जाय। सभी विभाग शासन द्वारा निर्धारित कार्यो एवं दायित्वों का निर्वाहन पूर्णनिष्ठा के साथ युद्वस्तर पर करें। उन्होंने बैठक में सभी 11 विभागों को उनके द्वारा संचारी रोग नियंत्रण अभियान माह अक्टूबर 2022 में किये जाने वाले कार्यो की ग्रामवार माहवार कार्ययोजना तैयार कर ब्लाक तथा जिला स्तरीय समन्वय समिति में प्रस्तुत कर ब्लाक/जनपद स्तरीय समेकित कार्ययोजना तैयार की जानी है जिसकी प्रगति की समीक्षा प्रत्येक शनिवार अन्तर्विभागीय समीक्षा बैठकों में की जायेगी।

विभागवार लक्ष्य के सापेक्ष शनिवार तक की गतिविधियों की साप्ताहिक रिपोर्ट का राज्य मुख्यालय पर प्रेषण प्रत्येक सोमवार (समीक्षा बैठक में पायी गयी कमियों पर एक्शन टेकेन रिपोर्ट के साथ) किया जाय। लक्ष्य के सापेक्ष अभियान की सम्पूर्ण माह की रिपोर्ट का राज्य मुख्यालय पर प्रेषण 05 नवम्बर 2022 तक अनिर्वाय रूप से किया जाय। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों से हेल्थ एवं वेलनेस सेन्टर हेतु शत प्रतिशत जमीन उपलब्ध कराने के निर्देश दिये तथा पंचायती राज विभाग के अधिकारियों से कहा कि गांवों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान दिया जाय, जिससे मच्छरजनित रोगों से आम जनमानस को बचाया जा सकें। वी0सी0 में जिलाधिकारी अयोध्या नितीश कुमार, बाराबंकी डा0 आदर्श सिंह, सुल्तानपुर रवीश गुप्ता, अम्बेडकरनगर सैमुअल पाल, अमेठी राकेश मिश्रा, मण्डल के सभी मुख्य विकास अधिकारी तथा सम्बंधित विभाग के सभी मण्डलीय अधिकारियों ने भाग लिया।

मण्डलायुक्त नवदीप रिणवा की अध्यक्षता में शासन के महत्वपूर्ण प्राथमिकता कार्यक्रमों की माह अगस्त 2022 की प्रगति रिपोर्ट पर मण्डलीय समीक्षा बैठक दिनांक 14 सितम्बर 2022 को आयोजित किया गया था, किन्तु उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का जनपद अम्बेडकरनगर व सुल्तानपुर में प्रस्तावित भ्रमण के कारण अब यह बैठक दिनांक 15 सितम्बर 2022 को पूर्व निर्धारित स्थान, समय व एजेण्डे पर होगी। उक्त जानकारी संयुक्त विकास आयुक्त अरविन्द चन्द्र जैन ने दी है।