कांग्रेस ने जारी की 41 उम्मीदवारों की दूसरी सूची

84

कांग्रेस ने जारी की 41 उम्मीदवारों की दूसरी सूची। कांग्रेस की दूसरी सूची में 16 महिला और 25 पुरुष उम्मीदवार शामिल।अन्याय व असमानता के लिए लड़ने वाले कई युवा और महिलाओं को मिला टिकट।



लखनऊ। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट आज जारी की। 41 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट में कांग्रेस ने 16 महिलाओं को उम्मीदवार बनाया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने बुलंदशहर की स्याना सीट से पूनम पंडित को अपना उम्मीदवार बनाया है। 25 वर्षीय पूनम पंडित राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग खिलाड़ी रह चुकी हैं। हरियाणवी और यूपी के लहजे में प्रभावी भाषण देने के लिए मशहूर पूनम पंडित ने तीन कृषि कानूनों के खिलाफ आवाज मुखर की है। वहीं गाजियाबाद की साहिबाबाद सीट से कांग्रेस ने संगीता त्यागी को उम्मीदवार बनाया है। संगीता त्यागी कांग्रेस के दिवंगत नेता और राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव त्यागी की पत्नी हैं। 12 अगस्त 2020 को कांग्रेस प्रवक्ता राजीव त्यागी का निधन वसुंधरा स्थित आवास पर हार्ड अटैक से हो गया था। उस समय वह एक टीवी चौनल में डिबेट का हिस्सा थे। संगीता त्यागी डीएवी स्कूल की शिक्षिका रही हैं। टीवी डिबेट में बढ़ते हेट स्पीच के मामलों को श्रीमती संगीता त्यागी ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका भी दाखिल की है। साथ ही बरेली की नवाबगंज सीट से कांग्रेस पार्टी ने श्रीमती उषा गंगवार को अपना उम्मीदवार बनाया है। वह कई बार जिला पंचायत की अध्यक्ष रह चुकी हैं। महिलाओं से जुड़े मुद्दों को जोरशोर से उठाती हैं। कांग्रेस के ‘‘लड़की हूँ लड़ सकती हूँ’’ अभियान से प्रेरित होकर उन्होंने बसपा छोड़कर कांग्रेस पार्टी जॉइन किया।

कांग्रेस आगरा छावनी सुरक्षित सीट से वाल्मीकि समाज के सिकंदर वाल्मीकि को टिकट दिया है। वह वाल्मीकि समाज के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। विगत दिनों आगरा में जेल के अंदर अरुण वाल्मीकि नाम के 31 साल के युवक की मौत हो गई थी। इसके बाद कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी अरुण वाल्मीकि के परिजनों से मिलने उनके घर गई थीं। उन्होंने परिजनों को सांत्वना दी थी, साथ ही पार्टी की तरफ से अरुण बाल्मीकि के परिवार को ₹30 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की गई थी। प्रियंका गांधी ने वाल्मीकि समाज से यह वादा किया था कि आप लोगों में से सहमति के साथ जो भी नाम सामने किया जाएगा उसे पार्टी विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी बनाएगी।

इस सूची में टुक्की मल खटिक को कांग्रेस पार्टी ने बुलंदशहर की ख़ुर्जा सीट से उम्मीदवार बनाया है। टुक्की मल खटिक सामाजिक न्याय के मुद्दों पर लगातार आवाज़ उठाते रहे हैं। कोरोना के समय उन्होंने लगातार सड़क पर जा रहे श्रमिकों को भोजन- पानी उपलब्ध करवाया और हज़ारों जरूरतमंदों तक अनाज पहुँचाया। टुक्की मल खटिक कांग्रेस की युवा आवाज़ हैं और बुलन्दशहर के ज़िला अध्यक्ष भी रहे। वहीं बागपत के बड़ौत से राहुल कश्यप कांग्रेस के उम्मीदवार होंगे। राहुल कश्यप कहार समाज से आते हैं और अपने समाज के अधिकारों के लिए लगातार आवाज़ उठाते रहे हैं। उन्होंने ज़िला पंचायत चुनाव लड़कर क्षेत्र में अपनी आवाज़ की धाक स्थापित की थी।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी दूसरी लिस्ट में भी असमानता और अन्याय के खिलाफ लड़ रही महिलाओं, युवाओं को प्रमुखता से उम्मीदवार बनाया गया है। महिला-पुरुष के आधार पर वर्गीकरण करें तो, इस सूची में 16 महिलाएं और 25 पुरुष शामिल हैं, जो कांग्रेस 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को देने के वादे को पूरा करती है। इन 41 विधानसभा सीटों के उम्मीदवारों की एवरेज उम्र 46 वर्ष है। इस सूची में महिलाओं की एवरेज उम्र 42 वर्ष और पुरुषों की उम्र 49 वर्ष है। इस सूची में 12 सामान्य वर्ग के, 9 मुस्लिम, 12 ओबीसी, 7 अनुसूचित जाति और 1 सिख उम्मीदवार शामिल हैं। इस सूची में सामान्य वर्ग 12 उम्मीदवारों में 9 ब्राह्मण और 3 राजपूत शामिल हैं, वहीं ओबीसी के 12 उम्मीदवारों में 1 बनिया, 1 गुर्जर, 5 जाट, 2 कश्यप समेत 1 कुर्मी, 1 प्रजापति व 1 सैनी शामिल हैं। वहीं अनुसूचित जाति से 1 धनगर, 1 धोबी, 2 जाटव, 1 खटिक समेत 2 वाल्मीकि समाज के उम्मीदवार शामिल हैं।