प्रदेश में फिल्म सिटी का विकास पी0पी0पी0 मोड पर

75

मुख्यमंत्री ने ‘राइजिंग उ0प्र0 2020-21’ कार्यक्रम को सम्बोधित किया मुख्यमंत्री ने कोरोना संकट के दौरान कुशल नेतृत्व करने और कोरोनावैक्सीनेशन अभियान चलाने के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। देश के विकास के लिए उ0प्र0 का विकास आवश्यक राज्य तेजी से प्रगति के पथ पर अग्रसर राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के 04 लाख नौजवानों को पारदर्शी ढंग से नौकरियां दी गईं। कोविड-19 के दौर में भी उ0प्र0 में बेरोजगारी सबसे न्यूनतम स्तर पर सी0एम0आई0ई0 के डाटा के अनुसार अब यहदर 04 प्रतिशत है, जो वर्ष 2016 में 17.5 प्रतिशत थी।‘ईज ऑफ डुइंग बिजनेस’ में आज उ0प्र0 दूसरे स्थान पर वर्ष 2015-16 में प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय मात्र43 हजार रु0 थी, जो अब बढ़कर 95 हजार रुपये हो गई है।वर्तमान सरकार ने सत्ता सम्भालते ही प्रदेशमें अवस्थापना विकास पर ध्यान केन्द्रित किया अब उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य नहीं।प्रदेश में फिल्म सिटी का विकास पी0पी0पी0 मोड पर किया जा रहा है।राज्य सरकार के प्रयासों से आज उत्तर प्रदेश देश की दूसरीसबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है, जबकि पूर्व में यह 5वें नम्बर पर थी राज्य सरकार उ0प्र0 को देश की नम्बर वन इकोनॉमी बनाने के लिए कटिबद्ध।पिछले लगभग 04 वर्षों में राज्य सरकार ने किसानों के उत्थान के लिए अनगिनत कार्य किए। भारत के जनमानस में राम का वास है।


लखनऊ – मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज यहां समाचार चैनल न्यूज 18 उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित ‘राइजिंग उत्तर प्रदेश 2020-21’ कार्यक्रम को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि देश के विकास के लिए उत्तर प्रदेश का विकास आवश्यक है। उत्तर प्रदेश की वर्तमान सरकार के कार्यकाल के दौरान राज्य तेजी से प्रगति के पथ पर अग्रसर है। सबको देश और प्रदेश के हित में कार्य करना चाहिए। प्रदेश की कार्यपद्धति को आज सभी लोग सराह रहे हैं। भारत की सनातन आस्था यहां के मूल्यों में निहित है। भारतीय संस्कृति का संरक्षण करना हम सबका दायित्व है।

     मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़ी संख्या में लोग उत्तर प्रदेश सरकार के कार्यों की प्रशंसा करने के लिए अपने संदेश और पत्र भेजते हैं, जो अत्यन्त प्रेरणादायी है। हर चुनौती का मुकाबला कर उसे अवसर में बदला जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निरन्तर प्रदेश के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। राज्य में नई कार्य संस्कृति विकसित हो रही है। इस बार प्रदेश का बजट पेपर लेस रूप में पेश किया गया।

   मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के 04 लाख नौजवानों को पारदर्शी ढंग से नौकरियां दी गई हैं। यही नहीं निजी क्षेत्र में भी लाखों नौजवानों को नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के दौर में भी उत्तर प्रदेश में बेरोजगारी सबसे न्यूनतम स्तर पर है। सी0एम0आई0ई0 के डाटा के अनुसार अब यह दर 04 प्रतिशत है, जो वर्ष 2016 में 17.5 प्रतिशत थी। ‘ईज ऑफ डुइंग बिजनेस’ में आज उत्तर प्रदेश दूसरे स्थान पर है। उद्योगों को अच्छा वातावरण देने और निवेश आकर्षित करने के लिए सेक्टोरल पॉलिसीज़ बनायी गयीं। साथ ही, निवेश मित्र पोर्टल भी स्थापित किया गया।

स्वतंत्रता के समय देश व प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय समान थी। वर्ष 2015 में प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय एक तिहाई पर आ गई। राज्य सरकार के प्रयासों से आज उत्तर प्रदेश देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है, जबकि पूर्व में यह 5वें नम्बर पर थी। वर्ष 2015-16 में प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय मात्र 43 हजार रुपये थी, जो अब बढ़कर 95 हजार रुपये हो गई है।

राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत किए गए बजट में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मंत्र का पूरा ध्यान रखा गया है। इसमें क्षेत्र, जाति, मत, मजहब किसी पर फोकस नहीं किया गया। यह बजट सबके विकास के लिए है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने सत्ता सम्भालते ही प्रदेश में अवस्थापना विकास पर ध्यान केन्द्रित किया।

पूर्वान्चल एक्सप्रेस-वे की समीक्षा करने पर पता चला कि उस समय तक इसके लिए भूमि का अधिग्रहण नहीं किया गया था। तब वर्तमान सरकार ने इसके निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की शुरुआत की। एक साथ टेक्निकल और फाइनेंशियल बिड मंगवाने से आज यह एक्सप्रेस-वे 11 हजार 800 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा है। पहले इसकी लागत ज्यादा आ रही थी। उन्होंने कहा कि पूर्वान्चल एक्सप्रेस-वे का 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और यह शीघ्र ही जनता के उपयोग के लिए खोला जाएगा।

   मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके अलावा प्रदेश में कई अन्य एक्सप्रेस-वे, जिनमें बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे, गंगा एक्सप्रेस-वे तथा गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे शामिल हैं, पर कार्य चल रहा है। इसके अलावा, प्रदेश के कई शहरों में मेट्रो रेल चलाने की कार्यवाही चल रही है। आज प्रदेश में बेहतर कनेक्टिविटी मौजूद है। अब उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य नहीं है।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश में फिल्म सिटी का विकास पी0पी0पी0 मोड पर किया जा रहा है। यह उत्कृष्ट और अन्तर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तर प्रदेश को देश की नम्बर वन इकोनॉमी बनाने के लिए कटिबद्ध है।

     मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पिछले लगभग 04 वर्षों में राज्य सरकार ने किसानों के उत्थान के लिए अनगिनत कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि किसान आन्दोलन को कुछ तत्व मिस गाइड कर रहे हैं। अदालत के फैसले के उपरान्त अब अयोध्या में जन आकांक्षाओं के अनुरूप भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर निर्मित कराया जा रहा है। गरीब राम को रोटी से जोड़कर काम करता है। यह आस्था का सवाल है। उन्होंने कहा कि देश में संवैधानिक दायरे में रहकर ही राम मंदिर का निर्माण होगा। भारत के जनमानस में राम का वास है।


राज्य सरकार प्रदेश में कानून का राज स्थापित कर रही है। अपराध व अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेन्स की नीति अपनायी गयी है। महिला सुरक्षा के लिए प्रदेश में कई कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा के प्रति समाज के सभी लोगों को संवेदनशील होना होगा।


     मुख्यमंत्री जी ने कोरोना संकट के दौरान कुशल नेतृत्व करने और कोरोना वैक्सीनेशन अभियान चलाने के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने अपने कुशल नेतृत्व से देश की जनता को सुरक्षित रखा। प्रधानमंत्री जी ने स्वयं टीका लगवाया, ताकि लोगों के मन की भ्रांतियां दूर हो सकें। उन्होंने कहा कि अभी कोरोना का खतरा टला नहीं है।


     इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कोरोना काल के दौरान निरन्तर कार्य करने वाले कोरोना वॉरियर्स, स्वास्थ्य कर्मियों, पुलिस कर्मियों, कोरोना वैक्सीन के निर्माण में लगे वैज्ञानिकों और डॉक्टरों का भी अभिनन्दन किया। उन्होंने सभी से कोरोना प्रोटोकॉल का अनुपालन करने की अपील की। सभी लोग इस महामारी से बचने के लिए मास्क अवश्य लगाएं और दूरी बनाए रखें।इस अवसर पर अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री मोहसिन रजा, उत्तर प्रदेश फिल्म विकास परिषद के अध्यक्ष राजू श्रीवास्तव, अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल, अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एवं सूचना संजय प्रसाद, सूचना निदेशक शिशिर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।