2022 में टूटेगा जीत का रिकार्ड-डा0 दिनेश शर्मा

149

मोदी और सीएम योगी  द्वारा किए गए विकास कार्यों से विपक्ष दलों के बीच में घबराहट का वातावरण।विधानसभा का आने वाला चुनाव निर्णायक चुनाव होगा।आगामी विधानसभा चुनाव में  टूटेगा भाजपा की जीत का पिछला रिकार्ड ।विपक्ष विकास व जनहित के मोर्चे पर  भाजपा का सामना नहीं कर सकता ।विपक्ष के बहुत से दलों का अपराधियों को प्रश्रय देने का इतिहास रहा।कोरोना की संभावित तीसरी लहर के लिए सरकार ने की पुख्ता तैयारी ।विपक्ष ने वैक्सीन को लेकर भ्रम फैलाया ।समाज और देश के लिए अपनी क्षमता का सदुपयोग करें।मुकाम हासिल करने के लिए लक्ष्य का निर्धारण कर सतत प्रयास करना जरूरी ।कार्यकर्ता  पार्टी का सबसे बडा संबल। 

मुरादाबाद/ लखनऊ। उपमुख्यमंत्री डा0 दिनेश शर्मा ने कहा कि  आने वाला विधानसभा का चुनाव निर्णायक चुनाव होगा। भाजपा को  जनता के आशीर्वाद से इस चुनाव में पिछले चुनाव से भी बडी जीत हासिल होगी। आगामी विधानसभा चुनाव में जीत का पिछला रिकार्ड भी टूट जाएगा।  उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और सीएम योगी  द्वारा लक्ष्य तय कर जनहित में किए गए कार्यों से विपक्ष दलों के बीच में डर का वातावरण  है। अब उन्हे पता चला है कि मोदी जी और योगी जी क्या हैं। आज  विपक्ष विकास व जनहित के मोर्चे पर  भाजपा का सामना नहीं कर सकता है। इसलिए  वे जातीय उन्माद के आधार पर प्रदेश के वातावरण को दूषित करने का सपना देख रहे हैं। यूपी में अब भाई भतीजावाद भ्रष्टाचारवाद परिवारवाद के लिए कोई जगह नहीं है ।  यहां पर केवल भाजपा का विकासवाद ही चलेगा। भाजपा इसी विकास वाद के आधार पर रणनीति बनाती है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि विपक्ष के बहुत से दलों का अपराधियों को प्रश्रय देने का इतिहास रहा है । अपराधियों की कोई जाति नहीं होती है। जिस जाति विशेष के प्रति आज  विपक्षी दलों  का प्रेम उमड रहा है उनके साथ  इन दलों ने सत्ता में होने के समय अत्याचार किया था। इसलिए इन लोगों को इस प्रकार के पश्चाताप सम्मेलन करने पड रहे हैं। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि कोरोना काल में सुरक्षा को प्राथमिकता में रखते हुए  सरकार ने परीक्षा नहीं कराने का निर्णय लिया  था।  प्रयागराज बोर्ड के इतिहास में पहली बार ऐसा हो रहा है जब  विद्यार्थियों के पिछले परिणाम के आधार पर परीक्षाफल घोषित किया गया है। परीक्षा परिणाम छात्र को आगे  की भूमिका तय करने का अवसर देते हैं।  इन परिणाम में आए अंक में  सुधार के लिए भी इच्छुक विद्यार्थी को  एक अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि  विश्वविद्यालय की परीक्षा भी 17 अगस्त तक समाप्त हो जाएंगी। उसके विश्वविद्यालयों में शिक्षण  कार्य आरंभ हो इसके लिए भी तैयारी की जा रही है।

 आफ लाइन शिक्षण पर भी विचार हो रहा है। कोरोना से बचाव को  सरकार की पहली प्राथमिकता बताते हुए डा शर्मा ने कहा कि   विशेषज्ञ कोरोना की जिस तीसरी लहर की संभावना जता रहे हैं सरकार ने उससे बचाव के लिए पुख्ता तैयारी कर ली है। पूरी चाक चौबन्द तैयारी की जा रही है।  हर जगह  वेन्टीलेटर आक्सीजन आदि की व्यवस्था के साथ ही महिलाओं व बच्चों के लिए अलग से बेड की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि  सरकार के साथ ही पार्टी  संगठन  ने भी कोरोना काल में सेवा के संकल्प को पूर्ण मनोयोग से किया है। सेवा ही संगठन अभियान के तहत पार्टी ने कोरोना पीडितों आदि की मदद की है।  इस सेवा कार्य के दौरान पार्टी ने अपने विधायक मंत्रियों व कार्यकर्ताओं को भी खोया है। इसके बाद भी पार्टी और सरकार पूरी मजबूती से मोर्चे पर  डटे रहे। इसके विपरीत विपक्ष के नेता घरों में  छिपे बैठे रहे। ऐसे ही कुछ नेता आज जनता में जातीय उन्माद  तथा अनर्गल बातों से  जनआक्रोश पैदा करने का सपना देख  रहे हैं। उन्होंने पूछा कि ऐसे लोग तब कहां थे जब जनता कोरोना से पीडित थी। असल में ये  लोग तब एसी कमरों में बैठकर सरकार के खिलाफ ट्वीट करने में लगे थे। इतना ही नहीं ऐसे लोगों ने वैक्सीन को लेकर समाज में भ्रम फैलाने का भी काम किया है  पर बाद में ऐसे नेताओं के परिजनों ने भी वैक्सीन को लगवाया है। आज दिल्ली में विपक्ष के बड़े नेता ने भी अपने स्वास्थ्य की चिन्ता करते हुए   भारत की वैक्सीन को लगवाया है।  उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा क्षेत्र में बडा बदलाव आया है। नकलविहीन परीक्षा व पाठ्यक्रम में बदलाव  शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा दे रहे हें।  सरकार के कार्यो के प्रति जनता की भी सकारात्मक स्वीकृति देखने को मिलती है। जिला पंचायत अध्यक्ष आदि के चुनाव में पार्टी को मिली जीत से इसकी पुष्टि होती है। 

जब हमारे प्रदेश के शिक्षा मंत्री ही लोगों को शिक्षा देते रहेंगे और खुद अनुपालन नहीं करेंगे तो हम Covid-19 की तीसरी लहर से आखिर कैसे बच पाएंगे आप देखिए इस भीड़ में उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा,मंत्री भूपेन्द्र चौधरी भी मास्क विहीन हैं । 

इसके पूर्व तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय के दीक्षान्त समारोह  को सम्बोधित करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन के लक्ष्य को पूरा करने के बाद राष्ट्रसेवा के लिए समर्पण करने के साथ ही समाज और देश के लिए अपनी क्षमता का सदुपयोग करें। उन्होंने कहा कि दीक्षान्त समारोह जिन्दगी का निर्णायक दौर  होता है जब छात्र शैक्षिक यात्रा के अन्तिम पडाव पर पहुचते हैं।  दीक्षान्त समारोह शिक्षा का अन्त नहीं बल्कि जीवन के अगले दौर का प्रारब्ध है। अपने अनुभव को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि मुकाम हासिल करने के लिए लक्ष्य का निर्धारण कर सतत प्रयास करना जरूरी है।  उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के  शुरुवात में एक समय ऐसा भी था जब प्रदेश में जांच से लेकर कोरोना के उपचार की सुविधा नहीं थी। आगरा में पाए गए पहले मरीज की जांच पुणे तथा उपचार दिल्ली में कराना पडा था।  पिछली सरकारों के  की कार्यशैली के चलते उस समय में प्रदेश में  कुछ ही जिलों में वेन्टीलेटर व आक्सीजन की व्यवस्था थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में यूपी के मुख्यमंत्री ने कोरोना के लिए जिस प्रकार  का प्रबंधन किया उसकी पूरी दुनिया में सराहना हुई। जगह गजह अस्पताल  खोले गए , मेडिकल किट वितरण हुआ , 74 हजार आंगनवाडी  कार्यकत्री व निगरानी समितियों के जरिए गावों में मरीजों को चिन्हित किया ,  आक्सीजन का इंतजाम किया गया। कोरोना नियंत्रण के लिए  प्रदेश सरकार ने थ्री टी का फार्मूला अपनाया जो बेहद कारगर रहा है। सरकार की इसी नीति के चलते प्रदेश मात्र कुछ ही दिन में कोरोना संक्रमण की भयावहता को कम करने में सफल रहा है। कोरोना अभी गया नहीं है। प्रधानमंत्री कहते हैं कि कोरोना बहुरूपिया है । इसके अलग अलग रूपों का सबको मिलकर सामना करना है।  इस दीक्षान्त समारोह में  कोरोना का जिक्र इसलिए किया है  जिससे कि  यहा मौजूद शिक्षित युवा कोरोना के रोकथाम  के लिए समाज में  जागरूकता के प्रसार में  अपनी भूमिका का निर्वहन कर सकें। उन्होंने  कहा कि मास्क से लेकर दो गज की दूरी आदि सभी नियमों के पालन  पर जोर दिया जाना चाहिए। 

उपमुख्यमंत्री ने  इसके पूर्व पार्टी पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक में कहा कि   कार्यकर्ता  पार्टी का सबसे बडा संबल होता है। उनका कहना था कि कार्यकर्ता चाहे तो  किसी को भी आसमान पर बैठा दे और अगर नाराज हो तो धरातल पर लाने में भी देर नहीं लगाता है।  भाजपा के कार्यकर्ताओं  ने कठिनाई से भरा सफर तय किया है। आज पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकारें है। इस ऐतिहासिक  यात्रा के पीछे  सिद्धातों व  नीतियों के आधार पर बनाया संगठन है। कार्यकर्ता कभी  इन नीतियों व सिद्धातों से कभी विमुख नहीं हुए। संगठन में ऊपर से जो मार्गदर्शन मिला उसका पूर्णत: पालन किया गया। उन्होंने अपने महापौर चुनाव के अनुभव का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस किसी के पास भाजपा जैसे समर्पित कार्यकर्ता होंगे जो दिन रात के बीच अन्तर किए बिना भूखे पेट कार्य करते हों वह कभी चुनाव हार नहीं सकता है। कार्यक्रम में  उत्तर  प्रदेश सरकार में मंत्री भूपेन्द्र चौधरी, एमएलए रितेश गुप्ता , एमएलसी जयपाल सिंह  , एमएलए राजेश कुमार चुन्नू , एमएलसी सर्वेश कुमार सिंह , एमएलसी हरी सिंह ढिल्लो, महापौर  विनोद अग्रवाल, जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह चौहान , महानगर अध्यक्ष धर्मेन्द्र नाथ मिश्रा आदि  प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।