प्रदेश की जेलों में खाली पड़े पदों पर जल्द होगी नियुक्ति-जेलमंत्री

114

प्रदेश की जेलों में खाली पड़े पदों पर होगी जल्दी नियुक्ति।मुख्यालय में नियुक्ति के लिए मुख्यमंत्री से करूंगा बात।बन्दियों की मनोदिशा सुधारने के लिए चलाया जाएगा अभियान।

राकेश यादव

प्रदेश की जेलों में खाली पदों पर अधिकारियों की जल्दी नियुक्ति कराई जाएगी। मुख्यालय में अफसरों की नियुक्ति के लिए मुख्यमंत्री से बात करूंगा। बन्दियों की मनोदशा में सुधार लाने के अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए प्रदेश की समस्त जेल अधिकारियों को जेलों में गायत्री मंत्र जाप कराए जाने के निर्देश जारी कर दिए गये है। बन्दियों को गर्मी में ठंडा पानी उपलब्ध कराने के लिए घड़े दिए जाएंगे।यह बात प्रदेश के नवनियुक्त कारागार एवं होमगार्ड मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने खास बातचीत करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि जेल में अपराधी दो प्रकार के होते है। एक पेशेवर अपराधी और एक आकस्मिक परिस्थितियों में हुए अपराध के मामले में जेल भेजे गए अपराधी होते है। पेशेवर अपराधियों के साथ सख्ती से निपटा जाएगा, वहीं गैर पेशेवर अपराधियों की मनोदशा बदलने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए आध्यात्मिक कार्यक्रमों के साथ खेल-कूद आदि की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।एक सवाल के जवाब में जेलमंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि मंत्री बनने के बाद जब वह पहले बार अपने गृह जनपद आगरा पहुंचे तो उन्हें आगरा जेल में एक नई निर्मित बैरक के उद्घाटन में जेल में जाने का मौका मिला। जेल में जाते वक्त उन्होंने देखा कि एक बन्दी प्लास्टिक का मग लेकर पीने का पानी लेने जा रहा था। उन्होंने इससे पहले ही प्रदेश के समस्त जेल अधिकारियों को बन्दियों को ठंडा पानी उपलब्ध कराने के लिए घड़े दिए जाने का निर्देश दिया था। बन्दियों को ठंडे पानी के लिए घड़े उपलब्ध करा दिए गए है।


जेल मंत्री ने बताया कि उन्हें इस बात कि जानकारी हुई कि प्रदेश की जेलों में तमाम ऐसे बन्दी हैं जो जुर्माना राशि नहीं जमा कर पाने की वजह से सजा काट रहे है। पदभार संभालने के तुरंत बाद ही उन्होनें जेल अधिकारियों को निर्देश दिया ऐसे बन्दियों को चिन्हित कर जुर्माने की धनराशि बताए। इस कड़ी में उन्होंने भाजपा के स्थापना दिवस के मौके पर करीब 90 हज़ार की जुर्माना धनराशि जमा करवाकर 136 बन्दियों को रिहा कराया। जुर्माना धनराशि छत्तीसगढ़ की एक स्वयं सेवी संस्था की ओर से जमा की गई। जेल मंत्री ने बताया कि एक बन्दी 11 हज़ार रुपये की जुर्माना राशि जमा नहीं कर पाने की वजह से पिछले सात साल से जेल में बंद था। जेल से छूटने के बाद उसने बताया कि उसका अब कोई नहीं है। जिसने भी उसकी जुर्माना धनराशि को जमा कर छुड़वाया है मैं उनका आजीवन आभारी रहूंगा। बन्दी के इस जवाब को उन्हें काफी संतुष्टि मिली।जेलमंत्री ने कहा कि ऐसे बन्दियों की मनोदशा बदलने के लिए ही जेलों में गायत्री मंत्र का जाप शुरू कराया गया है। जिससे जब वह जेल से छूटकर अपने गाँव घर जाए तो उनके व्यवहार से उन्हें सम्मान मिले।


जेल एवं होमगार्ड मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा आगरा प्रवास के दौरान उनके यहां सड़क दुर्घटना में एक होमगार्ड सिपाही की मृत्यु हो गयी। मृतक होमगार्ड के जब वह घर गए तो वहां मौजूद लोगों ने कहा कि आप पहले ऐसे मंत्री है जिन्होंने एक सिपाही के घर आकर सांत्वना देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि कारागार और होमगार्ड विभाग हमारा परिवार है। इनके सुखदुख में हम साथ है। एक सवाल के जवाब में जेलमंत्री ने कहा कि निलंबित जेल अधीक्षकों के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। जानकारी करूंगा कि किन प्रकरणों व मामलों में उन्हें निलंबित किया गया है। निलंबित अधीक्षकों को बहाल कराने का प्रयास किया जाएगा। जेल मुख्यालय में कई वरिष्ठ पदों पर अधिकारियों के तैनात नहीं होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह इसके लिए मुख्यमंत्री से बात करेंगे।जेलमंत्री धर्मवीर प्रजापति ने बताया कि मंत्री पद का दायित्व देने के बाद प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि तुम्हे एक बड़ी जिम्मेदारी दी गयी है। चुनौतीपूर्ण इन विभागों में बदलाव दिखाई पड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि मैं आपकी उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा। उन्होंने कहा कि कारागार और होमगार्ड विभागों में जल्दी ही सुधार दिखाई पड़ने लगेगा।