भाजपा के नवनियुक्त चौधरी का उत्तर प्रदेश में भव्य स्वागत

85

लखनऊ। भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह ने सोमवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय पर आयोजित स्वागत व अभिनंदन समारोह के बाद औपचारिक रूप से अपना पदभार ग्रहण कर लिया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह जी, केन्द्रीय मंत्री व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा0 महेन्द्र नाथ पाण्डेय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा0 रमापति राम त्रिपाठी, सूर्य प्रताप शाही, डा. लक्ष्मीकान्त बाजपेयी सहित पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों ने भूपेन्द्र सिंह को मंच से अपने आसन तक पहुंचाया। बाद में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह जी को मिष्ठान खिलाकर उनके सफलतम कार्यकाल के लिए शुभकामनाऐं दी। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह के प्रथम आगमन पर स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं का उमड़ा जनसैलाब।आज लखनऊ के पार्टी प्रदेश मुख्यालय में भाजपा उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह का स्वागत समारोह में मुख्यमंत्री, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या व मंत्री गण सहित कई वरिष्ठ जनों की गरिमामयी उपस्थिति रही।तत्पश्चात् नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं से भेंट भी की।

भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन की जिम्मेदारी को बखूबी निभाने की क्षमता और योग्यता रखने वाले भूपेंद्र सिंह को प्रदेश का हर कार्यकर्ता जानता है। उन्होंने कहा कि बिना किसी प्रोपगंडा के पंचायतीराज व्यवस्था को सुदृढ़ करने, लोक कल्याण कारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के लिए कैसे काम किया जाता है चौधरी उसके एक उदाहरण है। इन्हीं क्षमता और गुणों के कारण ही प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व मिला है। उन्होंने कहा कि चौधरी प्रत्येक कार्यकर्ता को साथ में लेकर केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं को आगे बढ़ाने, सरकार व संगठन के बीच समन्वय को आगे बढ़ाने में सफल होंगे।

भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि रमापति राम त्रिपाठी भाजपा के जिलाध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष रहे। उनके बाद राजनाथ सिंह भाजपा के जिलाध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे,और अब वह भाजपा के जिलाध्यक्ष से क्षेत्रीय अध्यक्ष के बाद प्रदेश अध्यक्ष बने हैं। इसलिए यह उनके लिए एतिहासिक है। उन्होंने कहा कि यह भाजपा में ही संभव है।

भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि सरकार और संगठन के बीच समन्वय का कोई विवाद नहीं है। संगठन ने सरकार बनाई है और सरकार संगठन के एजेंडे पर ही चल रही है। चौधरी ने सोमवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पार्टी के 14वें प्रदेश अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगामी नगरीय निकाय और लोकसभा चुनाव में शत प्रतिशत सीटें जिताने का संकल्प दिलाया। कहा, कार्यकर्ताओं के एजेंडे के आधार पर ही सबकुछ होगा।