अब प्रदेश की जमीन पर दुबारा नहीं होगा माफियाराज-स्वतंत्र देव सिंह

98

उत्तर प्रदेश में फिर बनेगी योगी आदित्यनाथ की सरकार।यूपी की जनता परिवारवाद को नहीं पनपने देगी।माफिया का राज अब यूपी की जमीन पर दुबारा कभी नहीं लौटेगा।

भारतीय जनता पार्टी की जन विश्वास यात्रा के साथ शनिवार को बाराबंकी पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने समाजवादी पार्टी पर खुलकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव कह रहे हैं कि मैं आ रहा हूं, जनता उनसे पूछ रही है क्या करने आ रहे हो? क्या गरीबों पर बुलडोज़र चलाने आ रहे हो? जब तक सपा की सरकार थी तब तक यूपी में माफिया का राज था। ना गरीबों को गैस कनेक्शन दिया गया न ही आवास, न अन्य कोई विकास की योजना। श्री सिंह ने कहा कि यूपी की जनता ने वंशवाद, जातिवाद को नकार दिया है और प्रदेश में एक बार फिर से योगी आदित्यनाथ की सरकार बनेगी। 


श्री सिंह ने बाराबंकी में हैदरगढ़ मुख्य चौराहा, रामसनेहीघाट, दरियाबाद, रामनगर और टिकैतनगर में जनसभाएं कीं और हर सभा में जमकर भीड़ उमड़ी। हैदरगढ़ मुख्य चौराहा पर पूर्व विधायक सुंदरलाल दीक्षित द्वारा आयोजित जनसभा में उन्होंने कहा कि भाजपा ने राम मंदिर बनवाया है, इसलिए जनता जान चुकी है कि भाजपा ही हिंदुओं की पार्टी है और भाजपा सरकार में ही हिंदुस्तान सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि भाजपा भारत माता की पार्टी है। कांग्रेस के पंजे और सपा की साइकिल के निशान पर लक्ष्मी नहीं रहती है, माता लक्ष्मी का वास होता है कमल के फूल पर। इससे पूर्व यात्रा के जिले में दाखिल होते ही भाजपा विधायक बैजनाथ रावत और किसान मोर्चा के प्रदेश महासचिव रामबाबू द्विवेदी के नेतृत्व में हजारों लोगों ने उनका  स्वागत किया. यात्रा के दौरान गांवों के लोग सड़क पर आ गए। 


रामसनेहीघाट दरियाबाद और रामनगर में हुई जनसभाओं को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा सरकार द्वारा जनहित में चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाएं साझा की। उन्होंने कहा कि मौजूदा जन समुदाय पाँच काम न करे बाकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर छोड़ दें। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि अपने बेटे-बेटी से कभी गुटखा न मंगवाएं, माँ-बहन-बेटी-पत्नी पर कभी हाथ न उठाएं और अपने माता-पिता के पैर जरूर रोज शाम को दबाएं। जनसभा में आए लोगों को आश्वस्त करते हुए सिंह ने कहा कि देश की चिंता मोदी जी पर और उत्तर प्रदेश की चिंता योगी जी पर छोड़ दें।


प्रदेश अध्यक्ष ने  कहा कि यह मैं नहीं कह रहा हूं बल्कि यहाँ पर मौजूद जन समूह देखकर सहज ही यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई वाली सरकार बनेगी। जन विश्वास यात्रा रामसनेहीघाट से दरियाबाद कस्बा होकर टिकैतनगर के पीडी जैन इंटर कालेज पहुँची। जहां टिकैतनगर के चेयरमैन जगदीश प्रसाद गुप्ता ने यात्रा का स्वागत किया। कार्यक्रम में भजन गायक धर्मेन्द्र पंडित के भजनों पर लोग जमकर झूमे और योगी-मोदी के साथ जय श्री राम के नारे लगाते रहे। रामनगर की जनसभा में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2017 की तर्ज पर ही भाजपा की लहर चल रही है। साफ नीयत, कानून के शासन और सही विकास के सामने सपा-बसपा और कांग्रेस का छलावा टिक नहीं पाएगा। जनता के मन और मत की दिशा स्पष्ट है। सब का साथ मिला है सबका विकास होगा। विकास से हम सबका विश्वास जीत पाए। सब के प्रयास से एक श्रेष्ठ भारत का सपना साकार हो सकेगा। 


उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि सपा-बसपा की सरकारों ने सड़क बनाने के नाम पर एक भी ईंट नहीं रखी, बस अपने परिवार की जेबें गर्म कीं। 2017 के बाद से बड़े-बड़े एक्सप्रेस-वे बन रहे हैं, बिजली अब 24 घंटे मिल रही है, कोई भी गुंडा बदमाश योगी सरकार में बेटियों से छेड़खानी की हिम्मत नहीं जुटा सकता है। उन्होंने कहा कि अगर मैं किसानों की बात करूं तो बाराबंकी गन्ना बाहुल्य क्षेत्र है और योगी सरकार ने गन्ने का मूल्य 325 से बढ़ाकर 350 कर दिया है। श्री सिंह ने कहा कि राष्ट्रवाद के समर्थन में उठ रही इस लहर को कमजोर नहीं पड़ने देना है और ये जिम्मेदारी यूपी की जनता बखूबी निभाएगी।