भाजपा सरकार के 100 दिन पूरे होने पर जनता को महंगाई का जानलेवा उपहार मिल-अखिलेश यादव

75

राजेंद्र चौधरी

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार के 100 दिन पूरे होने पर जनता को महंगाई का जानलेवा उपहार मिल गया है। महंगाई की आग में जलाने के लिए भाजपा सरकार ने रसोई गैस से लेकर आटा-दाल तक के दाम बढ़ा दिए हैं। सबका साथ वाली भाजपा अब सबको भय, भ्रष्टाचार और महंगाई की मार देकर साथ रहने को मजबूर करने की रणनीति पर काम करने लगी है।ऑयल मार्केटिंग कम्पनियों ने घरेलू 14.2 केजी एलपीजी सिलेण्डर के दाम 50 रूपए तक बढ़ा दिए हैं। 5 केजी घरेलू सिलेण्डर के दाम 18 रूपए प्रति सिलेण्डर बढ़ गए हैं।


    जीएसटी काउंसिल की बैठक में नानब्रांडेड आटा, दाल और अनाज पर भी 5 प्रतिशत जीएसटी लगाने का फैसला कर लिया है। इसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ना तय है। इस फैसले से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की कमर टूटना तय हैं। जीएसटी काउंसिल के ताजा फैसले से हर वस्तु के दाम 2 से 5 रूपए प्रतिकिलोे तक बढ़ जाएंगे।स्मरणीय है, भाजपा सरकार ने पेट्रोल-डीजल के दामों में लगातार बढ़ोत्तरी करके लोगों की परेशानियां बढ़ाई हैं। किसान की खेती की लागत बढ़ी है। परिवहन महंगा होने से खाद्य पदार्थ, फल सब्जी, अनाज तथा अन्य घरेलू उपयोग की वस्तुओं के दाम स्वतः बढ़ गए हैं। इसके अतिरिक्त एलईडी, लैंप, पंखो आदि पर 18 प्रतिशत जीएसटी देनी पड़ेगी।


    भाजपा सरकार अपनी हवाई उपलब्धियों की चर्चा तो जोरशोर से कर रही है लेकिन आम आदमी की तकलीफो पर उसका जरा भी ध्यान नहीं है। घरेलू खर्च पर सबसे ज्यादा कटौती हुई है। जनता भाजपा की कुनीतियों से बुरी तरह त्रस्त्र है। व्यापारी और उपभोक्ता लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन भाजपा सरकार को तो जनता के भले बुरे से कोई वास्ता नहीं रहता है। वह तो मनमानी फैसले करने की आदी है। सन् 2024 में जनता भाजपा को सबक सिखाएगी।