वृक्षारोपण में लाभकारी पौधे ही लगाये जायें-मुख्य सचिव

122

मुख्य सचिव ने वीडियो कान्फ्रेन्सिंग के माध्यम से समस्त मण्डलायुक्तों एवं जिलाधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक। 30 करोड़ वृक्षारोपण की तैयारियों की प्रगति की समीक्षा की गई।वृक्षारोपण में केवल लाभकारी पौधे ही लगाये जायें।

लखनऊ। मुख्य सचिव राजेन्द्र कुमार तिवारी की अध्यक्षता में वीडियो कान्फ्रेन्सिंग के माध्यम से समस्त मण्डलायुक्तों एवं जिलाधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में 30 करोड़ वृक्षारोपण की तैयारियों की प्रगति की समीक्षा की गई।  अपने सम्बोधन में मुख्य सचिव राजेन्द्र कुमार तिवारी ने कहा कि इस वर्ष पूरे प्रदेश में 30 करोड़ वृक्षारोपण का लक्ष्य है, जिसको पूरा करने के लिए सभी सम्बन्धित विभागों में समन्वय कर कार्यवाही की जाये।

उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण के कार्य को कोविड प्रोटोकाॅल और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए निष्पादित कराया जाये। उन्होंने कहा कि समय रहते गड्ढ़ों की खुदाई का कार्य पूरा कर लिया जाये तथा वृक्षारोपण हेतु पौधों का चयन करते समय इस बात का विशेष ध्यान रखा जाये कि वह पर्यावरण और जनहित की दृष्टि से अनुकूल, उत्तम एवं उपयोगी हों।

‘ट्रेस,टेस्ट एण्ड ट्रीट’ पॉलिसी का प्रभाव,रिकवरी दर 98.5 प्रतिशत

उन्होंने बरगद, पीपल, नीम, आम, सहजन, सागौन, पाकड़ आदि प्रजातियों सहित फलदार, छायादार तथा औषधीय वृक्षों के रोपण का सुझाव दिया।  उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण एक्सप्रेस-वे, सड़क नहर पटरी, औद्योगिक परिसरों, अन्य राजकीय परिसरों सहित सभी उपयुक्त स्थलों पर कराया जाये। उन्होंने वृक्षारोपण कार्यक्रम में राजकीय विभागों के अलावा स्वैच्छिक संगठनों तथा जनप्रतिनिधियों को भी जोड़ते हुए व्यापक जन सहभागिता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये। उन्होंने रोपित पौधों की देखभाल व सुरक्षा की समुचित व्यवस्था करने को कहा।

उन्होंने जिलाधिकारियों से कहा कि वृक्षारोपण हेतु जो माइक्रोप्लान बनाये गये हैं, उनको वह स्वयं एक बार देख लें और वृक्षारोपण में केवल लाभकारी पौधे ही लगाये जायें।  इससे पूर्व बैठक में बताया गया कि प्रायः सभी जनपदों से पौधों की मांग प्राप्त हो गयी है तथा वृक्षारोपण के लिए गड्ढ़े भी तैयार कर लिये गये हैं। वन विभाग की नर्सरी में 42 करोड़ पौधे उपलब्ध हैं। 26 विभागों को वृक्षारोपण के लिए सहभागी बनाया गया है। सभी जिलो को वृक्षारोपण के लिए रौडमैप उपलब्ध करा दिया गया है, जियो टैगिंग के लिए जरूरी कार्यवाही कर ली गई है।

वन विभाग को 10.80 करोड़, ग्राम्य विकास विभाग को 10.56 करोड़, कृषि विभाग 2.01 करोड़, उद्यान 1.33 करोड़, पंचायतीराज 1.20 करोड़, राजस्व विभाग 1.20 करोड़ तथा पर्यावरण विभाग को 1.20 करोड़ वृक्षारोपण का लक्ष्य आवंटित किया गया है।  बैठक में सम्बन्धित विभागों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, वीडियो कान्फ्रेन्सिंग के माध्यम से समस्त मण्डलायुक्त एवं जिलाधिकारीगण आदि उपस्थित थे। संचालन प्रमुख सचिव नियोजन आमोद कुमार द्वारा किया गया।