भाजपा को नहीं देखना चाहती जनता-अखिलेश यादव

143

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि जनता में भाजपा के प्रति बहुत गुस्सा है। वह एक दिन भी भाजपा को सत्ता में नहीं देखना चाहती है। चारों ओर भाजपा हटाओ का शोर है। समाज का हर वर्ग परेशान है। भाजपा का सफाया तय है। इसलिए इस बार 400 पार की विधानसभा में संख्या का नारा सामयिक है।


अखिलेश यादव आज पार्टी मुख्यालय, लखनऊ में डाॅ0 संजय सिंह चौहान के नेतृत्व में बलिया से 16 अगस्त से प्रारम्भ जनवादी पार्टी (सोशलिस्ट) की ‘भाजपा हटाओं, प्रदेश बचाओ‘ जनवादी जनक्रांति यात्रा के समापन के अवसर पर बड़ी संख्या में एकत्र जनसमुदाय को सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर पूर्व रक्षामंत्री श्री मुलायम सिंह यादव ने भी आकर सभी को धन्यवाद दिया और भाजपा को सत्ता से हटाने और समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का आव्हान किया।


अखिलेश यादव ने कहा कि सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल की किसान-नौजवान-पटेल यात्रा, महान दल की श्री केशव मौर्य के नेतृत्व में निकली ‘जनाक्रोश यात्रा, प्रदीप यादव के नेतृत्व में अधिवक्ता सभा की ‘संविधान बचाओ, संकल्प यात्रा‘ इन्द्रजीत सरोज 01 सितम्बर से 10 सितम्बर तक जन सम्पर्क कार्यक्रम कर रहे हैं। इन यात्राओं से उत्तर प्रदेश में सत्ता परिवर्तन का संदेश गया है। जिन-जिन जनपदों से ये यात्राएं निकली है, वहां भाजपा का सफाया तय है। सन् 2022 में भाजपा को ये यात्राएं हटाकर ही दम लेंगी।


श्री यादव ने कहा कि भाजपा ने किसानों को धोखा दिया है। उनकी आय दुगनी करने का वादा पूरा नहीं हुआ, मंहगाई जरूर दुगनी हो गई है। घरेलू ईंधन गैस के दाम बढ़ते जा रहे हैं, महिलाओं का घर चलाना मुश्किल हो गया है। डीजल-पेट्रोल महंगा हो गया है। भाजपा के एक मंत्री का कहना है कि वे मिलावट नहीं कर पाए इसलिए सरसों का तेल महंगा हो गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने खाद की बोरी में खाद में 5 किलो की कमी कर दी। पर दाम वही रखे। भाजपा गैस सिलेंडर में भी गैस कम कर सकती है।


अखिलेश यादव ने कहा कि कहा गया था कि नोटबंदी से भ्रष्टाचार मिट जाएगा, भ्रष्टाचार कहां खत्म हुआ। भ्रष्टाचार पर कहीं रोक नहीं है।उन्होंने कहा कि भाजपा ने जो नहीं दिया जनवादी पार्टी (सोशलिस्ट) नेताओं, कार्यकर्ताओं को समाजवादी पार्टी पूरा सम्मान देगी। समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय के लिए प्रतिबद्ध है।

जनवादी पार्टी (सोशलिस्ट) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डाॅ0 संजय सिंह चौहान ने कहा कि उनकी जनवादी जनक्रांति यात्रा पूर्वांचल के डेढ़ दर्जन जिलों में गई है। चौहान समाज अब पूरी तरह सपा के साथ है। वह किसी भी तरह भाजपा से गुमराह नहीं होगा। हम सब विधानसभा चुनावों में सपा को जिताएंगे और 2022 में श्री अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाएंगे।


विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामगोविन्द चौधरी ने कहा कि ये यात्राएं तब तक चलती रहनी चाहिए जब तक भाजपा की विदाई न हो जाए।इस अवसर पर सलीम शेरवानी, राजेन्द्र चौधरी, शिवाकांत ओझा, उदयवीर सिंह,अरविन्द कुमार सिंह, रामवृक्ष सिंह, डाॅ0 के.सी. पाण्डेय, अरविन्द गिरि, एडवोकेट ओमकार चौहान, राजेश चौहान, मन्नी सिंह, सरिता रानी आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। जनवादी पार्टी की ओर से अखिलेश यादव को सम्मानित भी किया गया।

सैकड़ों लोगों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण किया

अखिलेश यादव के नेतृत्व में भरोसा करते हुये समाजवादी प्रदेश कार्यालय में आज सैकड़ों लोगों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण किया।
पूर्व एमएलसी राकेश सिंह राणा (हाथरस), पूर्व मंत्री विनोद तेजयान (सहारनपुर), बसपा छोड़कर संजीव त्यागी (बुलन्दशहर), पूर्व प्रमुख चौधरी साहब सिंह एवं सुरेश कुमार (सहारनपुर), भाजपा छोड़कर पूर्व प्रमुख जयपाल सिंह (सहारनपुर), धीरेन्द्र वीर सिंह पुत्र राजवीर सिंह पूर्व सांसद आंवला बरेली, मुन्ना लाल (बुलन्द शहर), हुसैन अली एवं विनय शर्मा (बुलन्दशहर), कांग्रेस छोड़कर अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ समाजवादी पार्टी में शामिल हुये।


पूर्व मंत्री स्वर्गीय कुंवर विवेक सिंह की पत्नी श्रीमती मंजुला विवेक सिंह ने अपने सहयोगियों सर्वश्री ईशान सिंह, यशोवर्धन सिंह, खुर्शीद अहमद खान, राजेश सिंह गौतम, वरिष्ठ सभासद, संदीप यादव सभासद, वीरेन्द्र सिंह, महेन्द्र सिंह, विद्यानंद सिंह, पुष्पेन्द्र श्रीवास्तव, धनंजय सिंह, ताहिर खान, सुधीर सिंह सहित बांदा जनपद के अन्य तमाम लोग कांग्रेस छोड़कर समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।इस अवसर पर नेता विरोधी दल रामगोविन्द चौधरी, पूर्व सांसद श्री सलीम शेरवानी, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, एम.एल.सी. उदयवीर सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।