मुख्य सचिव महोबा के विकास कार्यों की समीक्षा की

113

मुख्य सचिव द्वारा 100 पाम रिसोर्ट में जनपद के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महोबा के विकास कार्यों की समीक्षा की गयी


लखनऊ/महोबा। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव राजेन्द्र कुमार तिवारी ने 100 पाम रिसोर्ट में जनपद के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महोबा के विकास कार्यों की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क निर्माण, खनन व अन्य निर्माण कार्यों के बारे में जानकारी ली। पर्यटन विभाग की गोरखगिरि विकास एवं रोप वे परियोजना जिसका हाल में ही 10.24 करोड़  रुपए स्वीकृत हुआ है के बारे में उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि इस योजना को एक वर्ष के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाये। उन्होंने मंडलायुक्त चित्रकूटधाम को निर्देशित करते हुए कहा कि इस योजना का अपने पर्यवेक्षण में निर्माण कराएं और प्रतिमाह इसका निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि यह योजना माननीय मुख्यमंत्री की उच्च प्राथमिकता में है इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। इसके साथ ही उन्होंने 3.80 करोड़ रुपये लागत से मदन सागर पर्यटन विकास, 1.65 करोड़ रुपए की लागत से कीरत सागर का विकास आदि कार्यों की समीक्षा की। 

जिलाधिकारी महोबा को निर्देशित करते हुए कहा कि पर्यटन विकास हेतु महोबा जनपद में कई संभावनाएं हैं, यहां के स्थलों को चिन्हित कर उनका प्रस्ताव भेजा जाए। उन्होंने जल जीवन मिशन जिसके तहत 5 पेयजल परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं, की समीक्षा करते हुए कहा कि इन योजनाओं का लगभग 55 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है, जून 2022 तक सभी परियोजनाएं पूर्ण हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि अर्जुन सहायक परियोजना पूर्ण हो चुकी है, इससे लगभग 59000 हेक्टेयर का क्षेत्र सिंचित होगा। उन्होंने बताया कि महोबा में चिकित्सा के क्षेत्र में 200 बेड का अस्पताल तथा नवीन जिला अस्पताल तैयार किया जाना प्रस्तावित है, इस हेतु 169 करोड़ रुपए का प्रस्ताव किया गया है, जल्द ही इस दिशा में प्रयास कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि महोबा शहर के विकास हेतु 196 करोड़ रुपए की लागत से 12.6 किमी की रिंग रोड तैयार करने का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है, यह कार्य होने से महोबा शहर के विकास में इज़ाफ़ा होगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन को लेकर मंगल गढ़ दुर्ग को मुक्त कराने का कार्य किया जा रहा है। जिलाधिकारी महोबा इसके लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। यह कार्य कराने की हर सम्भव कोशिश की जाएगी ताकि महोबा के इतिहास व संस्कृति को  संरक्षित किया जा सके। समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त चित्रकूटधाम दिनेश कुमार सिंह, आईजी के सत्यनारायण, डीएम सत्येन्द्र कुमार, एसपी सुधा सिंह सहित अन्य कई वरिष्ठ अधिकारी गण मौजूद रहे।