व्यापार के लिए सुरक्षा और कानून व्यवस्था बहुत जरूरी-योगी

75

व्यापारी सुरक्षित होगा तो प्रति व्यक्ति आय बढ़ेगी।व्यापार के लिए सुरक्षा और बेहतर कानून व्यवस्था बहुत जरूरी।सपा सरकार में अपराधियों ने व्यापारियों को पलायन के लिए मजबूर किया।सपा सरकार के शासन में 500 दंगे हुए, व्यापारियों के प्रतिष्ठानों को जलाया गया।लखनऊ में श्रवण साहू के पुत्र की हत्या की गई।व्यापारी अगर न्याय की गुहार करता तो उस पर झूठे मुकदमे लगाए जाते थे।

हिमांशु दुबे

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित व्यापारी सम्मेलन को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा उपमुख्यमंत्री डा0 दिनेश शर्मा ने सम्बोधित किया। लखनऊ महानगर के कैम्पल रोड स्थित जे0एस0 लॉन में बड़ी संख्या में उपस्थित व्यापारियों के सम्मेलन में भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ केे प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा तथा महानगर संयोजक अभिषेक खरे ने तराजू भेंटकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा उपमुख्यमंत्री डा0 दिनेश शर्मा का अभिनन्दन किया। सम्मेलन में जल शक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह, महापौर संयुक्ता भाटिया, पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष शेष नारायण मिश्रा, लखनऊ महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा, व्यापारी कल्याण बोर्ड उपाध्यक्ष मनीष गुप्ता, प्रदेश सह संयोजक अनूप गुप्ता, मुकुंद मिश्रा, क्षेत्रीय संयोजक पुरुषोत्तम पुरी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।व्यापारी सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लचर कानून व्यवस्था पर सपा, कांग्रेस और बसपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि व्यापार के लिए सुरक्षा और बेहतर कानून व्यवस्था बहुत जरूरी है। लेकिन सपा सरकार में 500 दंगे हुए। माफियाओं ने व्यापारियों के प्रतिष्ठान जलाए उन्हे प्रदेश से पलायन करने पर मजबूर किया। न्याय की गुहार लगाने पर व्यापारियों पर ही झूठे मुकदमें लगा दिए गए। यह चेहरा पिछली सरकारों का रहा है। लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने व्यापारी सम्मेलन में कहा कि पिछली सरकारों ने व्यापारियों को कारोबार करने के लिए सुरक्षित माहौल नहीं दिया। जब कोई पर्व आता था तो दंगे होते थे, जिससे कर्फ्यू लग जाता था। पिछली सपा सरकार में 500 दंगे हुए। व्यापारियों के प्रतिष्ठान भी जलाए और लूटे गए। लखनऊ के व्यापारी श्रवण साहू के पुत्र की हत्या कर दी गई और फिर उसके गुहार लगाने पर क्या हुआ यह आप सब जानते हैं।


उन्होंने कहा कि 2017 में हमारी सरकार ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टालरेंस की नीति पर काम शुरू किया तो सबसे ज्यादा परेशानी समाजवादी पार्टी को हुई। सपा को यह परेशानी इसलिए हो रही है क्योंकि सभी दुर्दांत माफियाओं की सरपरस्त यही है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में अपराधी किस कदर बेखौफ थे उसकी एक मिसाल लखनऊ में ही मिलती है। प्रतिष्ठित कारोबारी श्रवण साहू के पुत्र की हत्या जिस दुर्दांत अपराधी ने की उसने डीजीपी आवास के पास ही कब्जाई जमीन पर हवेली बना डाली। हमारी सरकार ने शत्रु सम्पत्ति पर बनाई गई इस अपराधी की हवेली पर बुलडोजर चलवा दिया। इन कार्रवाइयों से सबसे ज्यादा परेशानी सपा को होती है। वह हमें बुलडोजर वाली सरकार बताते हैं क्योंकि सबसे ज्यादा माफिया उन्ही के साथ हैं। लेकिन कोई कुछ भी कहे अगर व्यापारियों की सम्पत्तियों, गरीबों और सरकारी सम्पत्तियों पर अगर माफिया कब्जा करेंगे तो बुलडोजर चलना तय है। कैराना के 70 फीसदी व्यापारियों को पलायन करने पर मजबूर किया गया। हमने जब अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टालरेंस की नीति पर काम शुरू किया तो वहां के व्यापारी वापस आ चुके हैं। वहां अब प्रतिष्ठान बन रहे हैं, पेट्रोल पंप लग रहे हैं। अब अगर कोई अपराधी गड़बड़ करेगा तो पुलिस की गोली उसका जवाब दे देती है।


उन्होंने कहा कि हमारा व्यापारी खुश होगा तो प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। 2017 से पहले ईंज आफ डुइंग बिजनेस में प्रदेश 14 वें स्थान पर था। प्रदेश में कोई निवेश करने वाला नहीं था क्योंकि पहले पूंजी भी फंसती थी और जान के लाले भी पड़ते थे। हमारे प्रयास से अब प्रदेश ईज डुइंग आफ बिजनेस में दूसरे स्थान पर है। अब व्यापारी निवेश करने आ रहे हैं। बीमा योजना में व्यापारियों को दस लाख रुपये की सहायता देने का काम हमारी सरकार ने किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस रही हो या सपा या बसपा। सबने व्यापारियों का शोषण किया, जिससे परम्परागत कारोबार नीचे चला गया। लखनऊ का चिकन कारोबार, मुरादाबाद का पीतल, भदोही के कालीन, हर जनपद में कुछ न कुछ था। हमने इसकी मैपिंग करवाई, ब्रांडिंग करवाई, डिजाइनिंग करवाई। इसके बिजनेस को बढ़ाने के लिए एक जनपद एक उत्पाद शुरू किया। इससे प्रदेश के 60 लाख कारोबारियों को जोड़ा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से प्रदेश आत्मनिर्भर भारत में सहयोगी बनते हुए हर वर्ष एक लाख 31 करोड़ रुपये का निर्यात कर रहा है। आस्था हमारी पूंजी है। लेकिन सपा सरकार ने कांवड़ यात्रा, बसपा ने थाने में जन्माष्टमी और कांग्रेस ने तो रामजन्म भूमि में पूजा करने पर रोक लगा दी। भाजपा की सरकार आते ही थाने में भव्य जन्माष्टमी, मथुरा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, बरसाना में होली, अयोध्या में भव्य दीपोत्सव का कार्यक्रम शुरू हो गया। कांवड़ यात्रा भव्यता के साथ निकल रही है। अब सभी रामभक्त बनने की होड़ में हैं। यह जनता और लोकतंत्र की ताकत है। कि यह सब मजबूर हैं। भाजपा के लिए राष्ट्रधर्म सर्वाेपरि है। हमारे कार्यक्रम में वंदेमातरम् गूंजता है। सपा, बसपा और कांग्रेस की सभा में ऐसा नहीं हो सकता। पहले धारा 370 पर कोई पार्टी इसलिए नहीं बोलती थीं कि उनका वोट बैंक खिसक जाएगा। लेकिन हमने धारा 370 भी हटाई और राममंदिर भी बना रहे हैं। हम जो कहते हैं वह करते हैं।


 डा0 दिनेश शर्मा ने कहा कि विपक्षी दलों की सरकारों ने व्यापारियों का जमकर शोषण किया था। फोन पर फिरौती वसूलना आम बात थी, पर वर्तमान सरकार ने इस प्रवृत्ति पर अंकुश लगाया है। वर्तमान सरकार का मानना है कि अगर व्यापार और व्यापारी समृद्ध है तो देश भी समृद्ध होगा। प्रदेश में व्यापार की बढोत्तरी के लिए सकारात्मक उपाय किए है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के एक  दल की सरकार में तो बन्द दुकान तुम्हारी और खुली दुकान हमारी का नारा लगता था।  खुली दुकान लूट ली जाती थी और एफआईआर तक दर्ज नहीं होती थी। पर आज किसी की भी हिम्मत नहीं है कि किसी व्यापारी को लूट ले। सरकार इस वर्ग के साथ खडी है। राजधानी में भाजपा व्यापारी प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित व्यापारी सम्मेलन में  डा शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार ने व्यापारियों को सुरक्षा देने के साथ ही व्यापार करने के लिए अनुकूल माहौल भी बनाया है। व्यापारी पेंशन योजना लागू करने के साथ ही व्यापार ऋण के लिए मुद्रा योजना लागू की गई है। ओडीओपी योजना छोटे व्यापारियों के व्यापार को बढाने में असरदार साबित हुई है। नए युवा व्यापारियों को व्यापार आरंभ करने के लिए स्टार्ट अप के जरिए लोन की सुविधा मिली है। सरकार ने समाज के इस वर्ग के लिए लागू दुर्घटना बीमा योजना की राशि को 5 लाख से बढाकर 10 लाख किया है। व्यापार को आसान बनाने की दिशा में तमाम कदम उठाए गए है। वैट के बकाए के लिए पहली बार ओटीएस योजना लागू की गई। प्रक्रिया में बदलाव के बाद अब व्यापारियों को आयकर विभाग के चक्कर लगाने से भी मुक्ति मिली है। आनलाइन सुविधाओं ने भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलाई  है। व्यापारियों को लोन प्राप्त करने में सुविधा प्रदान करने के लिए उन्हे लघु उद्योग की श्रेणी में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि इस वर्ग को जाति धर्म का भेदभाव व मनमुटाव नहीं बल्कि सुरक्षित वातावरण चाहिए।

सरकार ने दंगामुक्त प्रदेश बनाकर सुरक्षित वातावरण तैयार किया है। जिससे प्रदेश में व्यापार तरक्की कर सके। उन्होंने अपील की कि समाज के लोग इस बार जनता  के बीच में दरार डालने वाली ताकतों को सबक सिखाने के साथ ही भाजपा की जीत के पिछले रिकार्ड को तोडने में पार्टी के साथ सहयोग करें।व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में उत्तर प्रदेश में अपराध व भ्रष्टाचार चरम पर था जिससे व्यापारियों के लिए व्यापार करना काफी मुश्किल था। योगी जी की सरकार आने के बाद प्रदेश से भ्रष्टाचार और गुंडाराज खत्म हुआ और व्यापरियों को व्यापार करने के लिए अनुकूल परिस्थितियों का निर्माण हुआ। भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद व्यापरियों को बीमा सुरक्षा का भी लाभ प्रदान किया गया है।भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने साढे़ चार वर्षों में गुंडाराज व भ्रष्टाचार मिटाकर व्यापारियों को सम्मान दिलाने का काम किया है। भ्रष्टाचार पर कड़ी चोट होने से उत्तर प्रदेश इज डूइंग बिजनेस में प्रदेश 12 वे नंबर से दूसरे नंबर पर आ गया है।