ईद उल फितर पर साथ-साथ नजर आया पक्ष-विपक्ष

85

आज समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ईदगाह लखनऊ गये उसके बाद टीले वाली मस्जिद जाकर सभी को ईद की बधाई दी। मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली, टीले वाली मस्जिद के इमाम मौलाना फजले मन्नान, हजरत मौलाना सैय्यद शाह वासिफ हसन वाइजी ने पूर्व मुख्यमंत्री का इस्तकबाल किया।श्री यादव ने कहा कि त्यौहारो के माध्यम से आज संदेश जाए कि इस पीढ़ी से अगली पीढ़ी तक हम मिलकर यहां रहते आये हैं। यही हमारी पहचान है कि हम सब मिलकर रहते हैं। ईद सद्भाव, भाईचारा और सुख-शांति का संदेश देता है।अखिलेश यादव आज सर्वश्री राजा महमूदाबाद, प्रो0 अली, महमूदाबाद हाउस बारादरी, कैसरबाग लखनऊ, पूर्व नेता प्रतिपक्ष रहे अहमद हसन के पुत्र हामिद, मो0 एबाद, यामीन खान, पार्षद नेता यावर हुसैन रेशू, मुजीबुर्रहमान बब्लू, सभासद कामरान बेग, नजरबाग, आजाद वसीम सलमानी घसियारी मण्डी सहित एक दर्जन लोगों जिनमें कुछ स्थानीय पार्षद भी शामिल थे, उनके घर जाकर ईद की मुबारकबाद और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सबका अभिवादन स्वीकार किया। नौजवानों ने कई स्थानों पर श्री यादव का फूलमालाओं से स्वागत किया। पूरे रास्ते युवाओं का जोश देखने लायक था। लोगों का कहना था कि आप फिर मुख्यमंत्री बनेगें।भारतीय समाज में त्योहारों से जीवंतता बनी रहती है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव त्योहारों में अपनी सक्रिय सहभागिता से जनता में मेल-मिलाप और भाईचारे का संदेश देते है। राजेन्द्र चौधरी पूर्व कैबिनेट मंत्री, रविदास मेहरोत्रा विधायक, पूजा शुक्ला,अतहर हुसैन, राम सागर, विजय सिंह, व्यापारी नेता पवन मनोचा सहित अन्य प्रमुख लोग कार्यक्रमों में उपस्थित रहे।

लखनऊ के ऐशबाग ईदगाह में ईद उल फितर की नमाज अदा हुई जिसमें पांच लाख़ से ज्यादा लोगों ने इमाम ईदगाह मौलाना खालिद रशीद फंरगी महली की इमामत में नमाज़ अदा की और लखनऊ, उत्तर प्रदेश तथा पूरे देश में अमन एवं शान्ति के लिए विशेष दुआयें की। इस मौके पर यूपी के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी समेत कई प्रमुख लोगों ने ईद उल फितर की मुबारकबाद दी।

पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता अखिलेश यादव ने कहा हम सबको सब त्योहार मिलजुल कर मनाना चाहिए और यह हमारे देश की शान है। उन्होंने कहा कि ईद में हम गले मिलकर एक होने का संदेश देते हैं। ईदगाह समिति के अधिकारियों ने कहा कि ईदगाह पर ईद की नमाज अदा करने के लिए महिलाएं भी बड़ी संख्या में पहुंची और उनके लिए नमाज अदा करने की विशेष व्यवस्था की गई।अखिलेश यादव ने एक मीडिया चैनल से बात करते हुए कहा, “ईद का त्यौहार ऐसा है कि लोग एक दूसरे से गले मिलते हैं। यह त्यौहार खुशी का है, बातचीत का है, आपसी भाईचारे का है। इसलिए जहां भी दंगे हुए हैं मैं उसकी निंदा करता हूं क्योंकि दंगे से समाज का नुकसान होता है। बांटो और राज करो की नीति अंग्रेजों द्वारा अपनाई गई थी। लेकिन अंग्रेज तो चले गए लेकिन वह इस सिद्धांत को छोड़ गए। इस सिद्धांत को भारतीय जनता पार्टी अपनाई हुई है।

ऐशबाग ईदगाह में ईद उल फितर की नमाज अदा हुई जिसमें डिप्टी सीएम बृजेश पाठक भी पहुंचे और मंच पर वह भी नजर आए। इस दौरान सभी नेताओं ने प्रेम और भाईचारे के साथ रहने का संदेश दिया। हालांकि अखिलेश यादव ने कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि दंगा नहीं होना चाहिए। दंगों से कुछ लोगों को लाभ होता है, लेकिन इससे प्रदेश और देश का बड़ा नुकसान होता है।ब्रजेश पाठक ने कहा हजरत मुहम्मद साहब ने दुनिया को अमन एवं शांति का पैगाम दिया है और ईद में हम एक दूसरे के गले मिल कर दुनिया को आपसी सौहार्द का संदेश देते हैं। तो वहीं पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कहा हमारा प्रदेश गंगा जमनी तहजीब की एक बड़ी मिसाल है और ईदगाह से हमेशा यही पैगाम दिया जाता है। लखनऊ में जिस स्थान पर रामलीला का मंचन किया जाता है, वह ईदगाह के सामने है।