स्वतंत्र देव सिंह ने जनसंपर्क अभियान का किया शुभारंभ

115

हिमांशु दुबे

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह जी ने आज जनसंपर्क अभियान का शुभारंभ किया। राजधानी लखनऊ के शीतला पुरम, आलमनगर, शक्ति केंद्र क्षेत्र पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने घर-घर दस्तक देकर केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकारों के उपलब्धियों व ऐतिहासिक निर्णयों का पत्रक पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ जन-गण के मन तक पहुंचाया। पार्टी का आज के जनसंपर्क अभियान प्रारंभ हुआ हैं, जो आगामी 2 अक्टूबर तक प्रत्येक बूथ पर घर-घर तक पहुंचेगा। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष ने पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के आलमनगर वार्ड के बूथ संख्या 79 पर बूथ समिति और पन्ना प्रमुखों की बैठक करके जनसंपर्क अभियान के विषय में चर्चा की। इसके साथ ही प्रदेश पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने बूथों पर पहुंचकर जनसंपर्क करते हुए मोदी सरकार व योगी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का पत्रक घर-घर  तक पहुंचाया। 


भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष ने शीतला पुरम के आलमनगर बी शक्ति केंद्र क्षेत्र में लोगों से घर-घर पहुंचकर व्यक्तिगत रूप से संपर्क व संवाद किया और सरकार द्वारा किए गए जनकल्याणकारी कार्यों का पत्रक वितरित किया। प्रदेश अध्यक्ष ने हर किसी को केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां बताईं। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से विधानसभा चुनाव में जुटने का आवाह्न किया। स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी व अटल बिहारी बाजपेई जी ने ऐसे कार्यकर्ताओं को खड़ा किया जो रात दिन परिश्रम की पराकाष्ठा करते हुए राष्ट्रहित के कार्यों में लगे रहते हैं। हम आप जैसे कार्यकर्ताओं को पाकर धन्य है, जो दीनदयाल उपाध्याय जी की पार्टी के सदस्य हैं। आपका नेता जो गरीब परिवार में जन्म लिया था, स्टेशन पर चाय बेचते थे, उन्होंने सवा सौ करोड़ देशवासियों का मान बढ़ाया है। यह कोई छोटी मोटी बात नहीं है। इस पार्टी में बूथ का कार्यकर्ता तपस्या करके बूथ अध्यक्ष होते हुए पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष भी बन सकता है। कार्यकर्ता को इस पार्टी में मजबूत बनाया जाता है जो तपस्या करके आगे बढ़े और पार्टी का नेतृत्व करें। 


उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व की केन्द्र सरकार व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व की प्रदेश की भाजपा सरकार की योजनाओं व निर्णयों पर चर्चा करते हुए कहा कि आज वास्तविक अर्थों में गरीबों की आर्थिक व सामाजिक उन्नति व न्याय के लिए काम हो रहा है। इस दौरान पार्टी के महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा, बैठक में नगर महामंत्री सुनील यादव , मंडल अध्यक्ष अरविंद मिश्रा, मंडल महामंत्री राजवीर सिंह, शिवेंद्र सिंह, शक्ति केंद्र संयोजक अरविंद सिंह वार्ड अध्यक्ष संजीव सिंह बूथ अध्यक्ष नागेंद्र सिंह बूथ समिति के सदस्य व पन्ना प्रमुख शामिल हुए।