2022 का चुनाव देश-दुनिया के लिए आकर्षण का केंद्र होगा-योगी

88

लखनऊ।  भारतीय जनता पार्टी काशी क्षेत्र बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को जौनपुर के टीडी कालेज परिसर में शनिवार को रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री स्वतंत्र देव सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा केंद्रीय मंत्री डा. महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने सम्बोधित करते हुए विजय शंखनाद किया।भारत सरकार के केंद्रीय रक्षा मंत्री  राजनाथ सिंह जी ने बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में तीन चौथाई बहुमत के साथ भारतीय जनता पार्टी सरकार बनने जा रही है। साथ ही उन्होंने कहा की आज मुख्यमंत्री का नाम सुनते ही गुंडे- माफियाओं के दिल में दहशत पैदा हो जाती है। आज प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहतर हुई है, जिससे प्रदेश में निवेश भी आया है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में माता अन्नपूर्णा की प्रतिमा देश में वापस लाये जाने की भी सराहना की। उन्होंने कहा की प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने यह सुनिश्चित किया की देश में एक भी व्यक्ति भूखा न रहे, इसी के चलते गरीब कल्याण अन्न योजना को होली तक बढ़ा दिया गया है।उन्होंने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा की कांग्रेस के नेता ने माना है की 26/11 के बाद कोई करवाई नहीं की गयी थी, इसके इतर पीएम मोदी के नेतृत्व में आज आतंकवाद के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाती है।


श्री सिंह ने कहा कि हम जो कहते हैं वह करते हैं। राम मंदिर और धारा 370 इसके उदाहरण हैं। हमारा भारत दुनिया की नजरों में कमजोर भारत नहीं रहा है। हम किसी को छेड़ेंगे नहीं लेकिन अगर कोई हमें छेड़ता है तो हम उसे छोड़ेंगे नहीं। उज्जवला योजना पर बात करते हुए उन्होंने कहा की हमनें घर-घर सिलेंडर पहुंचा दिए हैं, साथ ही गांव में बिजली देने का काम किया है, आगे आने वाले समय में एक भी ऐसे परिवार नहीं बचेगा जिसके पास अपनी छत नहीं होगी। सबको पक्का घर मिलेगा।उन्होंने कहा की राजीव गांधी मानते थे की भ्रष्टाचार रोकना उनके बस का नहीं है, राजीव गांधी ने प्रधानमंत्री रहते हुए लाचारी व्यक्त की थी लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी जब आज पैसा भेजते हैं तो 100 का 100 पैसा लोगों तक पहुंचता है।


अर्थव्यवस्था पर बात करते हुए उन्होंने कहा की यूपी के अंदर पौने 5 लाख करोड़ रुपए का निवेश हुआ है। इज ऑफ डूइंग बिजनेस के अंतर्गत विदेशी एजेंसियों ने जो रेटिंग दी है, उसमें उत्तर प्रदेश 4 सालों में दूसरे स्थान पर आ गया है। यहां की अर्थव्यवस्था 5 साल पहले 11 लाख करोड़ रुपए की थी जो कि अब बढ़कर 22 लाख करोड़ पर पहुंच गई है। आज प्रदेश में 15000 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण कर दिया गया है।उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट का प्रस्ताव 2001 में बतौर मुख्यमंत्री मैंने ही पास किया था। आज उस काम को योगी जी पूरा कर रहे हैं। क्या कभी किसी ने सोचा था कि उत्तर प्रदेश के अंदर ब्रह्मोस मिसाइल बनेगी, 2100 किलोमीटर की मारक क्षमता की मिसाइल उत्तर प्रदेश की धरती पर बन रही है।उन्होंने अखिलेश यादव के जिन्ना वाले बयान पर निशाना साधते हुए कहा कि वह किस कब्र से जिन्ना को निकाल रहे हैं। किस बोतल से जिन्ना को निकाला जा रहा है। अखिलेश और मायावती को घेरते हुए उन्होने कहा कि यूपी को ना बुआ चाहिए ना बबुआ चाहिए, यूपी को एक बार फिर बाबा चाहिए।


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को जौनपुर में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में कहा कि 2022 में भाजपा की जीत उतनी ही मजबूती के साथ दिखाई दे रही है, जितनी बड़ी जीत 2019, 2017 में 2014 में भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिलाई थी। 2022 का चुनाव देश-दुनिया के लिए आकर्षण का केंद्र है, साथ ही कौतुहल और आश्चर्य का विषय भी। कौतुहल और आश्चर्य इस बात का विषय लेकर है कि विरोध उस हद तक जा चुका है कि भारत विरोधी तत्वों का ध्रुवीकरण हो रहा है। पूरी लड़ाई राष्ट्र सापेक्ष और राष्ट्र निरपेक्ष के बीच सिमटती हुई दिखाई दे रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि जौनपुर की धरती काशी क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण जनपद है। यहां स्वर्गीय उमानाथ सिंह जी ने राष्ट्रवाद के लिए समाजवादी पार्टी की गुंडागर्दी के खिलाफ ही अपनी शहादत दी थी।


उन्होंने कहा कि एक तरफ पूरा देश प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के कार्यक्रम के साथ जुड़ा हुआ था। दूसरी तरफ, कुछ लोगों ने पटेल से राष्ट्रद्रोही जिन्ना की तुलना करके भारत को अपमानित करने का कार्य किया था। यह वही तत्व हैं जो 2017 के पहले प्रदेश में भ्रष्टाचार फैलाते थे, युवाओं की नौकरी पर डकैती डालते थे और दंगा करवाते थे। आज वह फिर अपनी जोड़ी खोजते हुए दिखाई दे रहे हैं।उन्होंने कहा कि साढ़े चार वर्ष तक वह आस्था में खलल नहीं डाल पाए। इन परिस्थितियों में भाजपा के प्रत्येक बूथ अध्यक्ष का दायित्व बनता है कि वह प्रधानमंत्री मोदी जी के उस संकल्प के साथ जुड़े जिस संकल्प के साथ मोदी जी ने कहा था बूथ जीता तो चुनाव जीता।उन्होंने कहा कि आपने कोरोना कालखंड देखा होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोगों को बताने को कहा कि कोरोना काल में जब केंद्र और प्रदेश सरकार जनता की सेवा कर रही थी, तब कांग्रेस, सपा, बसपा के लोग कहां थे। ये लोग होम आइसोलेशन में थे। चुनाव में भी इन लोगों को होम आइसोलेशन में डालने की आवश्यकता है।  
उन्होंने कहा कि महामारी के दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार ने फ्री में राशन देने की व्यवस्था की। इस व्यवस्था को अब दीपावली से लेकर अगली होली तक बढ़ाने का भी निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि आज सुरक्षा का एक बेहतर वातावरण है। प्रदेश के अंदर माफियाओं के घरों पर बुलडोजर चल रहा है।


बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को संबोधित करते हुएं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि एक समय ऐसा था जब भाजपा के पास दो सीटे थी और हमारे विरोधी हमारा मजाक उडाते थे, लेकिन पूज्यनीय अटल जी का विश्वास था कि अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा। अटल जी का विश्वास सच साबित हुआ और अंधेरा छटा, सूरज उगा और कमल खिला। जब अटल जी प्रधानमन्त्री बने तो विरोधियों ने कहा कि अटल जी साम्प्रदायिक है। मै आपसे सबसे पुछना चाहता हूँ क्या भारत माता की जय बोलना साम्प्रदायिकता है, वंदे मातरम् बोलना साम्प्रदायिकता है, अपने को हिंदु कहना साम्प्रादायिक है, जयश्री राम बोलना साम्प्रदायिक है, धारा  370 हटाना साम्प्रदायिक है, मंदिर का निर्माण करना साम्प्रदायिक है, तो हां हम साम्प्रदायिक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन, मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में सांस्कृतिक स्वर्णकाल का रचा जा रहा है और गांव, गरीब, किसान की खुशहाली तथा मां, बहन बेटियों की सुरक्षा के साथ प्रदेश विकास के पथ पर आगे बढ रहा है।  


प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि बूथ अध्यक्ष और सेक्टर प्रभारी का काम ऐसे धूर्त लोगो को बेनेकाब करना है जो भगवान श्रीराम को नकारते है, हिंदुत्व को गाली देते है और भारत माता की जय कहने से रोकते है। उन्होंने कहा कि 2014, 2017 और 2019 की जीत आपकी बदौलत हुई है और 2022 की जीत भी आपके बदौलत ही होगी। मै उत्तर प्रदेश के अपने सभी बूथ अध्यक्षों को जानता हूँ। जातिवाद हो या क्षेत्रवाद हो, व्यक्तिवाद हो या परिवारवाद हो, वंशवाद हो या गोत्रवाद इन सबको नकारकर राष्ट्रवाद और भारत माता की जय के सम्मान के साथ रहता है। उन्होंने बूथ अध्यक्षों को नमन करते हुए सभी से कमल खिलेगा-कमल खिलेगा का नारा लगवाया।


उपमुख्यमंत्री  केशव प्रसाद मौर्य ने अपने उद्बोधन में बूथ अध्यक्षों और भाजपा कार्यकर्ताओं के अंदर नया जोश, नई ऊर्जा और नए उत्साह का संचार किया। भारत माता की जय के गगन भेदी नारों के बीच उन्होंने कहा कि जो कभी अयोध्या नहीं जाते थे, वह अयोध्या भी जाने लगे हैं, जो कभी कुम्भ नहाने नहीं जाते थे, वह कुम्भ नहाने जाने लगे हैं, इससे यह साबित हो गया है कि भाजपा की विचारधारा की विजय हुई है और यह विजय आप सबके परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने कहा कि 2022 में 2017 को दोहराना है और वोटकटवा दलों से सावधान रहना है। आप सब लोग कड़ी मेहनत करें, साइकिल पंचर हो जाएगी, हाथी का अता-पता नहीं चलेगा, हांथ उखड़ जाएगा। उन्होंने नारा दिया 100 मे 60 हमारा है, बाकी में बटवारा है और बंटवारे में भी हमारा है। उन्होंने अपील की, कि आप लोग बूथ जिताओ, विधानसभा जीत लेंगे, विधानसभा जीत लेगे तो पूरे उत्तर प्रदेश मे जीत होगी। भाजपा की विजय दिलाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं से उनकी शक्ति का एहसास कराते हुए हाथ उठाकर के हामी भरवाई, कि वह आने वाले 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को विजय श्री दिलाएंगे। उन्होंने कहा सारे विपक्षी एक हो जाएं तो भी भारतीय जनता पार्टी का कमल खिलेगा और खिलकर रहेगा।

(हिमांशु दुबे