छात्रों-युवाओं का विश्वास अखिलेश यादव के नेतृत्व में

80

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का आज सैकड़ों नौजवानों ने प्रदेश कार्यालय लखनऊ में स्वागत किया। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आये युवाओं ने श्री यादव से अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि मौजूदा सरकार ने रोजगार के अवसर खत्म कर दिये हैं। किसी भी वैकेंसी की नियत समय पर भर्ती नहीं हो रही है। प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी अनियमितताएं आये दिन प्रकाश में आती रहती है। कई परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद भी रद्द कर दिये जाते है। भाजपा सरकार की दोषपूर्ण नीतियों के कारण युवाओं में आक्रोश है। चार वर्ष के भाजपा शासनकाल में चार लाख नौकरी का दावा खोखला है। इसका सच्चाई से कोई वास्ता नहीं है। उत्तर प्रदेश के छात्रों-युवाओं का विश्वास अखिलेश यादव के नेतृत्व में है।


पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि नौजवानों का भविष्य हर हाल में सुरक्षित रखा जायेगा। समाजवादी पार्टी इसके लिए प्रतिबद्ध है। पिछली समाजवादी सरकार में यूपी को रोजगार सृजन के मामले में अग्रणी बनाने के लिए अनेक प्रयास किए गए थे। युवाओं को जहां कौशल विकास के माध्यम से रोजगार के लिए आत्मनिर्भर बनाया गया वहीं अनेक नियुक्तियां समय से पूरी की गई।श्री यादव ने कहा कि भाजपा की नीयत और नीति युवा विरोधी है। रोजगार जैसे गम्भीर विषय को भी भाजपा ने मजाक बना रखा है। सरकार की नीतियों से बेरोजगारी में बेतहाशा वृद्धि हो रही है।

नौकरियों में कटौती और सरकारी उपक्रमों का निजीकरण कर भाजपा सरकार स्पष्ट संदेश दे रही है कि उसकी प्राथमिकता में रोजगार नहीं है। भाजपा ने बीते चार वर्षों के कार्यकाल में छात्रों-युवाओं के साथ अन्याय किया है। अधिकार मांग रहे युवा समूहों का दमन ही सरकार का असल चरित्र है।
लोहिया वाहिनी के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप तिवारी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को श्रीकृष्ण-सुदामा का चित्र भेंट कर आभार जताया।

इस अवसर पर राजेन्द्र चौधरी राष्ट्रीय सचिव, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, राम आसरे विश्वकर्मा, एमएलसी संतोष यादव सनी, अंतर्राष्ट्रीय पहलवान यशभारती एवं लक्ष्मण पुरस्कार से सम्मानित पन्ने लाल यादव, नवीन यादव, राजमन यादव प्रमुख, दिलीप यादव, डॉ0 ओमकार सिंह, मनोज पाण्डेय, अजय पाण्डेय, सौरभ तिवारी, सतीश यादव, महेन्द्र यादव, जयसिंह प्रताप, दीपक दीप चौरसिया, अखाड़ा संचालक अवध नारायण यादव, भोला, बलवंत, अवधेश प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।