पलिया में अज्ञात बदमाशों ने सौरभ सिंह को मारी गोली

162

मऊ। मऊ जनपद के रानीपुर थाना क्षेत्र के पलिया आरा मशीन के समीप बदमाशों ने शुक्रवार की दोपहर करीब सवा एक बजे बाइक सवार सौरभ सिंह नामक युवक को गोली मार दी। गोली पैर में जांघ के नीचे पिछले हिस्से में लगी। घायल को रानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां हालत गंभीर देख जिला अस्पताल और फिर वहां से वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। सौरभ घर से बाइक से दाढ़ी-बाल बनवाने निकला था। रास्ते में दूसरी बाइक पर सवार बदमाशों ने गोली मारी। बदमाशों की संख्या तीन थी। गोली मारने के बाद बदमाश खुरहट की तरफ भाग निकले। घायल ने बदमाशों को पहचानने का दावा किया। पुलिस ने संदेह के आधार पर घर में सो रहे एक युवक को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की जा रही है।


गोली लगने से घायल सौरभ सिंह (30) रानीपुर थाना क्षेत्र के प्रभुटन्डा निवासी गिरीश नारायण सिंह का पुत्र है। शुक्रवार की दोपहर बाइक से दाढ़ी बाल बनवाने पलिया बाजार जा रहा था। रास्ते में आरा मशीन के समीप दूसरी बाइक पर सवार तीन बदमाशों में से एक ने उस पर गोली चला दी। गोली पैर में जांघ के नीचे पिछले हिस्से में लगते ही सौरव लहूलुहान हो गया। उसके जमीन पर गिरने के बाद बदमाश अपनी बाइक पर सवार होकर खुरहट की तरफ भाग निकले।


गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग व राहगीर मौके पर जुट गए। खबर मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस घायल सौरभ सिंह को रानीपुर अस्पताल ले गयी। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख चिकित्सक ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। गोली फंसी होने के चलते जिला अस्पताल से वाराणसी रेफर कर दिया गया। इधर घटना की खबर मिलते हैं रानीपुर थानाध्यक्ष दल बल के साथ मौके पर पहुंच गए। घायल ने पुलिस को अपने बयान में बदमाशों को पहचानने का दावा किया।