क्या 2022 में बॉर्डर क्रॉस करेंगी प्रियंका वाड्रा

115

पिछले दो साल से उत्तर प्रदेश में संगठन निर्माण में जुटी कांग्रेस अब सूबे के अलग-अलग इलाक़े में पदाधिकारियों का सम्मेलन करके अपने चुनावी अभियान को धार दे रही। इसी के तहत आज 14 नवंबर को बुलंदशहर और कल 15 नवंबर को मुरादाबाद में ‘’पदाधिकारी प्रतिज्ञा सम्मेलन’’ में लक्ष्य आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर प्रियंका जी कार्यकर्ताओं से लगातार संवाद कर रही है। श्रीमती गांधी ने विघटनकारी शक्तियों एवं फिरकापरस्ती के खिलाफ संघर्ष के लिए कार्यकर्ताओं को ‘‘करो या मरो’’ की तर्ज पर मैदान में उतरने का आह्वान किया। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेसजनों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ‘‘मैं आपके साथ मिलकर उत्तर प्रदेश की जनता की हर लड़ाई लड़ूंगी’’।

‘‘पदाधिकारी प्रतिज्ञा सम्मेलन’’ को सम्बोधित करते हुए राष्ट्रीय महासचिव/यू0पी0 प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने कार्यकर्ताओं के बीच कहा कि पिछले 5 सालों में कांग्रेस पार्टी ने ही उत्तर प्रदेश में योगी सरकार की अकर्मणयता एवं जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष किया है। योगी सरकार की तानाशाही एवं जनविरोधी नीतियों के खिलाफ बाकी पार्टियों ने जनता की लड़ाई नहीं लड़ी। महंगाई, किसानों और ग़रीबों पर हुए अत्याचार चाहे वह उन्नाव, हाथरस,लखीमपुर, में बेटियों के साथ हुए जघन्य अपराध हो, सोनभद्र के उम्भा में आदिवासियों के साथ हुआ नरसंहार हों, लखीमपुर में गृहमंत्री अजय मिश्रा टैनी के पुत्र के द्वारा किया गया किसान नरसंहार हो और 3 काले कृषि कानूनों का मुद्दा हो, सी0ए0ए0 एवं एनआरसी समेत दलित उत्पीड़न के प्रत्येक मुद्दे पर कांग्रेस ने ही व्यापक स्तर पर संघर्ष किया है। कांग्रेस ही प्रदेशवासियों के हक हकूक दिलाने के लिए एवं जनमुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक की लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक लड़ाई पूरी इमानदारी से लड़ी है।

श्रीमती गांधी ने आधुनिक भारत के शिल्पकार पूर्व प्रधानमंत्री पं0 जवाहर लाल नेहरु जी को याद कर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि आज की पीढ़ी के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को स्वतंत्रता संग्राम आन्दोलन के महान नेताओं महात्मा गांधी, पं0 जवाहर लाल नेहरु, सरदार पटेल, डा0 अम्बेडकर, मौलाना आजाद आदि के संघर्षशील व्यक्तित्व एवं विचारों को अपने जीवन और व्यवहार में आत्मसात करने की जरुरत है। श्रीमती गांधी ने कहा कि मैं स्वतंत्रता संग्राम के ‘‘करो या मरो’’ के नारे को पुर्नजीवित करना चाहती हूं। आज स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की शहादत का अपमान हो रहा है।

समृद्ध भारत बनाने में सभी को समतामूलक अधिकार देना इन महापुरुषों की विचारधारा रही है। आज देश की आजादी की कीमत को ना समझने वाले सत्ता में बैठे फिरकापरस्त लोग भारतीय संविधान द्वारा दिये गये संवैधानिक अधिकारों और कानूनों को असंवैधानिक तरीके से अहंकार में कमजोर किया जा रहा है। ये लोग संघर्षों, और हजारों शहादत से मिली आजादी की कीमत को नहीं समझ सकते है। आजादी को बचाये रखने के लिए, संविधान को बचाये रखने के लिए कांग्रेस के प्रत्येक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता को आज फिर मजबूती से इस वैचारिक लड़ाई को लड़ने के लिए आगे आना होगा।

श्रीमती गांधी ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ‘‘मैं आपके साथ मिलकर उत्तर प्रदेश की जनता की हर लड़ाई लड़ूंगी’’उक्त जानकारी देते हुए कांग्रेस प्रवक्ता विकास श्रीवास्तव ने बताया कि प्रतिज्ञाओं को घर-घर पहुंचाने, सदस्यता अभियान और बूथ की मजबूती को लेकर कांग्रेस प्रभारी श्रीमती गांधी 3 मंडलों के 14 जिलों के 7400 पदाधिकारियों से संवाद कर रही हैं। संवाद में जिला, शहर, ब्लॉक और न्याय पंचायत के पदाधिकारी मौजूद रहे। इसी के तहत कल 15 नवंबर को जनपद-मुरादाबाद में ‘‘पदाधिकारी प्रतिज्ञा सम्मेलन’’ में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करेंगी।