दलित परिवार के घर राजनीति की खिचड़ी में योगी

104

हिमांशु दुबे

गोरखपुर। भारतीय जनता पार्टी ने मकर संक्रान्ति पर्व को समरसता दिवस के रूप में मनाया और खिचड़ी की समरसता से लोक समरसता का संदेश दिया। पार्टी ने प्रदेश के 27700 शक्ति केन्द्रों पर कोविड नियमों के पालन के साथ समरसता भोज आयोजित किये। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर के मानवेला में दलित परिवार में खिचड़ी सहभोज में शामिल हुए इसके साथ ही पार्टी के प्रदेश, क्षेत्र, जिला, मंडल तथा बूथ पदाधिकारी, सांसद, विधायक, प्रदेश सरकार के मंत्री, आयोग निगम बोर्ड के अध्यक्ष व सदस्य नगरीय निकाय के अध्यक्ष व सदस्य, त्रिस्तरीय पंचायत के अध्यक्ष व सदस्यों सहित पार्टी कार्यकर्तां समरसता सहभोज में सम्मिलित हुए। भारतीय दर्शन में समानता और समरसता के सिद्धांत के द्वारा व्यष्टि से समष्टि के उन्नयन का मार्ग प्रशस्त होता है, जो सर्वे भवन्तु सुखिनः के साथ सबका साथ-सबका विकास सुनिश्चित करता है। सनातन परम्परा में मकर संक्रान्ति पर्व समरसता का प्रतिनिधित्व करता है। भारतीय जनता पार्टी ने मकर संक्रान्ति पर्व को समरसता के रूप में मनाते हुए रामराज्य की संकल्पना के साथ ’नहिं दरिद्र कोउ दुखी न दीना, नहिं कोउ अबुध न लच्छन हीना’ के भाव को लेकर लोकमंगल की कामना की।गोरखपुर के मानबेला में दलित परिवार अमृत लाल भारती के घर खिचड़ी सहभोज में शामिल होने के उपरांत मीडिया के बंधुओं से बात करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि परिवार व वंशवाद की राजनीति करने वाले सामाजिकता की लड़ाई नहीं लड़ सकते हैं। ऐसे लोग न हीं समता मूलक समाज की स्थापना कर सकते हैं। सबका साथ, सबका विकास का मंत्र ही सामाजिक न्याय की सबसे बड़ी गारंटी है।

 मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्ता में आने के बाद जिन लोगों ने परिवारवाद को बढ़ावा दिया तथा भ्रटाचार का कीर्तिमान स्थापित किया, वे किस सामाजिक न्याय की बात कर रहे हैं। भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने उत्तर प्रदेश में 45 लाख लोगों को आवास उपलब्ध कराया है। 2.61 करोड़ गरीब परिवारों में शौचालय बनवाया है। 1.56 लाख गरीब परिवारों को रसोई गैस कनेक्शन उज्जवला योजना के तहत उपलब्ध कराया गया है। 1.43 लाख परिवारों को विद्युत कनेक्शन दिया गया है। प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत 9 करोड़ लोगों को पांच लाख रुपए सालाना स्वास्थ्य बीमा कवर दिया गया है। सरकार ने कोरोना कालखंड के दौरान साढ़े तीन करोड़ कामगार और श्रमिकों को भरण पोषण भत्ता सहित दो लाख रुपए की सामाजिक सुरक्षा व पांच लाख रुपए का सालाना स्वास्थ्य कवर दिया। 15 करोड़ लोगों को फ्री राशन की सुविधा दी जा रही है। प्रदेश के एक करोड़ युवाओं को टेबलेट/ स्मार्ट फोन और साढ़े चार लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी दी गई है। 1 करोड़ 61 लाख नौजवानों को निजी क्षेत्र में नौकरी व रोजगार व 60 लाख लोगों को एमएसएमई के माध्यम से राजगार उपलब्ध कराया गया। योगी ने कहा कि गरीबों, दलितों, पिछड़े, महिलाओं और युवाओं को मिलने वाली सुविधा को पहले परिवार वादी व वंशवादी राजनीति करने वाले हड़प जाते थे। अब यही पैसा माफियाओं के कैद से जेसीबी और बुलडोजर से निकाला जा रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को मकर संक्रांति की बधाई व शुभकामना देते हुए कहा कि भाजपा  प्रत्येक शक्ति केंद्र पर कोरोना प्रोटोकाल का पालन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सबका साथ, सबका विकास के मंत्र को चरितार्थ कर रही है। यह खिचड़ी सहभोज का कार्यक्रम इसी का हिस्सा है।