भाजपा सरकार निरंकुश और तानाशाह-अजय राय

58
भाजपा सरकार निरंकुश और तानाशाह-अजय राय
भाजपा सरकार निरंकुश और तानाशाह-अजय राय

उमाशंकर पाण्डेय

लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा कल 20 दिसम्बर से प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय के नेतृत्व में आयोजित की जा रही यूपी जोड़ो यात्रा के संबंध में सहारनपुर कांग्रेस कार्यालय पर एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया, जिसे संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता एवं यूपी जोड़ो यात्रा की मीडिया कमेटी के अध्यक्ष डॉ0 सी0पी0 राय ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की प्रेरणा से उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने यूपी में यूपी जोड़ो यात्रा करने का निर्णय लिया है। भाजपा सरकार अंग्रेजों की तरह ही निरंकुश और तानाशाह है। उत्तर प्रदेश सरकार भी अंग्रेजों की तरह ही अभिव्यक्ति की आजादी पर अड़ंगे लगाती है और पदयात्रा एवं प्रदर्शनों पर रोक लगाकर लोकतांत्रिक अधिकारों को कुचलना चाहती है। यह शांतिपूर्ण यात्रा को भी इजाजत देने में अड़ंगे लगाती है। लेकिन कांग्रेसजन अंग्रेजों से भी नहीं डरे थे और प्रदर्शन एवं आंदोलन के दम पर आजादी हासिल की थी, आज भी कांग्रेसजन नही डरेंगे और यात्रा निकलेगी। राजनीतिक दल के रूप में सत्ता का विरोध करना हमारा हक़ है और हमारे किसी भी आयोजन में कोई बाधा नहीं आए ये व्यवस्था करना सत्ता तथा प्रशासन का कर्तव्य है। इजाज़त हो या नहीं हो कांग्रेस की यात्रा अवश्य निकलेगी। भाजपा सरकार निरंकुश और तानाशाह-अजय राय

जिस प्रकार से उत्तर प्रदेश में भाजपा नेतृत्व की सरकार ने सामाजिक सद्भाव बिगाड़ा है, भाई को भाई से लड़ाने का काम किया है, पिछले 9 वर्ष से लगातार देश की युवा पीढ़ी बेरोजगारी की ओर अग्रसर है, गरीब और गरीब हो रहा है, नारी का सम्मान असुरक्षित हुआ है, किसान मजदूर परेशान हैं और भाजपा सरकार आरएसएस के एजेंडे पर नफरत फैलाने का काम कर रही है उसके जवाब में कांग्रेस पार्टी यूपी जोड़ो यात्रा निकाल रही है। कांग्रेस पार्टी महात्मा गांधी जी के अहिंसा, प्रेम और सामाजिक सद्भाव के महान विचार को आगे रखते हुए उत्तर प्रदेश के गरीब, मजदूर, किसान, नौजवान, पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक, आदिवासी, शोषित वंचित वर्ग की आवाज को बुलंद करने का काम करेगी।

वर्तमान समय में देश का दिल टूटा हुआ है और देश की आत्मा चोटिल है भारत के साथ ही यूपी को जोड़ने की भी जरूरत है। आरएसएस और उनके लोगों ने समाज में विघटन फैला रखा है। उन्होंने कहा कि गुलामी काल में देश टूटा हुआ था और बिखरा हुआ था इसलिए हम गुलाम हुए जब गांधी जी के नेतृत्व में एक होकर हमने अंग्रेजों को चुनौती दे दी तब हम आजाद हो सके। हम वहीं भारत बनाना चाहते हैं जहां सबको आजादी, सम्मान और सुरक्षा मिले सब स्वतंत्रता से जीवन जी सकें।

श्री राय ने कहा कि देश में बेरोजगारी 45 साल के उच्च स्तर पर है, महंगाई आजाद भारत में अपने चरम पर पहुँच गई है, देश पर मोदी सरकार ने चार गुना कर्ज का बोझ बढ़ा दिया है। चीन को लाल आंखें दिखाने की बात करने वाली भाजपा अब चीन के मुद्दे पर आंखें मूंदे बैठी हुई है। पाकिस्तान की सीमा पर एक के बदले 10 सर का दावा जुमला साबित हुआ है और लगातार हमारे बहादुर जवानों की शहादत हो रही है।

मोदी की गारंटी देश के लिए अभिशाप बन गई है। 2022 तक किसानों की आय दुगनी करने का वादा था, लेकिन किसान बर्बादी की ओर अग्रसर होता जा रहा है। 2 करोड़ रोजगार देने की बात हुई थी लेकिन सरकार खुद मानती है कि गरीबों की तादाद 35 करोड़ से बढ़कर 80 करोड़ हो गई है, जिन्हें सरकार अनाज देकर जिंदा रखे हुए हैं और रणनीति के तहत देश की पीढ़ी को लाचार और मजबूर बनाने का काम कर रही है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के संबंध में हाल ही में जारी एनसीआरबी के डेटा का संज्ञान लेते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश हत्याओं के मामले में सबसे ऊपर है साथ ही महिला अपराधों के मामले में भी अव्वल है। प्रति व्यक्ति आय के मामले में उत्तर प्रदेश की स्थिति देश में सर्वाधिक कमजोर बनी हुई है,शिक्षा के मामले में उत्तर प्रदेश सबसे निम्न पायदान पर है।

कांग्रेस पार्टी यह देख रही है कि भारत में अब लोकतंत्र की खुलेआम हत्या की जा रही है। अभिव्यक्ति की आजादी खत्म हो चुकी है। हम आजाद होकर खुली हवा में सांस लेने का सपना देखे थे, लेकिन स्थिति इसके उलट हो गई है। सरकार से सवाल पूछने वाले अधिकांश विपक्षी सांसदों को इसलिए निलम्बित कर दिया जाता है क्योंकि उन्होंने सरकार से सुरक्षा के मुद्दे पर सवाल पूछा था। जब लोकतंत्र के प्रहरी सांसदों की यह स्थिति है तो निश्चित रूप से आम आदमी की अभिव्यक्ति सरकार की कैद में है, जिसे मुक्त कराना हम सब की जिम्मेदारी है। कांग्रेस पार्टी इस लड़ाई को यूपी जोड़ो यात्रा के माध्यम से सड़क से विधानसभा और संसद तक लड़ते हुए जनहित में जीत कर ही दम लेगी।   भाजपा सरकार निरंकुश और तानाशाह-अजय राय