“मिशन शक्ति”महिला उद्यमियों को 246 लाख रुपए के ऋण का वितरण

107

“मिशन शक्ति” अभियान के तहत प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग
द्वारा जनपद सहारनपुर में महिला उद्यमियों को 246 लाख रु0 के ऋण का वितरण
‘प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना’, ‘मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना’ तथा
‘एक जनपद-एक उत्पाद योजना’ के तहत 450 लाख रु0 के ऋण स्वीकृत।
‘विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना’ के तहत 25 महिला प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण सर्टिफिकेट का वितरण,जनपद बलरामपुर में महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों व सशक्तीकरण के सम्बन्ध में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन।
जनपद प्रयागराज, फतेहपुर, कौशाम्बी, प्रतापगढ़, वाराणसी, गोरखपुर, महराजगंज,
जौनपुर और मिर्जापुर में महिला सशक्तीकरण, आत्मरक्षा, साइबर क्राइम, बाल विवाह एवं दहेज कुप्रथा के सम्बन्ध में सेमिनार आयोजित।

लखनऊ, “मिशन शक्ति” अभियान के तहत प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग द्वारा जनपद सहारनपुर में महिला उद्यमियों को 246 लाख रुपए के ऋण का वितरण किया गया। इस सम्बन्ध में वुडक्राफ्ट एण्ड डिजाइन सेण्टर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ‘प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना’, ‘मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना’ तथा ‘एक जनपद-एक उत्पाद योजना’ के तहत 450 लाख रुपए के ऋण स्वीकृत किए गए।

कार्यक्रम के दौरान ‘विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना’ के तहत 25 महिला प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण सर्टिफिकेट का वितरण किया गया, जबकि 10 रोल माॅडल को स्मृति चिन्ह् भेंट किए गए। कार्यक्रम में महिला लाभार्थियों को कार्य स्थल पर उत्पीड़न को रोकने तथा विभिन्न कानूनों में मौजूद प्राविधानों के विषय में भी जानकारी दी गई, ताकि वे समस्या का समाधान पा सकें। उन्हें महिला सुरक्षा हेतु कार्यरत हेल्पलाइन नम्बरों की भी जानकारी दी गई।

जनपद सहारनपुर के गंगोह ब्लाॅक में महिला कृषकों के लिए आयोजित एक सेमिनार के दौरान उन्हें कृषि विभाग द्वारा बीजों पर छूट उपलब्ध करायी गई। जनपद पीलीभीत के विकास खण्ड बिलसण्डा में आयोजित एक कार्यक्रम में महिला कृषकों को पराली प्रबन्धन के सम्बन्ध में जानकारी दी गई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के निर्देशों के क्रम में वर्तमान में प्रदेश में ‘मिशन शक्ति’ अभियान संचालित किया जा रहा है। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलम्बन के उद्देश्य से शारदीय नवरात्रि से प्रारम्भ किया गया यह अभियान आगामी बासन्तिक नवरात्रि तक आयोजित किया जाएगा। यह अभियान अन्तर्विभागीय समन्वय के माध्यम से लागू किया जा रहा है।

डेयरी विकास विभाग द्वारा नई पहल करते हुए लखनऊ के गोमती नगर क्षेत्र में स्थित एक मिल्क बार में पूर्ण रूप से महिला स्टाफ की तैनाती की गई। ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को दूध तथा दूध से निर्मित उत्पादों के विक्रय के सम्बन्ध में जानकारी देने के उद्देश्य से उनकी लखनऊ की डेयरी को-आॅपरेटिव की विजिट करायी गई। विभाग द्वारा बहराइच, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी तथा मेरठ जनपदों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा जनपद मिर्जापुर की 10 महिला श्रमिक लाभार्थियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। जनपद में विभिन्न विभागों द्वारा जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।जनपद बलरामपुर में महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों व सशक्तीकरण के सम्बन्ध में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उन्हें राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।

जनपद प्रयागराज, फतेहपुर, कौशाम्बी, प्रतापगढ़, वाराणसी, गोरखपुर, महराजगंज, जौनपुर और मिर्जापुर में महिला सशक्तीकरण, आत्मरक्षा, साइबर क्राइम, बाल विवाह एवं दहेज कुप्रथा के सम्बन्ध में सेमिनार का आयोजन किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना तथा महिलाओं की सुरक्षा व कल्याण के लिए संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नम्बरों के विषय में भी जानकारी दी गई।