नाक-मुंह के बाद अब आंखों के जरिए भी शरीर में घुस रहा है-कोरोना……??

302

डॉक्टरों का चौंकाने वाला खुलासा, नाक-मुंह के बाद अब आंखों के जरिए भी शरीर में घुस रहा है।

      नई दिल्ली (मानवी मीडिया),  कोरोना वायरस का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस भयंकर वायरस से दुनियाभर में अब तक 388,317 लोगों की मौत हो चुकी है और 6,589,291 से  ज्यादा लोग संक्रमित हुए हैं। देश में संक्रमितों एवं इस घातक वायरस से मरने वालों की संख्या बढ़कर क्रमश: 2,16,919 और 6,075 हो गई है। कोरोना वायरस एक ऐसी बीमारी है जिसे छह महीने बाद भी वैज्ञानिक सही तरह नहीं समझ पाए हैं। जब तक वैज्ञानिक इसके बारे में कुछ समझते हैं तब तक एक नई हैरान करने वाली खबर आ चुकी होती है। कोरोना वायरस के बारे में अभी तक हमें मालूम है कि यह नाक और मुंह के जरिए फैलता है लेकिन अब डॉक्टरों ने चौंकाने वाला खुलासा किया है कि यह आंखों से भी फैल सकता है। 


      हालांकि कानों के जरिए इसके फैलने की आशंका से इनकार कर दिया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि अगर कोई संक्रमित व्यक्ति बहुत नजदीक होकर खांसता या छींकता है तो नाक और मुंह के के साथ आंखों के जरिए भी संक्रमण शरीर में प्रवेश कर सकता है। वायरस के संपर्क में आए हाथों से आंखों को छूने से संक्रमण के फैलने की आशंका है। साथ ही, किसी संक्रमित व्यक्ति के आंसुओं से भी इस संक्रामक रोग की चपेट में आने का खतरा है। बार-बार हाथ धोने, सामाजिक दूरी बनाए रखने और बाहर निकलने पर चेहरे को ढकने से इस वायरस को फैलने से रोका जा सकता है। 

   अमेरिकन अकेडमी ऑफ ऑप्थैल्मोलॉजी के अनुसार चश्मा पहनने से भी सुरक्षा हो सकती है। स्वास्थ्य देखभाल कर्मियों को भी संक्रमित मरीजों का इलाज करते हुए चश्मा पहनने की सलाह दी गई है। अमेरिका के रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र के अनुसार कानों से कोविड-19 फैलने की आशंका नहीं है।