भाजपा का गांव चलो अभियान

73
भाजपा का गांव चलो अभियान
भाजपा का गांव चलो अभियान
हिमांशु दुबे

लखनऊ। भाजपा की गांव चलो अभियान की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला एवं लोकसभा बैठक शनिवार को राजधानी लखनऊ में सम्पन्न हुई। राजधानी लखनऊ के विश्वैश्वरैया प्रेक्षागृह में सम्पन्न हुई गांव चलो अभियान की प्रदेश कार्यशाला की अध्यक्षता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने की। कार्यशाला को राष्ट्रीय सहमहामंत्री (संगठन) शिव प्रकाश, राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने भी सम्बोधित किया। बैठक का संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष तथा अभियान प्रदेश प्रभारी पंकज सिंह ने किया। गांव चलो अभियान के माध्यम से पार्टी 4 फरवरी से 11 फरवरी तक प्रत्येक गांव तथा बूथ तक पहुंचकर व्यापक जनसंवाद का अभियान चलाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, महापौर सहित पार्टी के सभी पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता तथा कार्यकर्ता गांव में प्रवास करेगें तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व की केन्द्र सरकार की सेवा, सुशासन व गरीब कल्याण की योजनाएं तथा विकसित भारत का विजन लेकर गांव, मजरो, टीलो, चौपालो तथा बूथों पर चर्चा करेंगे। भाजपा का गांव चलो अभियान


राष्ट्रीय सहमहामंत्री (संगठन) शिव प्रकाश ने कहा कि संगठन व विचारधारा के विस्तार की सतत प्रक्रिया है और संगठन के विभिन्न अभियान व कार्यक्रम लक्ष्य को प्राप्त करने का माध्यम है। हर बूथ, हर क्षेत्र में संगठन की मजबूती में गांव चलो अभियान नींव का पत्थर साबित होगा। यह अभियान मिशन 24 में बड़ी विजय का आधार बनेगा। गांव चलो अभियान में प्रत्येक प्रवासी कार्यकर्ता 24 घंटे प्रवास करेंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम स्तर पर तथा नगरीय क्षेत्रों में बूथ स्तर पर प्रवासी कार्यकर्ता प्रवास करेंगे। सक्षम कार्यकर्ता गांव मे प्रवास के दौरान वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से सम्पर्क, बूथ समितियों तथा पन्ना प्रमुखों से संवाद, घर-घर सम्पर्क करते हुए विकसित भारत का विजन तथा देश में परिवर्तन के कारकों के साथ प्रवास के दौरान चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के साथ राष्ट्र की सुरक्षा व विश्व में भारत के बढ़ते हुए सम्मान से राष्ट्र का यशोगान लेकर गांव में सम्पर्क व संवाद किया जाएगा। उत्तर प्रदेश लगातार भाजपा को आशीर्वाद दे रहा है, इस बार प्रत्येक बूथ पर विगत चुनाव की अपेक्षा 10 प्रतिशत अधिक वोट प्राप्त करने का लक्ष्य लेकर हमें कार्य करना है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि विपक्ष नकारात्मक राजनीति कर रहा है और अपनी वंशवादी, जातिवादी, भ्रष्टाचारी तथा तुष्टिकरण की राजनैतिक विरासत को सहेजने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रहा है।

भाजपा का गांव चलो अभियान

उन्होंने कहा जिन संकल्पों को लेकर भारतीय जनता पार्टी जनता के बीच पहुंची, ऐसे सारे संकल्पों को मोदी सरकार व योगी सरकार ने पूरा किया है। हमें गांव-गांव तक पहुंचकर हर घर की दहलीज पर दस्तक देकर भाजपा सरकार की योजनायें भी पहुंचानी है और विपक्ष के हर विघटनकारी मंसूबे को ध्वस्त भी करना है। चौधरी ने कहा कि विपक्षी दलों की सरकारों के समय बिजली वितरण में वीआईपी कल्चर लागू था। लेकिन आज देश की 26 करोड़ जनता वीआईपी है और सभी को समान रूप से बिजली मिल रही है। प्रदेश की जनता का विश्वास सरकार के प्रति तथा सरकार की सुदृढ़ कानून व्यवस्था के प्रति अडिग है। सपा की सरकार में सरकारी नौकरियों में भर्ती का आधार भ्रष्टाचार होता था। सैफई कुनवा धन उगाही के लिए थैले उठाकर निकल पड़ता था। लेकिन आज सरकारी नौकरियां पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ योग्य युवाओं को मिल रही है। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से 26 करोड़ लोगों तक सीधा संवाद करना है। शत प्रतिशत विजय का संकल्प लेकर प्रदेश की सभी 80 सीटें जीतने का लक्ष्य प्राप्त करना है।


राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का मानना है कि भारत केवल विकसित गांवों के साथ ही विकसित हो सकता है और यही कारण है कि केन्द्र सरकार की प्रत्येक योजना गांव, गरीब, किसान के कल्याण के लिए समर्पित है। गांव चलो अभियान के तहत देश के 7 लाख गांवों में जनता से 24 घंटे प्रवास के माध्यम से सम्पर्क करना है। उन्होंने कहा कि गांव चलो अभियान बूथ स्तर पर लोगों से सीधे जुड़ने का माध्यम बनेगा और केन्द्र सरकार व प्रदेश सरकार की योजनाओं के साथ आत्मनिर्भर भारत, विश्व का नेतृत्व करने वाले भारत, चन्द्रमा तथा सूर्य को मापने वाला भारत, सांस्कृतिक, आर्थिक, सामरिक सार्मथ्यवान भारत के साथ जनसंवाद का माध्यम बनेगा।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत पांडा को उत्तर प्रदेश राज्य का लोकसभा चुनाव प्रभारी नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने वैजयंत पांडा जी को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के, यशस्वी मार्गदर्शन एवं आपके नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी आगामी लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की सभी सीटों पर प्रचंड बहुमत से जीत दर्ज करेगी।


प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि गांव चलो अभियान की प्रदेश कार्यशाला के पश्चात् 30 जनवरी को प्रदेश के सभी संगठनात्मक जिलों में जिला कार्यशालाओं के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाएगा। अभियान के तहत 1 और 2 फरवरी को मंडल की कार्यशालाएं सम्पन्न होगी। उन्होंने कहा कि गांव चलो अभियान व्यापक ग्राम सम्पर्क व जनसम्पर्क का अभियान है। आगामी 4 फरवरी से प्रारम्भ हो रहे अभियान में प्रत्येक व्यक्ति से सम्पर्क, प्रत्येक लाभार्थी से सम्पर्क करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व की भाजपा सरकारों की जनकल्याणकारी योजनाओं पर भी चर्चा करना है तथा राजनैतिक दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ लिए गए सरकार के निर्णयों पर भी संवाद करना है। अभियान के तहत ग्राम संयोजक व ग्राम प्रवासी तय किये जाएगें जो डोर टू डोर-मैन टू मैन कनैक्टिविटी की माइक्रोप्लानिंग पर काम करेगें। प्रवास के दौरान स्वच्छता अभियान, शहीदों के परिजनों का सम्मान, खिलाड़ियों, अधिवक्ताओं, शिक्षकों सहित विभिन्न कार्य क्षेत्रों से जुडे़ लोगों से सम्पर्क करना है। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत नमो एप पर विकसित भारत एम्बेसडर बनाने का भी काम करना है। भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का पत्रक लेकर हर घर की चौखट तक पहुंचना है।


राज्य मुख्यालय पर सम्पन्न हुई लोकसभा बैठक में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों, अभियानों और लोकसभा चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए अन्य कार्यक्रमों पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई। बैठक में आगामी लोकसभा चुनाव के लिए 31 जनवरी तक लोकसभा चुनाव कार्यालय खोलने तथा लोकसभा और विधानसभा चुनाव संचालन समिति के गठन को पूरा करने का निर्णय किया गया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक को राष्ट्रीय सहमहामंत्री (संगठन) शिव प्रकाश जी, राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने सम्बोधित किया। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला ने किया। बैठक में पार्टी के प्रदेश पदाधिकरी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, लोकसभा चुनाव की दृष्टि से बने कलस्टर इंचार्ज, लोकसभा संयोजक/प्रभारी, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी सहित अन्य प्रमुख नेता सम्मिलित रहे। भाजपा का गांव चलो अभियान