धुएँ के बीच परिषदीय स्कूल में बन रहा चूल्हे पर मिड डे मिल

180

अब्दुल जब्बार एडवोकेट व अनिल कुमार पांडेय

अयोध्या/भेलसर। स्कूलों में दोपहर का भोजन पकाने के लिए रसोई गैस का इस्तेमाल किया जाना है लेेकिन तमाम स्कूलों में लकड़ी पर दोपहर का भोजन पकाया जा रहा है और स्कूल में धुआं उठता रहता है।रुदौली शिक्षा क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय करीमपुर में पारंपरिक चूल्हे पर भोजन पकाने का मामला सामने आया है।जिस पर उपजिलाधिकारी स्वप्निल यादव ने सख्त कार्यवाही करने की बात कही है।


पहले स्कूलों में दोपहर भोजन पारंपरिक चूल्हे पर ही बनाया जाता था।स्कूल में धुआं भरने से पढ़ाई में मुश्किल होती थी।इसको देखते हुए शासन ने सभी स्कूलों में गैस सिलिंडर और चूल्हे की व्यवस्था की।दुर्भाग्य यह कि जिस जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबसे ज्यादा योजनाए लाकर अयोध्या को विश्व पटल पर लाने का प्रयास कर रहे है उसी जिले के उच्च प्राथमिक विद्यालय में ईंटों के चूल्हे पर लकड़ी से मिड-डे मील बनाया जा रहा है।यही नहीं इस विद्यालय मे गंदगी का अंबार लगा हुआ है।चूल्हे पर भोजन बनाने के लिए विद्यालय परिसर में ही कंडे की पथाई का भी कार्य किया जाता है।

विद्यालय परिसर में लगे पेड़ों को कटवा कर उसकी लकड़ी व कंडे की मदद से मध्यान भोजन बनाने का कार्य किया जा रहा है।इस सम्बन्ध मे विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक विद्यासागर भीम ने बताया कि ठंड की वजह से आज चूल्हे पर खाना बनाया जा रहा है गैस सिलेंडर अंदर रखा हुआ है।वही स्कूल परिसर में कंडे की पथाई व लकड़ी के ढेर के सम्बन्ध मे वह गोलमोल जवाब देते हुए नजर आए।उप जिलाधिकारी स्वप्निल यादव ने बताया कि प्रकरण का वीडियो सामने आया है जांच कर सख्त कार्यवाही की जाएगी।बताया कि इस संबंध में बीईओ से भी मैंने वार्ता की है।