मजबूर नहीं,मजबूत हाथों में है देश-योगी

30
मजबूर नहीं,मजबूत हाथों में है देश-योगी
मजबूर नहीं,मजबूत हाथों में है देश-योगी

मजबूर नहीं, मजबूत हाथों में है देश। योगी आदित्यनाथ ने हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र में विजय संकल्प रैली को किया संबोधित। बोले योगी, अयोध्या की तर्ज पर होगा हरिद्वार का विकास। ये चुनाव फैमिली फर्स्ट और नेशन फर्स्ट वालों के बीच में है। यूपी में अपराध करने वालों को पता है कि जेल से पहले जहन्नुम पहुंचा दिये जाएंगे। बोल रहा है सारा देश, जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे, जिन्होंने राम को नकारा हम उनको नकारेंगे। योगी आदित्यनाथ ने की भाजपा प्रत्याशी त्रिवेन्द्र सिंह रावत के परिश्रम और समर्पण की सराहना। हरिद्वार में ऐतिहासिक होनी चाहिए भाजपा की जीत। मजबूर नहीं,मजबूत हाथों में है देश-योगी

ब्यूरो निष्पक्ष दस्तक

रुढ़की। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि आज देश मजबूर नहीं बल्कि मजबूत हाथों में है। उन्होंने कहा कि ये चुनाव नेशन फर्स्ट और फैमिली फर्स्ट की सोच वालों के बीच में है। आज सारा देश इस बात को कह रहा है कि जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे और जिस कांग्रेस ने श्रीराम के अस्तित्व को नकारा, हम उसको नकारेंगे। योगी आदित्यनाथ रविवार को रुढ़की में हरिद्वार लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी और पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत के समर्थन में आयोजित विजय संकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत के राजनीतिक जीवन के समर्पण और त्याग की सराहना करते हुए कहा कि हरिद्वार में भाजपा की जीत ऐतिहासिक होनी चाहिए। योगी आदित्यनाथ ने जनता को भरोसा दिलाया कि अगले पांच साल में अयोध्या की तर्ज पर ही हरिद्वार का भी विकास होगा।

पहली बार मोदी सरकार ने दिया बाबा साहब को सम्मान

भाजपा के स्टार प्रचारक योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देवभूमि की इस पावन धरा को मां गंगा की असीम कृपा प्राप्त हुई है। उन्होंने रैली के जरिए ही संविधान शिल्पी भारत रत्न बाबा साहब भीम राव अंबेडकर की पावन जयंती पर नमन किया। कहा कि स्वतंत्र भारत में बाबा साहब को पहली बार मोदी सरकार ने सम्मान दिया है। सरकार ने पंचतीर्थ बनाकर उनके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की है। यही नहीं 500 साल का इंतजार खत्म करके प्रभु श्रीराम को अयोध्या में भव्य मंदिर में विराजमान किया है। इससे भी पहले अयोध्या के इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर किया गया।

त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने रखी उत्तराखंड के विकास की आधारशिला

योगी आदित्यनाथ ने कहा किभाजपा प्रत्याशी त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् से अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की। उन्होंने विधायक, मंत्री और मुख्यमंत्री के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की जितनी समस्याएं कांग्रेस ने छोड़ी थी हम दोनों ने मिलकर उन सभी का समाधान किया। संघ के प्रचारक के रूप में उन्होंने अपने परिवार की चिंता से मुक्त होकर देश के विकास की राह को चुना है। उन्होंने कई दशक तक स्वयं को देश के संवर्धन के लिए समर्पित किया। 2017 में उन्होंने यहां के विकास की आधारशिला रखी, जिसे आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आगे बढ़ा रहे हैं। अब हरिद्वार में और अच्छे ढ़ग से विकास की जरूरत है। योगी आदित्यनाथ ने जनता से अपील की कि त्रिवेन्द्र सिंह रावत को इतने वोट से विजयी बनाएं कि हरिद्वार में रिकॉर्ड बन जाए।

इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट और गरीब कल्याणकारी योजनाओं का कोई सानी नहीं

योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है। देश सुरक्षित हुआ है। आज कहीं अगर जोर से पटाखा भी फट जाए तो पाकिस्तान सफाई देने लगता है। उसे पता है कि कोई चूक हो गई तो लेने के देने पड़ जाएंगे। देश में हुए इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट और गरीब कल्याणकारी योजनाओं का कोई सानी नहीं है। विकसित भारत की संकल्पना पर आधारित भाजपा का संकल्प पत्र इस बात को दोहरा रहा है कि हमें हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनना है। उन्होंने बताया कि अगले पांच साल में देश में तीन करोड़ गरीबों को मकान दिया जाएगा।

सुरक्षा है विकास और सुशासन की पहली प्राथमिकता

अयोध्या और काशी विश्वनाथ धाम से लेकर केदारनाथ धाम के कायाकल्प का श्रेय जितना प्रधानमंत्री मोदी को जाता है उतना ही जनता को भी जाता है, क्योंकि क्योंकि जनता ने अपना वोट सही दिशा में दिया, इसलिए देश सही दिशा में आगे बढ़ रहा है। अगर गलत वोट दिया होता वही हाल होता जो उत्तर प्रदेश में सपा शासन के वक्त होता था, जब पश्चिमी यूपी में महीनों कर्फ्यू लगा रहता था। मगर, आज तो गाजियाबाद से हरिद्वार तक कांवड़ यात्रा की धूम होती है। 2017 से पहले बेटी-व्यापारी की सुरक्षा को खतरा था। मगर साफ कहा कि कोई इस गफलत में न रहे कि वह अपराध करके आराम से जेल चला जाएगा। अब तो उसे पता है कि जेल से पहले वह जहन्नुम पहुंचा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो कानून न मानने वालों का राम नाम सत्य हो गया तो कुछ स्वयं अपनी मौत मर रहे हैं। विकास और सुशासन की पहली प्राथमिकता सुरक्षा है।

कांग्रेस ने देश को केवल समस्या दिया

योगी ने कहा कि देश की सुरक्षा हो या प्रदेश में कानून व्यवस्था, युवाओं की आजीविका हो या आस्था का सम्मान, ये सभी कार्य केवल भाजपा ही कर सकती है। कांग्रेस ने देश को आतंकवाद, नक्सलवाद, परिवारवाद, जातिवाद, क्षेत्रवाद की समस्या दिया। उन्होंने कहा कि आज वह देश में जहां भी जा रहे हैं वहां से एक ही आवाज आ रही है कि ‘जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे। कांग्रेस ने तो राम को नकारा, हम कांग्रेस को नकारेंगे। इस अवसर पर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा प्रत्याशी त्रिवेन्द्र सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, राज्यसभा सांसद डॉ कल्पना सैनी, उत्तराखंड के मंत्री सतपाल महाराज, प्रेमचंद अग्रवाल, जिलाध्यक्ष रुढ़की शोभाराम प्रजापति, जिलाध्यक्ष हरिद्वार संदीप गोयल, जिला पंचायत अध्यक्ष हरिद्वार किरण चौधरी, विधायक मदन कौशिक और प्रदीप बत्रा सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे। मजबूर नहीं,मजबूत हाथों में है देश-योगी