नगरीय सेवाओं की प्रक्रिया सुदृढ़ एवं सरल करें-मुख्य सचिव

54
नगरीय सेवाओं की प्रक्रिया सुदृढ़ एवं सरल करें-मुख्य सचिव
नगरीय सेवाओं की प्रक्रिया सुदृढ़ एवं सरल करें-मुख्य सचिव

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में स्टेट अर्बन डिजिटल मिशन-यू०पी० की समीक्षा बैठक संपन्न। नगरीय सेवाओं की प्रक्रिया सुदृढ़ एवं सरल करें-मुख्य सचिव

ब्यूरो निष्पक्ष दस्तक

लखनऊ। मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र की अध्यक्षता में स्टेट अर्बन डिजिटल मिशन-यू०पी० की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मुख्य सचिव ने उत्तर प्रदेश को नागरिक सेवाओं को प्रदान करने के मामले में अग्रणी राज्य बनाने के लिए नगर विकास विभाग-उ०प्र० द्वारा प्रदत्त नागरिक सेवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर भारत सरकार की संस्था एन०आई०यू०ए० के उपयोग (UPYOG- Urban Platform for delivery Of Governance Services) प्लेटफार्म पर जोड़े जाने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न नागरिक सेवाओं को ससमय पूर्ण रूप से सभी 762 निकायों में क्रियान्वित कराने के लिए रोडमैप तैयार किया जाये एवं इसका सतत अनुश्रवण मिशन निदेशक द्वारा किया जाये। उन्होंने कहा कि उपलब्ध नागरिक प्लेटफार्म पर विभिन्न नगरीय सेवाओं को प्राप्त करने की प्रक्रिया पारदर्शी, पेपरलेस एवं सरल होनी चाहिये। उन्होंने प्लेटफार्म पर विभिन्न नगरीय सेवाओं को प्राप्त करने के लिए सिटिजन लॉगिन देने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि नगरीय सेवाओं को प्राप्त करने की प्रक्रिया को और सुदृढ़ एवं सरल बनाया जाये। इससे नागरिक सुगमता से सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे और नागरिकों की दैनिक समस्याओं का त्वरित निराकरण हो सकेगा।


मुख्य सचिव द्वारा एस०यू०डी०एम० की प्रगति पर प्रसन्नता व्यक्त की गई एवं राज्य में नगरीय सेवाओं को एक ही डिजिटल प्लेटफार्म पर लाने के लिए प्रमुख सचिव नगर विकास विभाग एवं एस०यू०डी०एम० टीम को बधाई दी गई। मिशन निदेशक द्वारा 762 निकायों (नगर निगम-17, नगर पालिका परिषद-200 एवं नगर पंचायत-545) में उपलब्ध कराई गई विभिन्न नागरिक सेवाओं यथा सम्पत्ति कर, जलकर / सीवर कर, ट्रेड लाईसेंस नागरिक शिकायतों का निस्तारण आदि के सम्बन्ध में विस्तृत निकायवार प्रगति की जानकारी प्रदान की गई।उल्लेखनीय है कि नगर विकास विभाग के अधीनस्थ नगरीय सेवाओं को सुदृढ एवं सरलता से प्रदान करने के लिए राज्य अर्बन डिजिटल मिशन को प्रारम्भ किया गया है जिसे स्टेट अर्बन डिजिटल मिशन यू०पी० (एस०यू०डी०एम०) नाम दिया गया है। बैठक में प्रमुख सचिव नगर विकासअमृत अभिजात, मिशन निदेशक (एस०यू०डी०एम०) नितिन बंसल, भारत सरकार की संस्था एन०आई०यू०ए० के प्रतिनिधि, भारत सरकार की संस्था एन०आई०सी० के प्रतिनिधि, एस०यू०डी०एम० की चयनित पीएमयू संस्था के प्रतिनिधि एवं अन्य अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। नगरीय सेवाओं की प्रक्रिया सुदृढ़ एवं सरल करें-मुख्य सचिव