आतंक मचाने वाले अब बहा रहे घडियाली आंसू-उपमुख्यमंत्री

111
मेहनतकश और गरीबों के साथ सरकार-उपमुख्यमंत्री
मेहनतकश और गरीबों के साथ सरकार-उपमुख्यमंत्री

रामपुर में था आजम का आतंक, अब बहा रहे घडियाली आंसू। सपा सरकार में दंगा कराने वाले मंत्रियों में होती थी आजम खां की गिनती

हिमांशु दुबे

लखनऊ/रामपुर । उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सपा सरकार में रामपुर में आजम खां का आतंक था। लोगों की जमीनों पर कब्जे होते थे, लेकिन भाजपा सरकार ने आजम खां के आतंक को समाप्त करने का कार्य किया है। अब आजम खां घडियाली आंसू बहा रहे हैं। उन्होंने आजम खां पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा सरकार में उनकी गिनती दंगा कराने वाले मंत्रियों में होती थी। केशव प्रसाद मौर्य रामपुर पहुंचे। कोसी मंदिर रोड स्थित उत्सव पैलेस में उन्होंने भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना के समर्थन जनसभा की। इस दौरान उनके निशाने पर सपा नेता आजम खां रहे। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के समय कुंभ मेले का आयोजन हुआ था। तब आजम खां नगर विकास मंत्री थे। मेले के दौरान अचानक भगदड मच गई थी, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों की मौत हो गई थी। उस वक्त आजम खां अपने बंगले में सो रहे थे। आजम खां रामपुर को अपनी जागीर बनाकर रखना चाहते हैं, लेकिन अब रामपुर की जनता उन्हें उसी तरह सबक सिखाएगी, जिस तरह लोकसभा उपचुनाव में सबक सिखाया था।


उन्होंने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा ने ऐसा माहौल बना दिया था कि जैसे उनकी सरकार आ रही हो। अब वह जमाना गया कि धमकाकर, बूथ कब्जा करके और देख लेंगे कहकर किसी का कोई वोट ले सकता है।उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सपा सरकार में गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार चरम पर था। उस वक्त सपाइयों का नारा था खाली प्लॉट हमारा है। गरीब की जमीन, दुकान और प्लॉट पर सपाइयों ने कब्जा किया। उस वक्त तो यूपी में यह कहा जाता था कि जिस गाड़ी पर सपा का झंडा, उसमें बैठा बड़ा गुंडा। आजम खां ने सत्ता में रहते हुए हमेशा प्रशासन का दुरूपयोग किया है। कहा कि प्रदेश में जब भाजपा की सरकार आई तो सारे अपराधियों पर कार्रवाई हुई। अपराधी या तो सही रास्ते पर आ गए या फिर जेल भेज दिए गए।


उन्होंने कहा कि क्या रामपुर के लोगों को याद नहीं है कि आजम खां ने कितने जुल्म किए हैं। क्या किसी को छोड़ा है, क्या किसी को माफ किया है। उन्होंने तो रामपुर के लोगों को खून के आंसुओं से रूलाया है। आज आजम खां पुलिस पर आरोप लगा रहे हैं। अरे भाजपा के शासन में पुलिस, प्रशासन निष्पक्ष तरीके से काम करती है। अब पुलिस बदमाशों से डरती नहीं है, बल्कि बदमाश पुलिस से डरते हैं। सपा की सरकार में तो पुलिस अपराधी को नहीं, बल्कि आजम खां की भैंसो को खोजती थी। उन्होंने कहा कि एक बार रामपुर में कमल खिलाइए, हम वादा करते हैं रामपुर भी कमल की तरह खिल जाएगा। केशव ने कहा कि अल्पसंख्यक समाज के लोग अब हमारे साथ आ रहे हैं। अब मुस्लिम समाज भी भाजपा की सबका साथ, सबका विकास और विश्वास के नाते भाजपा को वोट देने के लिए तैयार है। उनको पता है कि अन्य दलों ने सिर्फ ठगने का काम किया है। उनको तरक्की के रास्ते पर भाजपा ही ले जा सकती है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी को जिताने की अपील की।


किसानों की जमीनों पर कब्जा कर आजम खां ने बनाई जौहर यूनिवर्सिटी


उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा नेता आजम खां के जौहर विश्वविद्यालय को लेकर कहा कि आजम खां ने किसानों की जमीनों पर कब्जा कर जौहर यूनिवर्सिटी बनाई है। यह किसी से छिपा नहीं है। आज उन किसानों की जमीनें भाजपा सरकार ने वापस दिलाने का काम किया है।