मोदी एवं योगी के साथ जन-जन का आशीर्वाद

396

 

हिमांशु दुबे
       हिमांशु दुबे

लखनऊ । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा है कि पंचायत चुनावों की सफलता इस बात का प्रमाण है कि नरेन्द्र मोदी  एवं  योगी  के साथ जन-जन का आशीर्वाद बरकरार है। इसके लिए मैं प्रदेश की जनता जर्नादन का आभार व्यक्त करते हुए उसे प्रणाम करता हूं तथा अपने करोड़ों देवतुल्य कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम के लिए साधुवाद देता हूँ।प्रदेश कार्यसमिति में अध्यक्षीय भाषण में स्वतंत्रदेव ने कहा कि हम लोग लगभग साढ़े तीन महीने पहले जब मिले थे, तब हमारे सामने पंचायत चुनाव की चुनौती थी। अब हम जब दोबारा मिल रहे हैं तो उस चुनौती को जीतकर 67 जिला पंचायत अध्यक्ष और 650 से ज्यादा ब्लाक प्रमुखो की विजय के साथ हम गांव-गांव विकास की नई धारा बहाने को तैयार हैं। इस विजय के लिए मोदीजी-योगीजी व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी की नीति, नीयत और निर्णयों की जितनी प्रशंसा की जाए वह कम है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश की यह धरती भारतीय संस्कृति के विकास और सृजन की भूमि रही है। जन-जन के आराध्य मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम की भूमि है, कृष्ण की भूमि है तथा यहाँ पर शिव की काशी भी है। देश को सर्वाधिक प्रधानमंत्री देने वाले इस प्रदेश से भाजपा के शिखर पुरूष श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी ने लखनऊ से संसद पहुंच प्रधानमंत्री बन देश का गौरव बढ़ाया। आज मोदी जी भी देश की सांस्कृतिक राजधानी काशी से उसी परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। वहीं, राजधानी से राजनाथ सिंह जी रक्षामंत्री के रूप में देश सीमाओं की रक्षा का दायित्व निभा रहे हैं। यूपी भाजपा का राजनीतिक कार्यकर्ता होने के नाते हम सभी को इस सौभाग्य पर गर्व की अनुभूति है। वहीं, प्रदेश के प्रभारी तथा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाते अमित शाह जी ने हम सबका मार्गदर्शन किया और अब राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा जी जिस प्रकार से हम सभी कार्यकर्ताओं का नेतृत्व कर रहे है, वह अनुकरणीय है। उन्होंने करोड़ों कार्यकर्ताओं को एक सूत्र में पिरोते हुए अपनी कुशल संगठनात्मक नीतियों के माध्यम से भाजपा को गांव-गांव और भी अधिक सशक्त किया है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मोदी के डिजिटल इंडिया संकल्प और राष्ट्रीय अध्यक्ष की नीतियों पर पूरी तरह अमल का ही सुखद परिणाम रहा कि कोरोना काल में भाजपा राष्ट्रीय स्तर से लेकर बूथ स्तर तक डिजिटल हुई। जिसके कारण कोरोना काल में करोड़ों कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय संभव हो सका है। जब विपक्ष बयानबाजी में व्यस्त था तब हम लोगों से संपर्क व संवाद कर उनकी समस्याओं के समाधान कर रहे थे। मोदी सरकार के सफलतम् 7 वर्ष पूर्ण होने पर 28 से 30 मई तक सभी मोर्चों के कार्यकर्ताओं ने रक्तादान शिविरों का आयोजन कर 174 ब्लड डोनेशन कैम्पों के माध्यम से 7 हजार 253 यूनिट रक्तदान कर सरोकारी राजनीति को विस्तार दिया। इसी कड़ी में 30 मई को “सेवा ही संगठन” अभियान के तहत 21 हजार 950 ग्राम पंचायतों तथा वार्ड में कार्यक्रम हुए। जिसमें संगठन के सभी पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों ने 10 लाख 23 हजार 263 जरूरतमंदों को राहत सामग्री जैसे-दवा किट, सैनेटाइजर, मास्क, काढ़ा, साबुन, राशन किट, थर्मल स्कैनर आदि वितरित किये।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 10 जून से 15 जुलाई तक चले जागरूकता अभियान के तहत कार्यकर्ताओं ने लोगों को पोस्ट कोविड समस्या के समाधान में सहायता दी। वैक्शीनेशन व वृक्षारोपण कार्यक्रमों को चलाते हुए गांवों में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को लेकर  लोगों को जागरूक किया। ‘सेवा ही संगठन’ के मंत्र के साथ एक-एक व्यक्ति तक पहुंचकर उसके कष्ट को बांटने का जो काम कार्यकर्ताओ ने किया है उसके लिए मैं सभी  कार्यकर्ताओ का अभिनंदन करता हूं।
श्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सबका साथ, सबका विकास एवं सबका विश्वास के मूलमंत्र को लेकर प्रधानमंत्री आदरणीय मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार एवं आदरणीय योगी जी के नेतृत्व में राज्य सरकार की भाजपा सरकार की सबसे बड़ी विशेषता गरीबों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचा कर प. दीनदयाल उपाध्याय जी के अंत्योदय के स्वप्न को साकार कर रही है।जहां गरीब बैंक के दरवाजे में प्रवेश नहीं कर पाता था आज उसका अपना बैंक खाता है। जो गरीब महिलाएं धुंए से परेशान रहती थी आज उनके पास उज्ज्वल्ला योजना का गैस कनेक्शन है। नारी के सम्मान की रक्षा के लिए आज गाँव-गाँव में शौचालय तैयार हुए है। गरीबों के पास अपनी अपनी छत है। आयुष्मान भारत के तहत मुफ्त इलाज की सुविधा है। ऐसे ही अनेक काम माननीय मोदी जी ने देश के गरीब के कल्याण के लिए किए हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि “सबको वैक्सीन, मुफ्त वैक्सीन” के संकल्प के साथ विश्व का सबसे बड़ा और सबसे तीव्र गति वाला टीकाकरण हमारे देश व प्रदेश में चल रहा है।उन्होंने कहा आदरणीय मोदी जी ने ना सिर्फ सेवा और सरोकारों के मोर्चे पर उल्लेखनीय कार्य ही नहीं किए, बल्कि राष्ट्रवाद सर्वोपरि की नीति पर भी अमल किया। अनुच्छेद 370 की समाप्ति, राम मंदिर का निर्माण, नागरिकता संशोधन कानून, ट्रिपल तलाक की विदाई जैसे ऐतिहासिक निर्णय इसका उदाहरण हैं।
उन्होंने कहा एक समय था जब उद्योगपति उत्तर-प्रदेश में लूट खसोट, भ्रष्टाचार माफियाराज और गुंडागर्दी के कारण कोई व्यापारी आने से डरते थे। लेकिन आज योगी सरकार ने माहौल बदल दिया है, आज राज्य में कानून का राज है, लोग भय और आतंक से मुक्त है। तभी तो उद्योगपतियों और निवेशकों के लिए उत्तर प्रदेश पहली पसंद बना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आते ही मैदान में उतर कर अस्पतालों से लेकर गांवों तक का दौरा कर कोरोना पीड़ितों के इलाज की व्यवस्थाओं की निगरानी की। एक वाक्य में कहें तो योगी सरकार ने जान और जहान दोनों की पूरी संवेदना के साथ चिंता की।

कोरोना काल के बावजूद हमारे पास उपलब्धियां हैं। सेवा का संकल्प है। सरोकारों पर समर्पण है। राष्ट्रवाद पर प्रतिबद्धता का प्रमाण है। विपक्ष की भूमिका पूरी तरह नकारात्मक रही है। विपक्ष के नेता सिर्फ बयानबाजी तक सीमित रहे। आप सभी से अनुरोध है कि वे विपक्ष की पूरी करतूत जनता को बताएं। साथ ही तन मन से उत्तर प्रदेश की एक-एक जन की चिन्ता करते हुए प्रदेश को पूर्ण विकसित राज्य बनाने के लिए जुटें और आगे 2022 की चुनावी सफलता सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा हमें पं. दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जैसी विभूतियों की प्रेरणा तथा आदरणीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जी का नेतृत्व एवं प्रधानमंत्री आदरणीय नरेन्द्र मोदी जी की पूर्ण पारदर्शी एवं भ्रष्टाचार मुक्त शासन प्रणाली एवं यशस्वी मुख्यमंत्री माननीय योगी आदित्यनाथ जी की स्वच्छ एवं ईमानदार छवि तथा करोड़ों कार्यकर्ताओं के परिश्रम की पराकाष्ठा और बूथ-बूथ संगठन के सशक्त ढांचे व संवेदनशील एवं सरोकारी राजनीति के बदौलत 2022 में पुनः एक बार प्रचंड जनादेश प्राप्त करेंगे। इस कार्यकारिणी में सहभागी बनने वाले आप सभी वरिष्ठजनों का एक बार पुनः बहुत स्वागत है, वंदन है, अभिनंदन है। हम सभी अपनी आस्था, विश्वास और पुरूषार्थ से उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाते हुए भारत माता की समृद्दि और सुरक्षा को सुनिश्चित करते हुए उसकी प्रसिद्धि में वृद्धि करने के लिए कंधे से कंधा मिलाकर पूरी क्षमता से एकजुट होकर जुटेंगे।