अयोध्या विकास के लिये 02 हजार करोड़

116
अयोध्या विकास के लिये 02 हजार करोड़
अयोध्या विकास के लिये 02 हजार करोड़

मुख्यमंत्री ने अयोध्या लोकसभा क्षेत्र के विकास के लिये लगभग 02 हजार करोड़ रु0 की विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास। अयोध्या विकास के लिये 02 हजार करोड़

लखनऊ। राज्य की डबल इंजन की सरकार जन सुविधाओं और बुनियादी विकास योजनाओं को समाज के प्रत्येक तबके तक बिना किसी भेदभाव के पहुंचाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। आज इसी श्रृंखला में अयोध्या लोकसभा क्षेत्र के विकास के लिये लगभग 02 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है। मुख्यमंत्री ने जनपद के विकास से सम्बन्धित 82 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनकी कुल लागत लगभग 1,975 करोड़ रुपये है। इनमें लगभग 212 करोड़ रुपये की 44 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 1,763 करोड़ रुपये से अधिक की 38 परियोजनाओं का शिलान्यास सम्मिलित है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अन्तर्गत लाभार्थियां को आवास की प्रतीकात्मक चाभियां प्रदान की। अयोध्या में लगभग 32 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य हो रहे हैं। इतनी परियोजनाएं देश के किसी एक नगर या जनपद में नहीं चल रही है। आज हमारी अयोध्या दुनिया की सबसे वैभवशाली नगरी तथा यह जनपद सबसे वैभवशाली जनपद बन रहा है। यह जनपद त्रेतायुग की याद दिला रहा है, जब रामराज्य साकार रूप में था। आज अयोध्या प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश को नई प्रेरणा भी दे रही है। यह वही अयोध्या है, जिसका छह वर्ष पूर्व लोग नाम लेने में भी संकोच करते थे। उन्होंने नगर निकाय चुनाव में डबल इंजन की सरकार पर विश्वास करने के लिए जनमानस के प्रति आभार व्यक्त किया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि कल उन्होंने अयोध्या में विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया था। आज सुबह सन्तजन के साथ बैठक के उपरान्त वे जनता से संवाद बनाने के लिये महात्मा भरत की इस पावन साधनास्थली का दर्शन करने आए हैं। महात्मा भरत का चरित्र देश वासियों को नई प्रेरणा प्रदान करता है। भाई-भाई के प्रति सम्बन्ध कैसा होना चाहिए, शासक का प्रजा के प्रति दायित्व कैसा होना चाहिए, महात्मा भरत ने इसका अनुकरणीय आदर्श हमारे सामने रखा। अयोध्या में सूरजकुंड, गुप्तारघाट, भरत कूप सहित अन्य स्थल विकसित हो रहे हैं, जो अयोध्या को दुनिया की सबसे सुंदर नगरी बनाएंगे। अयोध्या में रेलवे स्टेशन के साथ ही अन्य विकास कार्य किए जा रहे हैं। यहाँ बन रहा इण्टरनेशनल एयरपोर्ट इसी वर्ष तैयार हो जाएगा। इसके बन जाने से अयोध्यावासियों को विमान से देश व दुनिया की सैर करने का अवसर प्राप्त होगा। अभी अयोध्या में हो रहे विकास कार्यों से लोगों को परेशानी हो रही होगी, लेकिन किसी बड़े लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रारंभिक कठिनाई और चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। यहाँ के लोगों का पुनर्वास किया जाएगा। अगले चार से छह माह के भीतर अयोध्या की सड़कें दिल्ली के राजपथ जैसी दिखेंगी। यहां रामपथ तथा भक्तिपथ के रूप में बेहतरीन मार्ग बनाये जा रहे हैं। यहां पंचकोसी, चौदहकोसी, चौरासीकोसी परिक्रमा मार्ग, नये बाईपास, रिंग रोड तथा फ्लाई ओवर बन रहे हैं। चिकित्सालयों और शिक्षा केन्द्रों के विकास कार्यां को आगे बढ़ाया जा रहा है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में अनेक नये अवसर आ रहे हैं। अनेक नए कार्यों को स्वीकृति दी जा रही है। हर बड़ा शहर अयोध्या से जुड़ना चाह रहा है। आज सभी प्रार्थना कर रहे हैं कि उन्हें भी अयोध्या में जन्म लेने का सौभाग्य मिलता। अगले वर्ष जनवरी माह में श्रीरामलला अपने स्वयं के मंदिर में विराजमान होंगे तब दुनिया यहाँ आने के लिए आकर्षित होगी। श्री राम के बगैर हमारा जीवन अधूरा है। प्रभु श्रीराम को हमने जिस रूप में देखा है, उनकी पूजा तथा भक्ति की है, वह मंदिर निर्माण के साथ ही श्री रामलला के विराजमान होने के रूप में साकार होने जा रहा है। एक नई अयोध्या बनने जा रही है। इस वर्ष अयोध्या में दीपोत्सव के अवसर पर 21 लाख दीप प्रज्ज्वलन किये जाने का लक्ष्य रखा जाए। राम जी की पैड़ी, सूरजकुण्ड, भरत कुण्ड सहित सभी मंदिरों, घाटों में दीप प्रज्ज्वलन के लिए अभी से तैयारी करें। अयोध्या दीपों से जगमग दिखाई देनी चाहिए। अगले वर्ष प्रभु श्रीराम अपने स्वयं के मन्दिर में विराजमान होने के लिए आने वाले हैं। इसे एक बड़ा इवेंट बनाने के लिए अभी से कार्य प्रारम्भ कर दें। आगामी 21 जून को अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर यहाँ के सांसद तथा अन्य जनप्रतिनिधि राम जी की पैड़ी, भरतकुण्ड, सूरजकुण्ड तथा अन्य विभिन्न स्थानों पर योग महोत्सव के कार्यक्रम से जुड़े।


मुख्यमंत्री ने कहा की प्रधानमंत्री के नेतृत्व में अयोध्या, काशी, मथुरा-वृंदावन, प्रयागराज, कुशीनगर, श्रावस्ती, शुक तीर्थ तथा नैमिषारण्य का विकास हो रहा है। प्रयागराज में दिव्य और भव्य कुम्भ का आयोजन किया गया। यह नया भारत है, इसमें हम सबको मिलकर कार्य करना होगा। आज विकास के लिए धन की कमी नहीं है। हमारे लिए जनता तथा प्रदेश एक परिवार की भाँति है। आज शासन का धन विकास कार्यों, बिजली व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण, हर घर नल योजना के अंतर्गत जल आपूर्ति, गरीबों के लिए शौचालय तथा आवास, किसानों की आमदनी बढ़ाने, बेटियों की पढ़ाई, नौजवानों को रोजगार, अच्छे विश्वविद्यालय, महाविद्यालय तथा तकनीकी संस्थान स्थापित करने में व्यय किया जा रहा है। इसलिए आज विकास दिख रहा है।
प्रदेश में 54 लाभ गरीबों को जाति, मत तथा मजहब के भेदभाव के बिना आवास उपलब्ध कराये गए। सभी गरीबों को शौचालय, निःशुल्क बिजली कनेक्शन तथा निःशुल्क रसोई गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। कोरोना काल में निःशुल्क राशन की सुविधा भी दी गयी। प्रदेश में हाईवे, रेलवे, वॉटरवे, एयरपोर्ट, मेडिकल कॉलेज जैसे बड़े निर्माण कार्य हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत में सुरक्षा की स्थिति बेहतर हुई है, वैश्विक मंच पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। भारत एक बार फिर दुनिया के सामने मानवता के कल्याण के लिए नेतृत्व करता हुआ दिखाई दे रहा है। किसी भी संकट के आने पर दुनिया भारत की ओर देख रही है। यह नया भारत है और इस नए भारत के लिए हम सबको अपने आप को तैयार करना होगा, तभी भारत दुनिया की सबसे बड़ी ताकत बनेगा।


प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत दुनिया की बड़ी ताकत के रूप में उभर रहा है। वैश्विक स्तर पर देश को सम्मान प्राप्त हो रहा है। देश अपनी आजादी का 75वां वर्ष मना रहा है, ऐसे समय में दुनिया के 20 बड़े देशों के समूह जी-20 की अध्यक्षता प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत को मिली है। जी 20 के देशों में दुनिया की 65 फीसदी आबादी निवास करती है। दुनिया की 85 प्रतिशत जी0डी0पी0, 90 प्रतिशत पेटेंट तथा 80 प्रतिशत संसाधनों पर जी-20 के देशों का अधिकार है। जिस ब्रिटेन ने भारत को लगभग 200 वर्षों तक गुलाम बनाकर रखा था, आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में उस ब्रिटेन को पछाड़कर भारत दुनिया की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था बना है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में अगले चार-पांच वर्षों में भारत दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। अर्थव्यवस्था की मजबूती का तात्पर्य है कि प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि होगी, सभी गरीबों को बिना भेदभाव के शासन की योजनाओं का लाभ मिलेगा तथा कनेक्टिविटी बेहतर होगी। पहले गोरखपुर से अयोध्या या लखनऊ से अयोध्या आने मे 05 से 06 घंटे लगते थे, आज यह दूरी बहुत कम समय में पूरी हो रही है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सरकार लोक कल्याण एवं विकास के लिए समर्पित तथा विरासत का सम्मान करने वाली है। हम सब गौरवशाली हैं कि हमने इस काल में जन्म लिया है, जब देश को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नेतृत्व मिल रहा है। ज्ञातव्य है कि लोकार्पित परियोजनाओं में नगर विकास, लोक निर्माण विभाग, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, माध्यमिक शिक्षा, आवास एवं शहरी नियोजन, पर्यटन, नमामि गंगे, सिंचाई एवं जल संसाधन, पंचायतीराज, आयुष विभाग की परियोजनाएं शामिल हैं। शिलान्यास की जाने वाली परियोजनाओं के अन्तर्गत लोक निर्माण, व्यावसायिक शिक्षा, चिकित्सा शिक्षा एवं गृह विभाग की परियोजनाएं सम्मिलित हैं। इस अवसर पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति राज्य मंत्री सतीश चन्द्र शर्मा तथा जनप्रतिनिधिगण, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, गृह एवं सूचना संजय प्रसाद सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अयोध्या विकास के लिये 02 हजार करोड़