भाजपा में कामाख्या में चार तो रूदौली में छः नामों पर होगा मंथन

308
भाजपा में कामाख्या में चार तो रूदौली में छः नामों पर होगा मंथन
भाजपा में कामाख्या में चार तो रूदौली में छः नामों पर होगा मंथन

अर्जुन यादव/पप्पू यादव


अयोध्या/रूदौली। भाजपा में कामाख्या में चार तो रूदौली में छः नामों पर होगा मंथन।निकाय चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू होने को है, लेकिन अब तक किसी भी दल ने जिले की इकलौती नगर पालिका परिषद रुदौली और नवसृजित नगर पंचायत मां कामाख्या धाम के लिए टिकट फाइनल नहीं किया है। सभी पार्टियों में टिकट के लिए आवेदन पड़ चुके हैं। अब इनके आवेदनों पर पार्टी ने मंथन करना शुरू कर दिया। सपा हो, भाजपा या चाहे फिर बसपा और कांग्रेस। सभी दल ऐसे चेहरे पर दांव लगाना चाहते हैं, कि उन्हें मुंहकी न खाना पड़े। ऐसे में हर पार्टी में बहुत सोच-विचार करके ही टिकट की घोषणा करने की तैयारी है। अब जब टिकट बांटने का ऐन वक्त आ गया तो सभी दलों में आवेदन करने वाले संभावित उम्मीदवार पार्टी प्रमुख पदाधिकारियों या फिर नेताओं के आगे-पीछे लगे हैं। ज्यादातर ने तो नेताओं के घर ही घेरा डाल दिया है।

माँ कामाख्या धाम:-


नगर पंचायत गठन के बाद पहली बार होने जा रहे निकाय चुनाव के लिए भाजपा ऐसे उम्मीदवार को चुनावी रण में उतारने का फैसला कर रही है, जो नगर पंचायत की सीमा के भीतर के हों। मां कामाख्या नगर पंचायत के भाजपा चुनाव संयोजक धर्मेंद्र सिंह के मुताबिक भाजपा के टिकट पर चुनाव में उतरने की चाहत लिए शीतला प्रसाद शुक्ला,दिनेश पांडेय,तेज तिवारी, रविकांत तिवारी,शिव कुमार पाठक,विनोद सिंह,सरिता देवी,शेर बहादुर सिंह,राकेश तिवारी,अशोक गुप्ता व अजय शुक्ला ने अपना-अपना आवेदन पार्टी पदाधिकारियों को सौंपा है।‌पार्टी के भरोसेमंद सूत्रों के अनुसार इनमें से छटनी के बाद महज चार नामों दिनेश पांडेय,शीतला प्रसाद शुक्ल,राकेश तिवारी व अशोक गुप्ता पर पार्टी जिला हाईकमान मंथन करेगा। बताया जाता है कि तेज तिवारी,अजय शुक्ला,रविकांत तिवारी व शिव कुमार पाठक मां कामाख्या धाम नगर पंचायत में आने वाले वार्डों के बाहर के हैं। यही वजह है कि इन पर पार्टी कोई विचार नहीं करेगी। वहीं समाजवादी पार्टी के समर्थन से चुनाव लड़ने के लिए मां कामाख्या धाम नगर पंचायत से बाबा कप्तान गिरि,अनित शुक्ला,जगदीश सिंह,तनवीर उर्फ मुन्ना,शिव मगन मौर्या,देवी गुप्ता,आनंद गिरि ने अपना आवेदन सौंपा है।

रूदौली नगर पालिका :

रुदौली में भी भाजपा में छह नामों पर विचार


जिले की इकलौती नगर पालिका परिषद रुदौली की खोई भूमि भाजपा पुन: अपने पाले में करना चाहती है। इसलिए भाजपा टिकट की घोषणा से पहले दावेदारी करने वाले नामों पर खूब मंथन करने में लगी है। वैसे तो भाजपा से टिकट की इच्छा राजेश गुप्ता, श्याम सुंदर कसौंधन, शेखर गुप्ता, अशोक कसौंधन, कमलचंद्र, जियालाल लोधी, रामराज लोधी, सतींद्र प्रलाश शास्त्री, शिवराम यज्ञसैनी, संध्या देवी, आरती देवी, विजय गुप्ता सहित 13 लोगों ने आवेदन डाले हैं। इनमें से प्रमुख नामों में राजेश गुप्ता, शेखर गुप्ता, श्याम सुंदर कसौंधन, अशोक कसौंधन, रामराज लोधी, विजय गुप्ता पर पार्टी विचार-विमर्श कर रही है।

कांग्रेस पार्टी से कामाख्या धाम और नगर पालिका परिषद रुदौली के लिए तीन-तीन आवेदन आए हैं। जिनमें से कामाख्या धाम से आनंद गिरी, कप्तान गिरी व राम सिंह तो रुदौली से पप्पू लोधी, पूर्व नगर अध्यक्ष तारिक सरबती व शिव प्रसाद कसौंधन ने आवेदन किया है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता दयानंद शुक्ला ने बताया कि जो आवेदन आए हैं, जिला अध्यक्ष व पूर्व सांसद निर्मल खत्री के साथ जिले पर बैठक कर नामों की घोषणा की जाएगी।

समाजवादी पार्टी से महज चार आवेदन
रुदौली नगर पालिका की सीट पर सबसे अधिक कार्यकाल समाजवादी पार्टी का रहा है। यहां के निर्वतमान चेयरमैन जब्बार अली का काफी लंबे समय तक कब्जा रहा। इस बार यहां सपा से जब्बार अली, विनोद लोधी, डा पुष्कर यादव व शारिक ने आवेदन किया है। जबकि रईस का आवेदन आरक्षण बदलने के बाद स्वत: निरस्त हो गया। इसकी पुष्टि सपा के विधानसभा अध्यक्ष छोटेलाल यादव ने की है।‌

दो लोग दो पार्टी से मांग रहे टिकट
मां कामाख्या धाम नगर पंचायत से अध्यक्ष पद के लिए दो लोग ऐसे हैं, जो सपा और कांग्रेस दोनों पार्टी से टिकट चाहते हैं। इनमें कप्तान गिरि और आनंद गिरि ने सपा और कांग्रेस दोनों में टिकट की चाहत में आवेदन कर रखा है। इनका मानना है कि जो भी पार्टी उन्हें टिकट दे देगी, उसी दल से चुनाव लड़ जाएंगे। दोनों पार्टी में आवेदन की पुष्टि स्वयं सपा के विस अध्यक्ष छोटेलाल यादव व कांग्रेस नेता दयानंद शुक्ला ने की है। भाजपा में कामाख्या में चार तो रूदौली में छः नामों पर होगा मंथन