जेवर और अलीगढ़ के मध्य डिफेंस इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर का निर्माण युद्धस्तर पर,राजा महेन्द्र प्रताप सिंह के नाम पर जनपद अलीगढ़ में विश्वविद्यालय का निर्माण किया जा रहा, मेरठ में प्रदेश के पहले खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की जा रही। अब तक 34 लाख परिवारों को घरौनी का वितरण, 15 अगस्त, 2023 तक प्रदेश के प्रत्येक परिवार को यह सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से प्रदेश के 09 लाख स्ट्रीट वेण्डरों को ऋण उपलब्ध कराया। कोरोना काल में छात्रों की घर वापसी के लिए 500 बसें कोटा (राजस्थान) भेजी गईं और उन सभी को सकुशल व सुरक्षित घर पहुंचाया गया। प्रदेश के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु राज्य सरकार द्वारा मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना प्रारम्भ की गई।सुदृढ़ कानून-व्यवस्था के परिणामस्वरूप बहन-बेटियां सुरक्षित घर से बाहर निकल रही हैं और बालिकाएं सकुशल स्कूल-कॉलेज जा रहीं। युवाओं के हितों व उज्ज्वल भविष्य के दृष्टिगत अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त माफियाओं पर शिकंजा कसा जा रहा, शीघ्र ही, इसके लिए एक पोर्टल विकसित किया जाएगा।

बुलन्दशहर/लखनऊ। जेवर और अलीगढ़ के मध्य डिफेंस इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर का निर्माण युद्धस्तर पर किया जा रहा है। राजा महेन्द्र प्रताप सिंह के नाम पर जनपद अलीगढ़ में विश्वविद्यालय का निर्माण किया जा रहा है। मेरठ में प्रदेश के पहले खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की जा रही है। ‘खेलो इण्डिया’ कार्यक्रम के अन्तर्गत प्रत्येक गांव में खेल का मैदान बनाया जा रहा है। यह सभी कार्य प्रदेश की उन्नति में सहायक होंगे। ‘शरीरमाद्यं खलु धर्मसाधनम्’, यह संस्कृत उक्ति इंगित करती है कि जितने भी धर्म के साधन हैं, वह स्वस्थ शरीर के लिए होते हैं। इसीलिए खेल के मैदानों से सटे ओपेन जिम का निर्माण भी किया जा रहा है, जिससे प्रदेश के युवा अपने शरीर को स्वस्थ रख सकें।

भू-स्वामित्व योजना (घरौनी) के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पुश्तैनी मकानों का स्वामित्व लोगों को प्रदान किया जा रहा है। पहली बार नक्शे के अनुसार मैपिंग कराकर घरौनी तैयार कराकर लोगों को घरों का मालिकाना हक भी दिया जा रहा है। अब तक प्रदेश के 34 लाख परिवारों को घरौनी का वितरण किया जा चुका है। 15 अगस्त, 2023 तक प्रदेश के प्रत्येक परिवार को यह सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से स्ट्रीट वेण्डरों को लिए बैंकों से सस्ता ऋण उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। अब तक प्रदेश के 09 लाख स्ट्रीट वेण्डरों को ऋण उपलब्ध कराया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना काल में छात्रों की घर वापसी के लिए 500 बसें कोटा (राजस्थान) भेजी गईं और उन सभी को सकुशल व सुरक्षित घर पहुंचाया गया। प्रदेश के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु कोचिंग के लिए अन्य प्रदेशों में न जाना पड़े, इसके लिए प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना प्रारम्भ की गई है। इस योजना के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को वर्चुअल और फिजिकल माध्यम से विभिन्न विशेषज्ञों द्वारा निःशुल्क कोचिंग की सुविधा उपलब्ध करायी जा रही है। प्रदेश के युवाओं को तकनीक से जोड़ने के लिए 02 करोड़ स्मार्टफोन/टैबलेट के वितरण का लक्ष्य रखा गया है। कल 26 अगस्त, 2022 को जनपद मेरठ में 1,000 युवाओं को स्मार्टफोन/टैबलेट वितरित किए गए हैं। अब तब प्रदेश के कुल 15 लाख से अधिक युवाओं को स्मार्टफोन/टैबलेट वितरित किए जा चुके हैं।