‘गणेश महोत्सव’ में शामिल राजेन्द्र चौधरी ने की आरती

130
'गणेश महोत्सव' में शामिल राजेन्द्र चौधरी ने की आरती
'गणेश महोत्सव' में शामिल राजेन्द्र चौधरी ने की आरती

 राजधानी लखनऊ में ‘गणेश महोत्सव’ के अन्तर्गत पत्रकारपुरम् चौराहा, गोमतीनगर लखनऊ में गणेश जी की भव्य प्रतिमा का पूजन 19 सितम्बर 2023 से प्रारम्भ है। 28 सितम्बर 2023 को गणेश जी की प्रतिमा का विसर्जन होगा। श्री गणेश महोत्सव में प्रतिदिन प्रातः 11ः00 बजे और रात्रि 07ः00 बजे भव्य आरती होती है। कल रात्रि आरती के कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की ओर से समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी एमएलसी शामिल हुए। श्री चौधरी ने कहा कि गणेश जी देवों में प्रथम पूज्य देवता है और सभी शुभकार्यों में उन्हें स्मरण किया जाता है। गणेश महोत्सव से हमारी सांस्कृतिक एकता को बढ़ावा मिलता है। गणेश पूजा समिति के संरक्षक राम सागर यादव, अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद दुबे सहित स्थानीय व्यापार मण्डल के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

‘गणेश महोत्सव’ में शामिल राजेन्द्र चौधरी ने की आरती


    विगत 13 वर्षों से पत्रकारपुरम चौराहे पर गणेश महोत्सव का आयोजन गणेश पूजा समिति, पत्रकारपुरम की ओर से किया जा रहा है। इस गणेश महोत्सव में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु स्त्री पुरूष और बच्चे गणेश जी की पूजा आरती में शामिल होते हैं। गोमती नगर उद्योग व्यापार मण्डल की गणेश महोत्सव के कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी रहती है।लखनऊ में गणेश महोत्सव की श्रृंखला में पत्रकारपुरम में विशाल सुनहरा पंडाल कलकत्ता के असीम की देखरेख में दर्जनभर कारीगरों ने बनाया है जबकि गणेश जी की भव्य मूर्ति भी उन्होंने स्थापित की है। पूजा स्थल पर लोगों की सुविधा के लिए प्रवेश और निकास द्वार के साथ वरिष्ठ एवं विशिष्ट जनों के लिए बैठने की व्यवस्था हैं। यहां आए सभी भक्तों को प्रसाद भी वितरित किया जाता है।


    इस अवसर पर बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी उल्लेखनीय हैं। इसमें बच्चों की गणेश वंदना तथा अन्य प्रस्तुतियों की विशेष सराहना की गई। राजेन्द्र चौधरी एवं राम सागर यादव ने बच्चों को प्रशस्तिपत्र के साथ पुरस्कार भी दिये। विशेष आरती तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम के अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार मधुकर त्रिवेदी, समाजवादी पार्टी उत्तराखण्ड के कोषाध्यक्ष एस.के. राय, वरिष्ठ नेता चौधरी राजपाल सिंह एडवोकेट भी उपस्थित थे। गणेश महोत्सव की व्यवस्था में मनीष गुप्ता महामंत्री,पी.के. शर्मा कोषाध्यक्ष,अमित निगम,सर्वेश यादव,कुलदीप सिंह,रामरतन सिंह,मनीष,दीपांशु सिंह,विनय गौड़,विनय यादव, दिनेश यादव गायत्री परिवार, संजय शुक्ला, सुजीत श्रीवास्तव,रंगनाथ द्विवेदी,राम सिंह आदि का सहयोग सराहनीय है।