राजस्थान में नितिन गडकरी सक्रिय

98
राजस्थान में नितिन गडकरी सक्रिय
राजस्थान में नितिन गडकरी सक्रिय

भाजपा की चार परिवर्तन यात्रा में से एक का नेतृत्व करने पर पूर्व सीएम वसुंधरा राजे सहमत। राजस्थान भाजपा में विवाद को थामने की कोशिश। नितिन गडकरी भी सक्रिय। राजस्थान में नितिन गडकरी सक्रिय

एस.पी.मित्तल

विधानसभा चुनाव को देखते हुए राजस्थान में भाजपा चार परिवर्तन यात्रा निकाल रही है। कांग्रेस सरकार के रहते हुए पूर्व में दो बार जब परिवर्तन यात्राएं निकाली गई, तब वसुंधरा राजे ने अकेले ही यात्रा का नेतृत्व किया, लेकिन इस बार भाजपा ने प्रदेश के चार प्रमुख धार्मिक स्थलों से यात्राएं निकालने का निर्णय लिया है। इन यात्राओं में पूर्व सीएम राजे की भूमिका को लेकर काफी समय से मंथन हो रहा था, लेकिन अब एक यात्रा का नेतृत्व करने पर राजे ने सहमति जता दी है। सवाई माधोपुर के त्रिनेत्र गणेश मंदिर से 2 सितंबर से शुरू होने वाली परिवर्तन यात्रा का नेतृत्व वसुंधरा राजे करेंगी। कहा जा रहा है कि यात्रा के शुभारंभ पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह उपस्थित रहेंगे। सूत्रों के अनुसार भले ही इस बार अकेले वसुंधरा राजे ने परिवर्तन यात्रा न निकाली हो, लेकिन एक यात्रा का नेतृत्व देकर भाजपा में विवादों को थामने की कोशिश की गई है। असल में पिछले दिनों विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जो संकल्प समिति, प्रबंधन समिति आदि की घोषणाएं हुई उनमें राजे को शामिल नहीं किया गया। ऐसे में मीडिया में यह माना गया कि अब विधानसभा चुनाव में राजे की कोई भूमिका नहीं होगी। लेकिन एक परिवर्तन यात्रा का नेतृत्व देकर भाजपा ने फिलहाल विवाद को थामने की कोशिश की है।

असल में 2018 में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद से ही प्रदेश के भाजपा नेताओं से राजे का तालमेल नहीं बैठ रहा था। पहले सतीश पूनिया और अब सीपी जोशी के अध्यक्ष रहते हुए संगठन में राजे की कोई सक्रिय भूमिका देखने को नहीं मिली। सूत्रों के अनुसार चुनाव में राजे को सक्रिय करने में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की भूमिका मानी जा रही है। सूत्रों के अनुसार एक परिवर्तन यात्रा करने के लिए गडकरी ने ही वसुंधरा राजे को सहमत करवाया है। वसुंधरा राजे के समर्थक पहले भी आरोप लगाते रहे हैं कि प्रदेश में राजे को महत्व नहीं दिया जा रहा है। चूंकि भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व से लगता है कि आगामी चुनाव में सत्ता परिवर्तन हो जाएगा, इसलिए वह कोई जोखिम लेना नहीं चाहता। वसुंधरा राजे की नाराजगी से भाजपा को नुकसान न हो इसलिए राजे को हर संभव संतुष्ट किए जाने की योजना भी बन रही है। हालांकि राजे के अनेक समर्थक अब संगठन के कार्यों में सक्रिय हो गए हैं।

इन स्थानों से भी निकले यात्रा


भाजपा की रणनीति के मुताबिक 3 सितंबर को रामदेवरा, 4 सितंबर को बेणेश्वर धाम और 5 सितंबर को गोगामेड़ी से यात्राएं शुरू होंगी। इनका नेतृत्व क्रमश: प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत तथा विधानसभा में भाजपा विधायक दल के उपनेता सतीश पूनिया करेंगे। महत्वपूर्ण बात यह है कि शुरुआत के समय इन सभी स्थानों पर भाजपा के राष्ट्रीय नेता जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, अमित शाह आदि उपस्थित रहेंगे। यात्रा के समापन पर होने वाली सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन होगा। यह चारों यात्राएं प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेंगी। राजस्थान में नितिन गडकरी सक्रिय