एक सीट पर तीन कैबिनेट मंत्रियों की प्रतिष्ठा

42
एक सीट पर तीन कैबिनेट मंत्रियों की प्रतिष्ठा
एक सीट पर तीन कैबिनेट मंत्रियों की प्रतिष्ठा

एक सीट पर तीन कैबिनेट मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर। पूर्वांचल की घोसी लोकसभा सीट पर मुकाबला हुआ दिलचस्प। बसपा बिगाड़ सकती एनडीए का समीकरण। एक सीट पर तीन कैबिनेट मंत्रियों की प्रतिष्ठा

राकेश यादव

लखनऊ। जैसे-जैसे चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे यहां मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है। घोसी लोकसभा सीट पर कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर, दारा सिंह चौहान और एके शर्मा की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। यहां एनडीए प्रत्याशी अरविंद राजभर जीते तो इसका श्रेय सभी लेना चाहेंगे और अगर हारे तो इसका ठिकरा इन्हीं तीनों पर फूटेगा प्रदेश की घोसी लोकसभा में सातवें चरण में एक जून को मतदान होगा।

घोसी में समाजवादी पार्टी से राजीव राय, सुहेलदेव भारतीय समाज से अरविंद राजभर और बहुजन समाज पार्टी से पूर्व सांसद बालकृष्ण चौहान मतदाताओं को अपने पाले में लाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।इस सीट पर प्रदेश के तीन कैबिनेट मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। अरविंद राजभर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुभासपा के मुखिया ओमप्रकाश राजभर के बेटे हैं। बसपा से पूर्व सांसद रहे बालकृष्ण चौहान कांग्रेस से इस्तीफा देकर सांसद बनने की दौड़ में हैं। घोसी लोकसभा सीट पर कुल 28 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

मंत्री ए.के. शर्मा
मंत्री ए.के. शर्मा

2019 में बसपा ने लहराया था जीत का परचम

घोसी लोकसभा सीट पर 2019 के लोकसभा चुनाव में बसपा से अतुल राय को 5,73,829 वोट मिले थे।भाजपा के हरिनारायण राजभर को 4,51,261 वोट मिले थे।अतुल राय ने हरिनारायण राजभर को 1,22,566 वोटों से पराजित किया था। सपा-बसपा का गठबंधन होने का फायदा अतुल राय को घोसी में मिला था। अतुल राय चुनाव जीते थे।तीसरे स्थान पर सुभासपा के महेंद्र राजभर रहे।महेंद्र राजभर को 39,860 वोट मिला थे। चौथे स्थान पर कांग्रेस के बालकृष्ण चौहान रहे। बालकृष्ण चौहान को 23,812 वोट मिले थे। इस बार घोसी सीट से सपा से राजीव राय चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं एनडीए गठबंधन से सुभासपा के अरविंद राजभर चुनाव लड़ रहे हैं। घोसी लोकसभा क्षेत्र में 20,55,818 मतदाता है। इसमें 10,90,327 पुरुष और 9,65,407 महिला मतदाता हैं। इसके अलावा करीब 84 थर्ड जेंडर मतदाता है।

अब चुनाव के लिए मतदान में सिर्फ एक सप्ताह का समय बचा है। ऐसे में सभी दलों के नेताओं और स्टार प्रचारकों का आना जारी है। अरविंद राजभर के पक्ष में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक यहां आकर कार्यकर्ताओं का मनमुटाव दूर कर चुके हैं। कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही और कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान कई चक्र में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रणनीति बना चुके हैं।

भाजपा जिलाध्यक्ष नूपुर अग्रवाल का दावा है कि पूरी पार्टी के पदाधिकारी बूथ स्तर पर मतदाताओं को अपने पक्ष में करने में जुटे हुए हैं। इसके अलावा सपा प्रत्याशी राजीव राय के पक्ष में शिवपाल यादव और किरणमय नंदा मधुबन विधानसभा में जनसभा कर चुके हैं वहीं प्रो. रामगोपाल यादव केंद्रीय कार्यालय पर बैठक कर रणनीति बना चुके हैं। बसपा प्रत्याशी पूर्व सांसद बालकृष्ण चौहान के समर्थन में खुद बसपा की मुखिया मायावती मुहम्मदाबाद गोहना विधानसभा में जनसभा कर कार्यकर्ताओं में जोश भर चुकी हैं। कुल मिलाकर जीत का सेहरा किसके सिर बंधेगा यह तो आने वाल समय ही बताएगा, लेकिन घोसी लोकसभा सीट पर मंत्रियों की लगी प्रतिष्ठा भी मतदाताओं के नजर में रहेगी। एक सीट पर तीन कैबिनेट मंत्रियों की प्रतिष्ठा