गुंडों बदमाशों को योगी सरकार ने सही जगह दी-स्वतंत्र देव सिंह

102

प्रदेश में पहली बार गुंडों बदमाशों को योगी आदित्यनाथ की सरकार में अपनी सही जगह पता चली है।भाजपा का कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण के लिए काम करता है । कर्मठता और निष्ठा ही भाजपा कार्यकर्ता की पहचान।राजनीति हमारे लिए व्यापार नहीं, मिशन है।

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी में कार्यकर्ता शुद्ध रुप से राष्ट्र निर्माण के लिए कार्य करते हैं। पार्टी का एक-एक नेता राष्ट्र निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है। श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र को एक करने के लिए अपनी शहादत तक दे दी। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने वाराणसी कमिश्नरी के सभी जनपदों तथा भाजपा संगठन के गाजीपुर, चंदौली, वाराणसी, वाराणसी महानगर, जौनपुर और मछलीशहर जनपदों के विधानसभा चुनाव प्रबंधन समिति की महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित करते हुए सैदपुर में कही। उन्होंने कहा की प्रदेश में पहली बार गुंडों बदमाशों को योगी आदित्यनाथ की सरकार में अपनी जगह पता चली है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी ने बहुत ही त्याग तपस्या की है, जिसका परिणाम है कि पार्टी यहां तक पहुंची है। कभी हम दो हमारे दो कह कर हमारे कार्यकर्ताओं-नेताओं पर तंज कसे जाते थे। हमे उस अहसास को भूलना नहीं है। हमारी पार्टी परिवारवाद, वंशवाद, जातिवाद, साम्प्रदायवाद पर विश्वास नहीं करती बल्कि हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भारतीयता और भारत माता के सम्मान एवं राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित भाव से काम कर रहे हैं और आगे भी राष्ट्र निर्माण के काम निर्बाध रूप से चलते रहें इसके लिए एक बार फिर से उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनानी है।


उन्होंने कहा कि योगी जी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद राष्ट्र निर्माण के उद्देश्य से गरीब, वंचित एवं समाज के पिछडों, दलितों समेत समाज के हर वर्ग के लिए काम कर रही है। प्रदेश अध्यक्ष ने सपा-बसपा-कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष ने अब तक जनता को केवल ठगने का काम किया है और जनता को धोखा दिया है। राजनीति हमारे दल के लिए व्यापार नहीं है, हमारे लिए मिशन है। ये सारे दल ट्रस्ट चलाते हैं, इनकी कोई विचारधारा नहीं है। जबकि हमारी पार्टी राष्ट्रवाद की विचारधारा के लिए काम करती है। जिससे समाज के अंतिम छोर में खड़े व्यक्ति को सम्मान मिले, उसको रहने को छत मिले, हर जन कल्याणकारी योजनाओं से वह लाभांवित हो सके और आने वाले 2024 तक हमारी सरकार का संकल्प है कि हर घर नल के माध्यम से सबको साफ पीने का पानी मिले और कोई भी गरीब परिवार बिना छत के न रहे।


सैदपुर के द्वारिका पैलैस में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव ने अपने राजनीतिक अनुभवों तथा तमाम वृतांत साझा करते हुए कार्यकर्ताओं में जोश भरा और कहा कि हमारी पार्टी विजय लक्ष्य को कैसे प्राप्त करे इसके लिए कार्यकर्ता को तैयार रहना है। बूथ प्रबंधन हमारी पार्टी के लिए चुनाव प्रणाली में सबसे मजबूत स्तंभ है, और इसी को आधार बनाकर हमारी पार्टी और पार्टी के कार्यकर्ता एक बार फिर विधानसभा की 403 सीटों पर काम करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने बैठक में चुनाव प्रबंधन से संबंधित सभी विषयों की समीक्षा करते हुए एक एक कार्यकर्ता से कार्यक्रम और अभियानों की जानकारी ली और उन्हें जी जान से जुटने का आवाह्न किया और कहा कि कर्मठता और निष्ठा से कार्य करने से ही मनुष्य में नेतृत्व विकसित होता है।बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश मंत्री मीना चौबे, क्षेत्रीय अध्यक्ष महेशचंद्र श्रीवास्तव, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सरोज कुशवाहा, जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह(गाजीपुर),हंसराज विश्वकर्मा (वाराणसी), विद्यासागर राय(महानगर), जिला प्रभारी अशोक मिश्रा, अभिमन्यु सिंह(चंदौली), विधायक सुभाष पासी,केदारनाथ सिंह, कृष्ण बिहारी राय, सुनील सिंह, अखिलेश सिंह, प्रवीण सिंह, दयाशंकर पांडेय समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।