स्वार्थ का गठबंधन है सपा-कांग्रेस-योगी

27
स्वार्थ का गठबंधन है सपा-कांग्रेस-योगी
स्वार्थ का गठबंधन है सपा-कांग्रेस-योगी

देश हित का नहीं, स्वार्थ का गठबंधन है सपा-कांग्रेस। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संभल, बदायूं और आंवला लोकसभा क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में की जनसभा। योगी आदित्यनाथ ने संभल में परमेश्वर लाल सैनी, बदायूं में दुर्विजय सिंह शाक्य और आंवला में धर्मेंद्र कश्यप के लिए मांगे वोट। स्वार्थ का गठबंधन है सपा-कांग्रेस-योगी

संभल/बदायूं/बरेली। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के संभल, बदायूं व आंवला लोकसभा क्षेत्रों में विशाल जनसभाओं को मुख्यमंत्री ने संबोधित किया और भाजपा प्रत्याशियों को अधिक से अधिक वोट देने की अपील की। इस दौरान सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर प्रहार किए। संभल में जहां उन्होंने पाकिस्तान के पूर्व मंत्री द्वारा राहुल गांधी की तारीफ पर निशाना साधा तो वहीं संभल में उन्होंने राम मंदिर पर सपा और कांग्रेस के रवैये पर सवाल उठाते हुए माफिया और गुंडों पर प्रदेश सरकार की प्रभावी कार्रवाई का जिक्र किया। वहीं, आंवला में उन्होंने कहा की यह स्वार्थ का गठबंधन है। चुनाव के समय मतदाता इनके माई बाप होते हैं तो चुनाव खत्म होने के बाद ये पहचानते तक नहीं। तीनों ही लोकसभा क्षेत्रों में सीएम योगी ने पीएम मोदी के नेतृत्व में बदलते भारत की बात की तो सपा और कांग्रेस के गठबंधन को भारत के हितों के लिए ठेस पहुंचाने वाला करार दिया।

राहुल चुनाव खत्म होते ही भाग जाते हैं इटली

संभल लोकसभा क्षेत्र में सीएम योगी ने भाजपा प्रत्याशी परमेश्वर लाल सैनी के पक्ष में वोट की अपील की। उन्होंने इंडी गठबंधन पर हमला बोलते हुए कहा कि यह देश के हित का नहीं बल्कि स्वार्थ का गठबंधन है। देश में राहुल गांधी की कोई तारीफ नहीं करता है, लेकिन पाकिस्तान के पूर्व मंत्री फवाद चौधरी कर रहे हैं। यही इनका असली चेहरा है। यही नहीं देश में जब भी संकट आएगा तो सबसे पहले राहुल इटली भाग जाएंगे। इस दौरान उन्हे भारत और यहां की जनता की याद नहीं आएगी। वहीं जब चुनाव आते हैं तो इन्हे रामलला याद आते हैं और उत्तर प्रदेश आ धमकते हैं। राहुल चुनाव शुरू होते ही चुनावी गठबंधन करते हैं और चुनाव खत्म होते ही भाग जाते हैं। यह इनकी फितरत है। यह 5 वर्ष दिखाई नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी गरीब कल्याण, भारत को आत्मनिर्भर और विकसित भारत का संकल्प लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चुनावी समर में आपके बीच है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले दस वर्षों में देश का विकास हुआ है। यह सभी जानते हैं। ऐसे में निर्णय आपको लेना है।

माफिया और गुंडों का राम नाम सत्य हुआ, जो बचे हैं उनका भी नंबर आएगा

बदायूं लोकसभा क्षेत्र में सीएम योगी ने दुर्विजय सिंह शाक्य के लिए मतदान की अपील की। यहां उन्होंने सपा व कांग्रेस के गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये जो गठबंधन है, इसका सिर्फ एक ही उद्देश्य है कि भारत के हितों को कैसे ठेस पहुंचाई जाए। सपा और कांग्रेस के गठबंधन को दिया जाने वाला वोट ऐसे ही जैसे किसी अनाड़ी के हाथ में ट्रैक्टर पकड़ा दिया जाए। उन्होंने कहा कि ये जो दो लड़कों की जोड़ी बनी है, ये जिंदगी भर लड़के ही बने रहेंगे। इसके साथ ही, सीएम योगी ने राम मंदिर का जिक्र करते हुए कहा कि 500 वर्षों के बाद अयोध्या में भगवान राम विराजमान हो गए हैं तो प्रदेश से माफिया और गुंडों का भी राम नाम सत्य हो गया है, जो बाकी बचे हैं धीरे-धीरे उनका भी राम नाम सत्य हो जाएगा। उन्होंने कहा कि हम वृंदावन बिहारी लाल के भक्त हैं और उन्होंने कहा था परित्राणाय साधु नाम विनाशाय च दु्ष्क्रिताम…अर्थात सज्जन लोगों का हम संरक्षण करेंगे और दुर्जन लोगों को उनके सही ठिकाने पर भेजने का काम करेंगे। आज यही हो रहा है। अब उत्तर प्रदेश में दंगे भी नहीं होते, कर्फ्यू भी नहीं लगता। दंगे करने वाले गले में तख्ती टांग के फिर रहे हैं और कह रहे हैं कि एक बार जान बख्श दो।

प्रदेश में गौकशी की बात सोचने वालों के लिए जहन्नुम के द्वार खोल दिए जाएंगे

आंवला लोकसभा में सीएम योगी ने कहा कि सपा और कांग्रेस का गठबंधन स्वार्थ का गठबंधन है। चुनाव के समय आप इनके माई बाप हैं और चुनाव खत्म होते ही यह आपको पहचानते नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या के महाराज दिलीप ने गौ माता को शेर के मुंह से छुड़ाया था। ऐसे धर्मात्माओं ने भारत माता की धरती पर जन्म लिया है। सपा और कांग्रेस को गलतफहमी है कि वह किसी की रुचि के अनुसार खान-पान की स्वतंत्रता देंगे। प्रदेश में गौकशी की बात तो दूर कोई इसके बारे में सोचेगा भी तो उसके लिए जहन्नुम के द्वार खोल दिये जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश में गरीब कल्याणकारी योजनाओं की बंदरबांट होती थी। कांग्रेस सरकार तो प्रभु श्रीराम और कृष्ण भगवान के अस्तित्व पर सवाल करती थी। वहीं सपा के लोग जय श्री राम का नारा लगाने पर जेल में बंद कर देने की धमकी देते थे।

योगी ने यूपी को पूरे देश में बनाया नजीर- मोहन यादव

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी संभल और बदायूं लोकसभा क्षेत्र में सीएम योगी के साथ जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान मोहन यादव ने सीएम योगी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश को पूरे देश में एक नजीर की तरह पेश किया है। आज कोई भी गुंडा सोचता है कि कहीं भी गुंडागर्दी कर लो, लेकिन उत्तर प्रदेश में गुंडई की तो योगी जी छोड़ने वाले नहीं हैं। योगी जी ने कानून व्यवस्था का जो प्रदेश में अनुपालन सुनिश्चित किया है वो एक उदाहरण है। उन्होंने भगवान राम का भव्य मंदिर और व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सीएम योगी का आभार जताया और साथ ही कहा कि अब तो योगी जी मथुरा की भी बात कर रहे हैं। निश्चित रूप से हर सनातनी उनका आभारी रहेगा। स्वार्थ का गठबंधन है सपा-कांग्रेस-योगी