प्रत्येक तहसील में महिला हेल्प डेस्क स्थापित करने का कार्य यथाशीघ्र पूर्ण करायें-मुख्य सचिव

140

मिशन शक्ति अभियान के द्वितीय चरण के माइक्रो प्लान हेतु सम्बन्धित सभी विभाग द्वारा अपनी-अपनी कार्ययोजना प्रत्येक दशा में 30 अक्टूबर तक गृह विभाग को उपलब्ध करायें। ‘मिशन शक्ति’ अभियान के प्रभावी अनुश्रवण हेतु एक पोर्टल यथाशीघ्र तैयार कराया जाये।जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों में महिला लाभार्थियों की भागीदारी बढ़ायी जाये।महिलाओं को स्वावलम्बी बनाने हेतु कौशल विकास विभाग द्वारा उन्हें प्रशिक्षित किया जाये तथा अधिक से अधिक रोजगार भी उपलब्ध कराया जाये।बेसिक शिक्षा व माध्यमिक शिक्षा विभाग के पाठ्यक्रम में महिला सशक्तीकरण विषय को शामिल किया जाये।


लखनऊ, मुख्य सचिव ने कहा है कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन के लिये संचालित विशेष अभियान ‘मिशन शक्ति’ का प्रथम चरण 25 अक्टूबर, 2020 को सम्पन्न हो चुका है। इस अभियान के द्वितीय चरण का माइक्रोप्लान तैयार करने हेतु सम्बन्धित सभी विभाग द्वारा अपनी-अपनी कार्ययोजना प्रत्येक दशा में 30 अक्टूबर तक गृह विभाग को उपलब्ध करा दी जाये।

मुख्य सचिव ने यह निर्देश महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन के लिये ‘मिशन शक्ति’ की अभियान की समीक्षा के दौरान दिये। उन्होंने कहा कि ‘मिशन शक्ति’ अभियान के प्रभावी अनुश्रवण हेतु एक पोर्टल यथाशीघ्र तैयार करा लिया जाये, जिसमें विभिन्न विभागों में संचालित कार्यक्रमों की जानकारी एवं फोटोग्राफ्स अपलोड किये जायें। पोर्टल पर महिलाओं एवं बालिकाओं से सम्बन्धित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी अपलोड की जाये।

राजेन्द्र कुमार तिवारी ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों में महिला लाभार्थियों की भागीदारी बढ़ायी जाये। महिलाओं को स्वावलम्बी बनाने हेतु कौशल विकास विभाग द्वारा उन्हें प्रशिक्षित किया जाये तथा अधिक से अधिक रोजगार भी उपलब्ध कराया जाये। ग्राम्य विकास विभाग द्वारा ब्लाक स्तर पर महिलाओं को प्रदेश की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी प्रदान किये जाने हेतु एक हेल्प डेस्क स्थापित की जाये। राजस्व विभाग द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा एवं स्वावलम्बन के लिये जनपद के प्रत्येक तहसील में स्थापित महिला हेल्प डेस्क को प्रभावशाली ढंग से संचालित किया जाये। इसके साथ ही हेल्प डेस्क में प्राप्त होने वाली शिकायतों के अनुश्रवण की भी प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाये।

मुख्य सचिव ने कहा कि अभियान के दौरान महिला एवं बाल सुरक्षा से सम्बन्धित वाॅल पेन्टिंग, कठपुतली मंचन एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से महिलाओं को जागरूक किया जाये। सामाजिक कुरीतियों तथा लिंगभेद, दहेज प्रथा, बाल विवाह, कन्या भ्रूण हत्या एवं बालिका अशिक्षा आदि के विरुद्ध समय-समय पर जन जागरूकता अभियान चलाया जाये। महिलाओं एवं बालिकाओं को सोशल मीडिया के उपयोग में बरती जाने वाली सावधानियों एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाये।

बेसिक शिक्षा व माध्यमिक शिक्षा विभाग के पाठ्यक्रम में महिला सशक्तीकरण विषय को शामिल करने पर विचार किया जाये। सभी छात्र-छात्राओं एवं अध्यापिकाओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण तथा शारीरिक/मानसिक यौन शोषण के विषय में विधिक जानकारी हेतु जागरूक किया जाये। औद्योगिक विकास विभाग द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा हेतु मिशन शक्ति के रूप में व्यापारिक प्रतिष्ठानों में जागरूकता गोष्ठी एवं कार्यशालायें आयोजित की जायें। समय-समय पर विभिन्न विभागों द्वारा आयोजित किये जाने वाले कार्यक्रमों का सूचना विभाग द्वारा व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाये।

मुख्य सचिव ने कहा कि सेफ सिटी प्रोजेक्ट के अन्तर्गत कराये जाने वाले कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराया जाये। जिन थानों में महिला हेल्पडेस्क की स्थापना का कार्य अवशेष है, उन्हें शीघ्रताशीघ्र पूरा किया जाये। महिला अपराधों में अपराधियों के खिलाफ दण्डात्मक कार्रवाई की जाये। अभियोजन विभाग द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं से जुड़े अपराधियों को न्यायालय में प्रभारी पैरवी कर सजा दिलायी जाये।

बैठक में सम्बन्धित विभागों द्वारा ‘मिशन शक्ति’ के प्रथम चरण दौरान संचालित कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गयी।इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी, पुलिस महानिदेशक एच0सी0अवस्थी, अपर मुख्य सचिव ग्राम्य विकास एवं पंचायतीराज मनोज कुमार सिंह, अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत कुमार सहगल, प्रमुख सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आलोक कुमार, प्रमुख सचिव समाज कल्याण बी0एल0मीना, प्रमुख सचिव संस्कृति मुकेश मेश्राम सहित सम्बन्धित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण आदि उपस्थित थे।